भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में खेली गई टॉप 10 सबसे बड़ी पारियां

शुभमन गिल ने एजबेस्टन में 269 रनों की पारी खेलकर इस सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे मौके आए हैं जब बल्लेबाजों ने अपनी धैर्य, तकनीक और प्रतिभा से बड़ी-बड़ी पारियां खेली हैं। इन ऐतिहासिक पारियों ने न केवल मैच का रुख पलटा, बल्कि भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इनमें से कुछ पारियां न सिर्फ व्यक्तिगत रिकॉर्ड थीं, बल्कि टीम के लिए ऐतिहासिक जीत या संघर्ष की मिसाल भी बनीं।
भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में कई बेहतरीन बल्लेबाजों ने घरेलू सरजमीं से लेकर विदेशी सरजमीं पर कई बड़ी पारियां खेलीं हैं, खासकर SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में, जहां रन बनाना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता। इन पारियों ने वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को दिग्गजों की सूची में शामिल किया है।
तो चलिए यहां हम आपको भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में खेली गई अब तक की टॉप 10 सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों के बारे में बताते हैं।
भारतीय बल्लेबाज जिन्होंने टेस्ट में खेली है सबसे बड़ी पारियां-
10. 248 – सचिन तेंदुलकर बनाम बांग्लादेश (ढाका, 2004)*

सचिन तेंदुलकर की यह यादगार पारी 2004 में ढाका के मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ आई थी। उन्होंने 379 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 248 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 35 चौके लगाए थे और संयम के साथ-साथ अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया था। तेंदुलकर की यह पारी भारत की पहली पारी को मज़बूती देने वाली साबित हुई थी और मैच पर पूरी पकड़ दिलाई थी।
9. 254 – वीरेंद्र सहवाग बनाम पाकिस्तान (लाहौर, 2006)
लाहौर में 2006 में खेले गए इस टेस्ट में सहवाग ने पाकिस्तान के खिलाफ 254 रन की तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने 247 गेंदों में 47 चौका और 1 छक्का लगाया था। सहवाग की यह पारी टेस्ट क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाज़ी का बड़ा उदाहरण थी।
8. 254 – विराट कोहली बनाम साउथ अफ्रीका (पुणे, 2019)*

भारतीय दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 2019 में पुणे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 336 गेंदों में नाबाद 254 रन बनाए थे, जिसमें 33 चौके और 2 छक्के शामिल थे। कोहली की इस पारी ने भारत को एकतरफा जीत दिलाई थी।
7. 269 – शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड (बर्मिंघम, 2025)

2025 में बर्मिंघम टेस्ट में शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ 387 गेंदों में 269 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 30 चौके और 3 छक्के लगाए थे। यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एशिया के बाहर यानी SENA देशों में खेली गई सबसे बड़ी पारी भी है। इसके अलावा, यह किसी भी भारतीय कप्तान द्वारा टेस्ट क्रिकेट इतिहास में खेली गई सबसे बड़ी पारी भी है।
6. 270 – राहुल द्रविड़ बनाम पाकिस्तान (रावलपिंडी, 2004)

राहुल द्रविड़ ने 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में 270 रन बनाए थे। 495 गेंदों की इस मैराथन पारी में उन्होंने 34 चौके और 1 छक्का लगाया था। ‘द वॉल’ कहे जाने वाले द्रविड़ की यह पारी भारतीय टेस्ट इतिहास की सबसे शांत, लंबी और निर्णायक पारियों में गिनी जाती है, जिसने भारत को सीरीज़ जीतने में मदद की थी।
5. 281 – वीवीएस लक्ष्मण बनाम ऑस्ट्रेलिया (कोलकाता, 2001)
2001 में ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेला गया यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अमर हो गया था, जब वीवीएस लक्ष्मण ने 452 गेंदों में 281 रन बनाए थे। लक्ष्मण ने यह पारी फॉलोऑन के बाद खेली थी और द्रविड़ के साथ मिलकर मैच का रुख पलट कर रख दिया था। भारत ने इस मैच में जो जीत दर्ज की थी, उसे टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी वापसी में गिना जाता है।
4. 293 – वीरेंद्र सहवाग बनाम श्रीलंका (मुंबई, 2009)
2009 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 254 गेंदों में 293 रन बना दिए थे। उन्होंने 40 चौके और 7 छक्के लगाए थे। वह महज़ 7 रन से तीसरे तिहरे शतक से चूक गए थे, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया था।
3. 303 – करुण नायर बनाम इंग्लैंड (चेन्नई, 2016)*

करुण नायर ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में नाबाद 303 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 381 गेंदों का सामना किया था और 32 चौके तथा 4 छक्के लगाए थे। यह पारी खास इसलिए थी, क्योंकि यह उनके करियर की पहली सेंचुरी भी थी, जिसे उन्होंने सीधे तिहरे शतक में बदल दिया था। इसी के साथ, वह भारत के लिए तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने थे।
2. 309 – वीरेंद्र सहवाग बनाम पाकिस्तान (मुल्तान, 2004)
2004 में मुल्तान टेस्ट में वीरेंद्र सहवाग ने 375 गेंदों में 309 रन बनाए थे। उन्होंने 39 चौके और 6 छक्के लगाए थे। यह पारी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में बेहद खास थी, क्योंकि सहवाग भारत के पहले बल्लेबाज़ बने थे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाया था। इस ऐतिहासिक पारी के बाद उन्हें “मुल्तान का सुल्तान” कहा जाने लगा था।
1. 319 – वीरेंद्र सहवाग बनाम साउथ अफ्रीका (चेन्नई, 2008)

2008 में चेन्नई टेस्ट में वीरेंद्र सहवाग ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 319 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उन्होंने 304 गेंदों में 42 चौके और 5 छक्के लगाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 104.93 था। यह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है।
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में किसने सबसे बड़ी पारी खेली है।
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पूर्व धुआंधार बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सबसे बड़ी पारी खेली है। 2008 में चेन्नई टेस्ट में सहवाग ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 319 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी।
टेस्ट में विराट कोहली की सबसे बड़ी पारी कितने रनों की है?
विराट कोहली ने 2019 में पुणे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 336 गेंदों में नाबाद 254 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में ये उनकी सबसे बड़ी पारी है।
टेस्ट क्रिकेट में किसने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन?
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर के दौरान कुल 15,921 रन बनाए।
सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में कितने रन बनाए हैं?
भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में 200 मुकाबलों में कुल 15,921 रन बनाए हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, ईशान किशन और रिंकू सिंह को मिला इनाम
- क्या WWE से होने वाली है Triple H की छुट्टी? John Cena के रिटायरमेंट मैच के बाद कंपनी में चल रही है गर्मा गर्मी
- टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी