लेनी रॉड्रिगेज : यंग प्लेयर्स को विदेशी खिलाड़ियों से सीखना होगा

गौर्स के उप कप्तान और टीम के नए स्ट्राइकर ने आगामी सीजन को लेकर अपनी तैयारियों के बारे में बात की।
एफसी गोवा ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के 2019-20 सीजन में प्वॉइंट्स टेबल में टॉप किया था और यही वजह रही कि उसे एएफसी चैंपियंस लीग के ग्रुप स्टेज में डायरेक्ट क्वालिफिकेशन मिला। ऐसा करने वाली वो लीग की पहली टीम है और उसने आगामी सीजन के लिए युआन फेरांडो के रूप में नए कोच की नियुक्ति भी की है। हाल ही में टीम के दिग्गज खिलाड़ी लेनी रॉड्रिगेज और नए स्ट्राइकर इगोर एंगुलो ने मीडिया से बात की।
दोनों ही प्लेयर्स ने कई मुद्दों पर बात की। लेनी रॉड्रिगेज टीम के उपकप्तान हैं और भारत के बेस्ट मिडफील्डर्स में से एक हैं। दूसरी तरफ एंगुलो अभी आईएसएल में नए हैं।इंडियन खिलाड़ी ने कोरोना वायरस की वजह से नई गाइडलाइन को लेकर हो रही मुश्किलों के बारे में बात की। उनके मुताबिक गोवा में रहने के बावजूद वो अपनी फैमिली से नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "लीग की तरफ से जो भी गाइडलाइन दी गई हैं, हमें उसका पालन करना होगा और उसके हिसाब से अपने आपको एडजस्ट करना होगा। ये लाइफ है और आपको चलते रहना होगा। हमें मानसिक रूप से मजबूत होकर अपने आपको परिस्थितियों के हिसाब से ढालना होगा।"
लेनी रॉड्रिगेज ने आगे इंगोर एंगुलो और डोमेस्टिक प्लेयर्स पर उनके प्रभाव के बारे में बात की। उनके मुताबिक एंगुलो मैदान में एक बड़े भाई की तरह हैं। उन्होंने कहा, "सभी युवा खिलाड़ियों को विदेशी प्लेयर्स से सीखना होगा, क्योंकि उनके पास काफी ज्यादा अनुभव है।"
"बिना फैंस के खेलना हमारे लिए काफी मुश्किल काम है, क्योंकि वो 12वें प्लेयर होते हैं जो हमें मोटिवेट करते हैं और एक जबरदस्त माहौल बनाते हैं। ये सभी के लिए एक नई तरह की चुनौती है। हम भले ही अपने घर में खेल रहे हैं, इसके बावजूद टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। सभी टीमों को दिक्कतें आएंगी क्योंकि इतने समय से वो मैदान से दूर रहे हैं। हम लोग पूरी तरह फिट रहना चाहते हैं ताकि मैदान में अपना 100 प्रतिशत दे सकें।"
वहीं इगोर एंगुलो ने भारत में अपने पहले इंप्रेशन के बारे में बात की। उन्होंने एफसी गोवा के साथ एक साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। उन्होंने कहा, "पहला इंप्रेशन काफी अच्छा रहा। हमारी टीम काफी शानदार है और फिजिकल ट्रेनर के साथ काफी अच्छी ट्रेनिंग चल रही है। इम्प्रूव करने के लिए अभी हमारे पास दो हफ्ते का और समय है।"
उनसे ये भी पूछा गया कि क्या वह भारतीय खिलाड़ियों से प्रभावित हुए हैं, या फिर किसी डोमेस्टिक प्लेयर ने उनका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अभी मेरे लिए कुछ कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि हमें ट्रेनिंग करते हुए दो हफ्ते ही हुए हैं और सिर्फ दो ही मुकाबले अभी तक मैंने खेले हैं। भारत में ये मेरा पहला क्लब है और यहां के स्टैंडर्ड के बारे में मुझे अभी नहीं पता है। हालांकि, मैं इस सीजन एफसी गोवा के लिए ज्यादा से ज्यादा गोल करने की कोशिश करुंगा।"
आपको बता दें कि एफसी गोवा की टीम अपने कैंपेन की शुरुआत 22 नवंबर को बेंगलुरु एफसी के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.