आईपीएल 2026 के सबसे महंगे खिलाड़ियों से बनी बेस्ट प्लेइंग XI, जानिए किन स्टार्स ने इस लिस्ट में बनाई जगह

आईपीएल 2026 के सबसे महंगे खिलाड़ियों की यह प्लेइंग XI अनुभव और मैच विनिंग क्षमता का बेहतरीन मिश्रण है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जहां पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल ही जारी हुआ है, जबकि बाकी मैचों की जानकारी जल्द सामने आएगी।
इस सीजन से पहले हुए ट्रेड, रिटेंशन और ऑक्शन के बाद कई खिलाड़ियों पर बड़ी रकम खर्च की गई है। इन्हीं खिलाड़ियों को मिलाकर यहां एक बेस्ट प्लेइंग XI तैयार की गई है, जिसमें महंगे खिलाड़ियों को उनके परफॉर्मेंस और पोजिशन के आधार पर रखा गया है।
ये है आईपीएल 2026 के सबसे महंगे खिलाड़ियों से बनी प्लेइंग 11-
1. विराट कोहली

विराट कोहली अब तक आईपीएल इतिहास के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 2008 से लेकर अब तक एक ही टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा हैं। आईपीएल 2026 में भी RCB ने उन्हें 21 करोड़ रुपये में रिटेन रखा है। उसी सीजन उनकी टीम ने पहली बार खिताब अपने नाम किया।
आईपीएल में कोहली का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है, जहां उन्होंने 267 मैचों में 8667 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं। वह अक्सर ओपनर के तौर पर टीम को अच्छी शुरुआत देते हैं, इसीलिए इस प्लेइंग XI में उन्हें उसी भूमिका में रखा गया है।
2. संजू सैमसन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन को आईपीएल 2026 से पहले ट्रेड विंडो में राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। यह दोनों फ्रेंचाइजी के लिए एक बहुत ही बड़ा कदम था, क्योंकि सैमसन लंबे समय से राजस्थान के प्रमुख खिलाड़ी और कप्तान थे।
सैमसन ने आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और अब 176 मैचों में 4704 रन बना चुके हैं। उनके नाम आईपीएल में 3 शतक और 26 अर्धशतक भी हैं। वह टॉप ऑर्डर में तेजी से रन बनाते हैं, इसीलिए इस सीजन CSK में उनकी भूमिका काफी अहम होगी।
3. श्रेयस अय्यर (कप्तान)

श्रेयस अय्यर को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा और उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी। वह इस समय भी आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ हैं। पिछले सीजन उनकी कप्तानी में टीम ने 11 सालों बाद फाइनल में जगह बनाई, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई।
आईपीएल में अय्यर का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। उन्होंने अब तक 132 मैचों में 3731 रन बनाए हैं, जिसमें 27 अर्धशतक शामिल हैं। उनके पास कप्तानी का भी अच्छा अनुभव है, इसीलिए वह इस प्लेइंग XI में कप्तान के रूप में भी रखे जा सकते हैं।
4. कैमरून ग्रीन
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को आईपीएल 2026 मेगा ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। वह इससे पहले मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी टीमों के लिए भी खेल चुके हैं, लेकिन पिछले सीजन अनुपस्थित रहने के बाद वह इस बार KKR के लिए खेलते नजर आएंगे।
ग्रीन ने अब तक 29 आईपीएल मैचों में 41.59 की औसत और 153.70 की स्ट्राइक रेट से 707 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा, गेंदबाजी में उन्होंने 16 विकेट भी अपने नाम किए हैं। वह टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी के साथ जरूरत पड़ने पर बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी भी करते हैं।
5. ऋषभ पंत (विकेटकीपर)

ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था। पिछले सीजन बतौर बल्लेबाज एवं कप्तान खराब प्रदर्शन के बावजूद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया है, जिससे पता चलता है कि वह उन्हें एक मैच विनर और लीडर के तौर पर देखती है।
आईपीएल में पंत का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है और वह मिडिल ऑर्डर में अपनी तेज बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 125 आईपीएल मैचों में 34.16 की औसत और 147.62 की स्ट्राइक रेट से 3553 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं।
6. हेनरिक क्लासेन

