विराट कोहली: देश के लिए खेलते वक्त आपको हमेशा कड़ी मेहनत करनी होगी

इंडियन क्रिकेट टीम और इंडियन फुटबॉल टीम के कैप्टेंस ने काफी बातचीत की और कई खुलासे किए।
इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली अपनी फिटनेस के लिए वर्ल्ड क्रिकेट में काफी मशूहर हैं। क्रिकेट की फील्ड पर लगातार शानदार प्रदर्शन करके भारत को जीत दिलाने वाले कोहली फुटबॉल को भी काफी पसंद करते हैं। आपको बता दें कि कोहली इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब एफसी गोवा के सह-मालिक हैं और उन्हें अक्सर गोवा में टीम को सपोर्ट करते देखा जाता है।
यह बात भी किसी ने छिपी है कि यूरोपियन फुटबॉल में कोहली के पसंदीदा प्लेयर पुर्तगाली सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। बीते रविवार को विराट कोहली ने इंडियन फुटबॉल टीम के कैप्टन सुनील छेत्री के साथ इंस्टाग्राम लाइव चैट पर बात की और दोनों ने कई बेहतरीन बातें कहीं।
विराट कोहली ने फिटनेस के बारे में कहा, "जब तक मैं खेलूंगा तब तक मैं ऐसे ही कड़ी मेहनत करता रहूंगा। यदि आप देश के लिए खेल रहे हैं तो आपको कड़ी मेहनत करनी होगी और यदि आप ऐसा नहीं कर सकते हैं तो फिर आपको पीछे हट जाना चाहिए।"
2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाले कोहली ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी सारी सफलता का क्रेडिट अपने पिता को दिया।
उन्होंने कहा, "वह शुरुआत से ही एकदम क्लियर थे और चाहते थे कि मैं अपनी पढ़ाई पर फोकस करूं। खेल के साथ पढ़ाई करते रहना उनका मंत्र था और उनका कहना था कि जब मैं 200 प्रतिशत श्योर हो जाऊं कि मैं खेल में सफलता हासिल कर सकता हूं तभी मैं एक चीज पर फोकस कर सकता हूं। अंडर-19 लेवल पर जब रिजल्ट आने लगे तब उन्होंने पढ़ाई के बारे में बोलना कम कर दिया और उन्हें लगा कि मैं एक मौके का हकदार हूं।"
इस दौरान इंडियन फुुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने भी क्रिकेट से जुड़े अपने प्यार का खुलासा किया और बताया कि सचिन तेंदुलकर के रिटायर हो जाने के बाद उन्होंने क्रिकेट देखना छोड़ दिया था, लेकिन फिर विराट कोहली के आने के बाद वह दोबारा इस खेल को पसंद करने लगे हैं।
बेंगलुरु एफसी के कैप्टन ने कहा, "बड़े होते समय हम सभी सचिन के फैन थे, लेकिन फिर वह रिटायर हो गए और मुझे अपने प्रोफेशन पर भी ध्यान देना था तो मैंने क्रिकेट देखना छोड़ दिया था।"
छेत्री ने आगे कहा, "इसके बाद विराट कोहली आए। शुरुआत में वह ऐसे प्लेयर थे जो निरंतरता के साथ प्रदर्शन करते थे। हालांकि, बाद में वह लगभग हर मैच में ही शतक लगाने और भारत को मैच जिताने लगे। यही कारण है कि दोबारा क्रिकेट देखने लगा। कोहली का फैन होने का एक और कारण है कि वह परफॉर्म करने के मामले में गजब की निरंतरता दिखाते हैं और खेल को अपना बेस्ट देते हैं।"
लॉकडाउन के दौरान छेत्री इंस्टाग्राम पर कई खिलाड़ियों से बात कर चुके हैं। इसमें सानिया मिर्जा और आई.एम विजियन भी शामिल हैं।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.