आईएसएल 2020-21 : दिसंबर में इन खिलाड़ियों ने किया दमदार प्रदर्शन

साल 2020 के आखिरी महीने में कई प्लेयर्स ने अपने परफॉर्मेंस से प्रभावित किया।
इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में लगातार जबरदस्त मुकाबले खेलें जा रहे हैं। नवंबर की ही तरह दिसंबर में भी कई दमदार मैच हुए। अभी तक लगभग सभी टीमों ने पर्याप्त मैच खेल लिए हैं और इस सीजन के दौरान हमें कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं।
पिछले महीने कई ऐसे प्लेयर रहे जिन्होंने अपने बेहतरीन परफॉर्मेंस से सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा। हम आपको इस आर्टिकल में दिसंबर महीने में आईएसएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्लेयर्स के बारे में बताएंगे और उन्हीं को मिलाकर हमने टीम ऑफ द मंथ बनाई है:
गोलकीपर : टीपी रेहनेश
जमेशदपुर एफसी का डिफेंस इस सीजन अच्छा रहा है और टीपी रेहनेशन ने उसमें अपनी अहम भूमिका अदा की है। सस्पेंशन की वजह से वो दिसंबर में टीम के लिए पहला मुकाबला नहीं खेल पाए थे। हालांकि, उन्होंने अगले छह मुकाबले खेले जिसमें से तीन बार क्लीनशीट मेनटेन रखा। अभी तक उन्होंने कुल 27 सेव किए हैं और अरिंदम भट्टाचार्य से आगे निकल गए हैं।
राइट बैक - प्रीतम कोटाल
प्रीतम कोटाल इस सीजन लगातार एटीके मोहन बगान की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने दिसंबर में कुल छह मुकाबले खेले और ज्यादातर मैचों में राइट बैक से शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने औसतन 2.6 क्लीयरेंस, 2.8 इंटरसेप्शन और 1.9 टैकल किए। डिफेंस में उनका बेहतरीन योगदान ही था कि दिसंबर में एटीके मोहन बगान ने चार क्लीन-शीट दर्ज किए।
सेंटर बैक : स्टीफन एजे
स्टीफन एजे का आईएसएल में इस सीजन जमशेदपुर एफसी की सफलता में काफी अहम योगदान रहा है। 26 वर्षीय खिलाड़ी ने दिसंबर के महीने में शानदार प्रदर्शन करते हुए औसतन पांच क्लीयरेंस और 3.4 का इंटरसेप्शन किए। इसके अलावा उन्होंने सात मैचों में तीन गोल भी किए। उन्होंने हैदराबाद एफसी के खिलाफ बराबरी का गोल दागा था और बेंगलुरु एफसी के खिलाफ मैच विनिंग गोल किया था। इसके बाद टीम में उनका महत्व काफी बढ़ गया और खराब शुरुआत के बाद जमशेदपुर एफसी की टीम जीत की पटरी पर लौटती दिखी।
सेंटर बैक : बेंजामिन लम्बोट
बेंजामिन लम्बोट नॉर्थईस्ट यूनाईटेड के लिए जबरदस्त प्लेयर साबित हुए हैं। डिफेंस में उनकी अवेयरनेस और पासिंग क्वालिटी उन्हें एक अलग लेवल का खिलाड़ी बनाती है। हर मैच में उन्होंने औसतन 5.6 क्लीयरेंस, 1.5 इंटरसेप्शन और एक टैकल किया। बेंजामिन ने अपने पिछले मुकाबले में ओडिशा एफसी के खिलाफ एक गोल भी किया था और इसके अलावा उन्होंने 1.6 शॉट प्रति गेम लिए हैं।
लेफ्ट बैक : सेवियर गामा
सेवियर गामा ने आकाश मिश्रा को पीछे छोड़कर इस आईएसएल लाइनअप में जगह बनाई है। दिसंबर में उन्होंने हर मैच में औसतन 2.1 इंटरसेप्शन, 2.3 टैकल और दो क्लीयरेंस किए। इगोर अंगुलो ने जब महीने के पहले मैच में गोल किया था तब सेवियर गामा ने उन्हें असिस्ट दिया था। हालांकि उनका ज्यादातर फोकस बैक में ही रहा है।
