अनिरुद्ध थापा: मैं इंडियन टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहता हूं

चेन्नइयन एफसी के मिडफील्डर ने लाइव सेशन के दौरान फैन्स से बातचीत की।
अनिरुद्ध थापा ने बेहद कम उम्र में इंडियन फुटबॉल टीम में अपनी जगह बना ली है। वह इगोर स्टीमाक की टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और नेशनल टीम की मिडफील्ड की जान हैं। उनका कहना है कि वह इंडिया को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहता हैं और यही उनका लक्ष्य है।
इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में चेन्नइयन एफसी के लिए खेलने वाले थापा ने हाल ही में इंडियन फुटबॉल टीम के इंस्टाग्राम पेज पर एक लाइव सेशन किया और फैन्स से अपने करियर के बारे में खास बातचीत की।
अनिरुद्ध थापा ने इंडियन टीम में अपने शुरुआत के दिनों को याद करते हुए कहा, "मैं अपने पहले ट्रेनिंग सेशन में सुनील भाई की टीम में था और हम एक मिनी-गेम खेल रहे थे। मैं इतने बड़े प्लेयर के साथ खेलते समय काफी नर्वस था और मैं उस मैच में अच्छा नहीं कर पाया जिसके कारण हम मैच हार गए। सुनील भाई मुझसे खुश नहीं थे क्योंकि मैंने अपनी बॉडी का पूरा इस्तेमाल नहीं किया और अपना 100 प्रतिशत नहीं दिया। हालांकि, बाद सुनील भाई शांत हो गए और चीजें अच्छी हो गई।"
उन्होंने माना कि थाईलैंड के खिलाफ पिछले साल हुए एएफसी एशियन कप के मैच से पहले वह बहुत ही ज्यादा नर्वस थे। अनिरुद्ध थापा ने कहा, "जाहिर तौर पर वो हमारे लिए सबसे बड़ा मैच था क्योंकि हम एशिया के सबसे बड़ी प्रतियोगिता में खेल रहे थे। मैच से एक रात पहले डिनर के टाइम सुनील भाई ने सबको मोटिवेट किया जो हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण साबित हुआ और अगले दिन हमने मैच में दमदार प्रदर्शन किया।"
"मुकाबले के पहले हाफ में थाईलैंड ने अच्छा प्रदर्शन किया। हमने गोल किया, लेकिन मेजबान टीम बराबरी करने में कामयाब रही। हाफटाइम होने के बाद भी सुनील भाई ने हम सभी से बात की और दूसरे हाफ में हमने बेहतरीन फुटबॉल खेली। मैं गोल करने के बाद सीधा अपने साथियों की तरफ भागा और हम सभी खुश थे कि हम इतने बड़े स्टेज पर जीत रहे हैं। उस समय मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा था।"
अनिरुद्ध थापा ने बताया कि क्यों वह स्टीमाक के मार्गदर्शन में टीम का अहम हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा, "पोजेशन बेस्ड फुटबॉल ही मुझे सूट करता है। जाहिर तौर पर मैं फिजिकली ज्यादा मजबूत नहीं हूं और इंटरनेशनल फुटबॉल की पेस भी ज्यादा है। यह स्टाइल हमें काफी सूट कर रहा है, हम बॉल को अच्छा मूव करा रहे हैं और टीम में अपनी पोजिशन के लिए लड़ रहे हैं। हम कोच के काम को थोड़ा और मुश्किल करना चाहते हैं।"
"मैं हर दिन कड़ी मेहनत करके और बेहतर होना चाहता हूं। मैं टीम की मदद करना चाहता हूं और इंडिया को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहता हूं। हमेशा लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखना और मोटिवेटेड रहना बहुत जरूरी है। हम सफलता हासिल करना चाहते हैं और हमें बस अपनी मेहनत जारी रखनी है।
बीते सीजन चेन्नइयन के लिए थापा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम को फाइनल तक लेकर गए। हालांकि, फाइनल में उन्हें एटीके के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.