प्रो कबड्डी लीग: पांचवें दिन गुजरात जायंट्स और दबंग दिल्ली के डिफेंस की होगी टक्कर

(Courtesy : ProKabaddiLeague)
टूर्नामेंट की दो बेहतरीन डिफेंस वाली टीमों का आमना-सामना होगा।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के पहले चार दिन कुल मिलाकर 12 मुकाबले खेले गए। हर रोज तीन-तीन मुकाबले हमें देखने को मिले। हालांकि पांचवें दिन केवल दो ही मैच खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 7:30 बजे से गुजरात जायंट्स और दबंग दिल्ली के बीच होगा और दूसरा मुकाबला 8: 30 बजे से बेंगलुरू बुल्स और बंगाल वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा।
दबंग दिल्ली और गुजरात जायंट्स दोनों का ही डिफेंस इस टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन है। गुजरात के पास सुनील कुमार, प्रवेश भैंसवाल, रविंदर पहल और गिरीश एर्नाक जैसे दिग्गज हैं तो दिल्ली के पास भी जोगिंदर नरवाल, मंजीत छिल्लर, जीवा कुमार और संदीप नरवाल जैसे खिलाड़ी हैं। दूसरे मुकाबले में पवन सेहरावत और मनिंदर सिंह के बीच सीधी टक्कर होगी।
गुजरात जायंट्स Vs दबंग दिल्ली केसी
गुजरात जायंट्स और दबंग दिल्ली के बीच खेला जाने वाला प्रो कबड्डी लीग का यह मुकाबला काफी धमाकेदार हो सकता है। दोनों टीमों के पास तगड़ा डिफेंस है और जो भी कम गलती करेगा जीत उसको ही मिलेगी। गुजरात की अगर बात करें तो पहले मैच में उनके डिफेंडर्स ने शानदार परफॉर्मेंस दिया था लेकिन दूसरे मुकाबले में फ्लॉप रहे। टीम ने पिछले मुकाबले में काफी एडवांस टैकल किए थे और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा था। नवीन कुमार के सामने इस गलती से उन्हें बचना होगा। टीम में बदलाव की गुंजाइश कम ही है।
दबंग दिल्ली ने अभी तक दोनों ही मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम के लिए सबसे अच्छी बात ये है कि नवीन "एक्सप्रेस" अपनी पूरी रफ्तार से दौड़ रही है और उसे रोक पाना गुजरात जायंट्स के डिफेंस के लिए आसान नहीं होगा। नवीन और विजय ने इतना अच्छा प्रदर्शन किया है कि अजय ठाकुर की उतनी जरूरत ही नहीं पड़ी है। एक बार फिर टीम उसी तरह का परफॉर्मेंस दोहराना चाहेगी।
दोनों टीमों की संभावित स्टार्टिंग 7
गुजरात जायंट्स - राकेश नरवाल, सुनील कुमार (कप्तान), प्रवेश भैंसवाल, रतन के, राकेश, रविंदर पहल और गिरीश एर्नाक।
दबंग दिल्ली - नवीन कुमार, जीवा कुमार, मंजीत छिल्लर, विजय, अजय ठाकुर, संदीप नरवाल और जोगिंदर नरवाल (कप्तान)।
टॉप फैंटेसी प्लेयर्स
नवीन कुमार (रेडर), विजय (रेडर), राकेश नरवाल (रेडर), गिरीश मारूति (डिफेंडर), रविंदर पहल (डिफेंडर), मंजीत छिल्लर (ऑलराउंडर) और संदीप नरवाल (ऑलराउंडर)।
बेंगलुरू बुल्स Vs बंगाल वॉरियर्स
दूसरा मुकाबला बेंगलुरू बुल्स और बंगाल वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा और इस मैच में मुकाबला मनिंदर बनाम पवन सेहरावत होगा। हालांकि, बेंगलुरू बुल्स के डिफेंस ने भी पिछले मुकाबले में जबरदस्त खेल दिखाया था। जिस डिफेंस की वजह से टीम को पहले मुकाबले में हार मिली थी उसी डिफेंस ने दूसरे मैच में टीम को शानदार जीत दिलाई। बेंगलुरू बुल्स ने कुल 14 टैकल प्वॉइंट अपने नाम किए थे। बंगाल के पास मनिंदर और मोहम्मद नबीबख्श के रूप में दो बेहतरीन प्लेयर्स हैं। मनिंदर को रोकने के लिए उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। वहीं पवन सेहरावत को "हाई फ्लायर" बनना पड़ेगा।
बंगाल वॉरियर्स ने प्रो कबड्डी लीग के पिछले मैच में जीत जरूर हासिल की थी लेकिन उनकी कमजोरी भी उभरकर सामने आ गई है। मनिंदर सिंह को कई बार टैकल किया गया और अगर बेंगलुरू बुल्स का डिफेंस चला तो उन्हें एक बार फिर दिक्कतें आ सकती हैं। सुकेश हेगड़े को अच्छा प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि सिर्फ मनिंदर के ऊपर डिपेंड नहीं रहा जा सकता है। प्रवीण सतपाल को बाहर करके ऑलराउंडर रोहित को लाया जा सकता है, जिन्होंने पिछले मुकाबले में सब्सीट्यूट के तौर पर बेहतरीन खेल दिखाया था।
दोनों टीमों की संभावित स्टार्टिंग 7
बेंगलुरू बुल्स - पवन सेहरावत (कप्तान), मयूर जगन्नाथ, महेंद्र सिंह, भरत, चंद्रन रंजीत, सौरभ नांदल और अमन।
बंगाल वॉरियर्स - मनिंदर सिंह (कप्तान), दर्शन जे, रोहित, मोहम्मद नबीबख्श, सुकेश हेगड़े, अबोजार मिघानी और रिंकू नरवाल।
टॉप फैंटेसी प्लेयर्स
पवन सेहरावत (रेडर), मनिंदर सिंह (रेडर), चंद्रन रंजीत (रेडर), मोहम्मद नबीबख्श (ऑलराउंडर), रिंकू नरवाल (डिफेंडर), सौरभ नांदल (डिफेंडर) और रोहित (ऑलराउंडर)।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.