सेंट्रल डिफेंसिव मिडफील्डर : कार्ल मैक्यू
एटीके मोहन बगान के लिए कार्ल मैक्यू ने मिडफील्ड में काफी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सबसे ज्यादा 54 टैकल किए और हर मैच में औसतन 1.5 इंटरसेप्शन और 1.8 क्लीयरेंस किए। उन्होंने दिसंबर में कुल छह मुकाबले खेले और बेंगलुरु एफसी के खिलाफ विनिंग गोल में डेविड विलियम्स को असिस्ट भी दिया।
अपोजिशन के हाफ में उनके 59 प्रतिशत पास एक्युरेट रहे और हर मैच में उन्होंने लगभग 2.5 की औसत से चिप्ड पास भी किए। हम कह सकते हैं कि उन्होंने अभी तक अपना काम बखूबी किया है।

सेंट्रल मिडफील्ड : रॉलिन बोर्जेस
रॉलिन बोर्जेस ने दिसंबर में हुए पांच आईएसएल मैचों में एक गोल किया और एक असिस्ट भी दिया। उन्होंने सेंट्रल मिडफील्ड में होने के बावजूद ये कारनामा किया। उन्होंने हर मैच में औसतन 2.6 इंटरसेप्शन, 1.1 टैकल और एक क्लीयरेंस किया। सबसे अहम बात ये कि अपोजिशन के हाफ में उनके 80 प्रतिशत पास एक्युरेट साबित रहे। इसके अलावा रॉलिन ने हर मैच में लगभग 4.6 की औसत से लॉन्ग बॉल भी खेले।
लेफ्ट विंगर : बिपिन सिंह
सर्जियो लोबेरा की कोचिंग में बिपिन सिंह एक अलग ही तरह के खिलाड़ी बनकर सामने आए हैं। अपने पिछले चार मुकाबलों में उन्होंने तीन गोल में असिस्ट दिए है। उन्होंने 1.8 पासेस और क्रॉसेस हर मैच में दर्ज किए हैं। बिपिन सिंह के बेहतरीन टच की बदौलत हैदराबाद एफसी के खिलाफ विग्नेश दक्षिणामूर्ति ने जो गोल किया था उससे उनके टैलेंट का पता चलता है। उन्होंने ज्यादातर लेफ्ट फ्लैंक पर खेला लेकिन दूसरे साइड में भी काफी प्रभावशाली रहे।
सेंट्रल अटैकिंग मिडफील्डर : हूगो बोउमोस
दिसंबर के महीने में हूगो बोउमोस की शुरुआत भले ही थोड़ी धीमी हुई थी लेकिन उसके बाद उन्होंने रफ्तार पकड़ी और तीन मैचों में चार असिस्ट दिए। चेन्नईयन एफसी के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने दोनों ही गोल में अपना अहम योगदान दिया था। ऐसा लगता है कि एडम ली फ्रोंड्रे के साथ उन्होंने काफी अच्छा तालमेल बिठा लिया है। मुंबई के शानदार परफॉर्मेंस में उनकी पासिंग का काफी बड़ा रोल रहा है।
राइट विंगर : लिस्टन कोलाको
लिस्टन कोलाको ने इस आईएसएल सीजन में हैदराबाद एफसी के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। बॉल पर उनका कंट्रोल, पेस और डिफेंडर्स को छकाने की उनकी क्षमता लाजवाब रही है। इसके अलावा उन्होंने सात मैचों में दो असिस्ट दिए हैं। कोलाको ने प्रति मैच 1.7 टैकल किए और तीन बार गोल करने के मौके पैदा कए।
स्ट्राइकर : इगोर एंगुलो
दिसंबर में इगोर एंगुलो ने छह मैचों में छह गोल किए। 36 साल की उम्र में भी गोलपोस्ट के सामने उनकी तेजी देखते ही बनती है। डिफेंसिव लाइन के पीछे उनके पास दौड़ने की अद्भुत क्षमता है और उनके अंदर फेरान कोरोमिनास की झलक देखने को मिलती है।
उन्होंने अभी तक सिर्फ एक ही बार गोल करने का मौका गंवाया है और हर मैच में लगभग तीन बार शॉट लिए हैं। अगर उनका शानदार प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो वो गोल्डन बूट का अवॉर्ड भी जीत सकते हैं।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.