भारत में अगले साल आयोजित किया जाएगा अंडर-17 वुमेन्स वर्ल्ड कप

कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया था।
भारत में होने वाले फीफा अंडर-17 वुमेन्स वर्ल्ड कप की नई तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट अब वर्ष 2021 में 17 फरवरी से सात मार्च के बीच खेला जाएगा। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) और स्थानीय आयोजन समिति (एलओसी) ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
टूर्नामेंट का आयोजन इसी साल भारत के पांच शहरों में होना था, लेकिन कोरोनावायरस महामारी के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया था। महामारी का असर दुनियाभर के स्पोर्टिंग इवेंट्स पर पड़ा और वुमेन्स वर्ल्ड कप भी इससे अछूता नहीं रह पाया और अब अगले साल ही भारत के दर्शकों को एक ग्लोबल टूर्नामेंट का लुत्फ उठाने का मौका मिल पाएगा।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया पहले जैसा ही रहेगा। 1 जनवरी 2003 से 31 दिसंबर 2005 तक पैदा हुए खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका दिया जाएगा।
एलओसी ने कहा," फीफा की घोषणा के बाद, एआईएफएफ और एलओसी को भारत में होने वाले फीफा अंडर-17 वुमेन्स वर्ल्ड कप की नई तारीखों की पुष्टि करते हुए बहुत खुशी हो रही है। अब इसका आयोजन अगले साल 17 फरवरी से सात मार्च से तक होगा।"
एलओसी ने आगे कहा," हम अब एक बेहतरीन टूर्नामेंट की मेजबानी करने की उम्मीद कर रहे हैं जोकि भारत में महिलाओं के फुटबॉल को बढ़ावा देने का एक सही मंच बनेगा। सभी मेजबान शहरों ने अभी तक बहुत प्रयास और प्रतिबद्धता दिखाया है। हम खुश हैं कि नई तारीखें उन्हें आगे बढ़ने में मदद करेगा।"
फीफा अंडर-17 वुमेन्स वर्ल्ड कप पांच शहरों कोलकाता, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, अहमदाबाद और नवी मुंबई में खेले जाने हैं। महामारी के कारण पूरे भारत में फिलहाल, लॉकडाउन लागू किया गया है।
महामारी के कारण टूर्नामेंट के लिए होने वाले कई क्वॉलीफाइंग मैच भी अभी होने बाकी हैं ऐसे में वर्ल्ड कप को स्थगित करना ही सही निर्णय माना गया।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.