हेनरिक क्लासेन को सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वह इस सीजन भी इसी कीमत पर टीम का हिस्सा हैं। क्लासेन के पास स्पिन और तेज दोनों तरह के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी का अनुभव है, इसीलिए वह अपनी टीम के लिए सबसे बड़े गेमचेंजर हैं।
क्लासेन ने अब तक 49 आईपीएल मैचों में 40 की औसत और 169.73 की स्ट्राइक रेट से 1480 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। यह दिखाता है कि वह फिनिशर के तौर पर किसी भी टीम में कितनी अच्छी भूमिका निभा सकते हैं।
7. हार्दिक पांड्या

भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन रखा है। फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें 2024 के सीजन से पहले गुजरात टाइटन्स से ट्रेड किया और टीम का कप्तान बनाया था। वह गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग के साथ-साथ अपनी कप्तानी के चलते टीम के अहम सदस्य हैं।
आईपीएल में हार्दिक का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है, जहां उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से मैच जिताए हैं। उन्होंने अब तक 152 मैचों की 145 पारियों में 10 अर्धशतक के साथ 2749 रन बनाए हैं, जबकि 107 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 78 विकेट भी लिए हैं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि वह अपनी टीम के लिए कितने बड़े गेमचेंजर हैं।
8. अक्षर पटेल

अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 से पहले 16.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और अपनी टीम का कप्तान बनाया। वह अब भी इसी कीमत पर टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने टीम के लिए गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दिया है।
अक्षर पटेल ने आईपीएल में अब तक 162 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 159 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 128 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा 126 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 1916 रन भी बनाए हैं। इसीलिए, वह किसी टीम में स्पिन ऑलराउंडर के रूप में फिट बैठते हैं।
9. राशिद खान

अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान को गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 कमें 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वह टीम के सबसे बड़े मैच विनर गेंदबाजों में से एक हैं और टी20 क्रिकेट में उनकी अलग पहचान है। इतना ही नहीं, वह निचले क्रम में आकर अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी से भी मैच का रूख बदल सकते हैं।
आईपीएल में राशिद खान ने अब तक 136 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 158 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा, 68 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 160.28 की स्ट्राइक रेट से 585 रन भी बनाए हैं।
10. जसप्रीत बुमराह

भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह शुरू से अब तक मुंबई इंडियंस का ही हिस्सा हैं। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और वह इस सीजन भी रिटेन किए गए हैं। वह टीम के सबसे अहम गेंदबाज हैं और डेथ ओवर्स के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं।
आईपीएल में बुमराह का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 145 मैचों में 183 विकेट चटकाए हैं, जहाँ उनकी इकॉनमी 7.25 की रही है। उन्होंने कई बार आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी करके टीम को जीत दिलाई है, इसीलिए वह इस प्लेइंग XI में पूरी तरह से फिट बैठते हैं।
11. अर्शदीप सिंह

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह एक लेफ्ट आर्म पेसर हैं और टीम के लिए नई गेंद से और डेथ ओवर्स दोनों में उपयोगी साबित होते हैं।
अर्शदीप ने आईपीएल में कई मौकों पर शानदार गेंदबाजी की है और इसीलिए वह अपनी टीम के मुख्य तेज गेंदबाज भी हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए अब तक 82 आईपीएल मैचों में 97 विकेट चटकाए हैं, जिसमें 5/32 का बेस्ट स्पेल भी शामिल है।
इम्पैक्ट प्लेयर: मथीशा पथिराना
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करके अपनी पहचान बनाने वाले तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को आईपीएल 2026 के ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपये में खरीदा। वह टीम के लिए डेथ ओवर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा सकते हैं और उनकी यॉर्कर गेंदबाजी भी काफी प्रभावी है।
आईपीएल में पथिराना ने कम समय में ही अपनी पहचान बना ली है और कई बड़े बल्लेबाजों को आउट किया है। उन्होंने अब तक 32 आईपीएल मैचों में 47 विकेट चटकाए हैं। हालांकि, वह पिछले कुछ समय से लगातार चोटिल हो रहे हैं, लेकिन यदि वह पूरी तरह से फिट रहते हैं तो आखिरी ओवरों में उनकी भूमिका अहम हो सकती है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.