पीकेएल सेमीफाइनल : पांच खिलाड़ी जो अपने दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं

(Courtesy : PKL)
ये खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए काफी जबरदस्त साबित हो सकते हैं।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन-8 के सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। इस पीकेएल सीजन के सेमीफाइनल में पटना पाइरेट्स, दबंग दिल्ली, यूपी योद्धा और बेंगलुरू बुल्स ने जगह बनाई है। बुधवार को दोनों ही सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं शुक्रवार को पीकेएल सीजन-8 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल में जाने के लिए इन चारों टीमों के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है।
सेमीफाइनल मुकाबला होने की वजह से कई दिग्गज प्लेयर्स के ऊपर भी सबकी निगाहें होंगी। ना केवल टीमें बल्कि फैंस भी अपने-अपने प्रमुख खिलाड़ियों से जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। उससे पहले हम आपको बताते हैं कि वो कौन से ऐसे पांच प्लेयर हैं जो सेमीफाइनल में अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं।
1. नवीन कुमार (दबंग दिल्ली)
दबंग दिल्ली से निकली नवीन 'एक्सप्रेस' इस पीकेएल सीजन भी अपनी पूरी रफ्तार के साथ दौड़ी है। बीच में इंजरी की वजह से थोड़ा ब्रेक जरूर लगा था लेकिन सेमीफाइनल मुकाबलों से पहले एक बार फिर नवीन ने अपना टॉप गियर लगा दिया है। नवीन कुमार इस सीजन चौथे सबसे ज्यादा प्वॉइंट हासिल करने वाले रेडर हैं। उन्होंने 15 मैचों में अभी तक 157 प्वॉइंट हासिल किए हैं।
सेमीफाइनल मुकाबले में भी दबंग दिल्ली का काफी सारा दारोमदार नवीन कुमार पर होगा। अगर नवीन ने लय पकड़ ली तो फिर उन्हें रोकना विरोधी टीम के लिए काफी मुश्किल हो जाएगा और वो अकेले दम पर टीम को मैच जिता देंगे।
2. मोहम्मदरेजा चियानेह (पटना पाइरेट्स)
ईरान के ऑलराउंडर मोहम्मदरेजा चियानेह इस सीजन के सबसे सफल विदेशी प्लेयर बनकर निकले हैं। पटना पाइरेट्स की सफलता में उनका काफी बड़ा योगदान है। अपने दमदार प्रदर्शन की वजह से मोहम्मदरेजा की तुलना अब उनके हमवतन सुल्तान फजल अत्राचली से होने लगी है। पटना पाइरेट्स के कोच राम मेहर सिंह ने मोहम्मदरेजा को पटना पाइरेट्स का टाइगर कह दिया है।
मोहम्मदरेजा पीकेएल के 8वें सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर हैं। 22 मैचों में उन्होंने 81 टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं। इसके अलावा वो सबसे ज्यादा हाई फाईव लगाने वाले डिफेंडर भी हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में अगर वो दो टैकल प्वॉइंट और हासिल करते हैं तो इस सीजन वो सबसे ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर बन जाएंगे। सेमीफाइनल में वो और भी काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।
3. सचिन तंवर (पटना पाइरेट्स)
पीकेएल के 8वें सीजन में पटना पाइरेट्स के लिए सचिन तंवर का परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा है। उन्होंने इस प्रो कबड्डी लीग सीजन पटना पाइरेट्स के लिए 100 से ज्यादा प्वॉइंट हासिल कर लिए हैं। इस खिलाड़ी ने कई मैचों में टीम को शानदार जीत दिलाई है। सचिन तंवर ने अपने परफॉर्मेंस से दिखाया है कि उनके अंदर कितना दमखम है। कोई भी टीम उन्हें हल्के में लेने की कोशिश ना करे।
सचिन तंवर ने इस सीजन कई मुकाबलों में सुपर रेड कर मैच का पासा पलटा है। उनके अंदर इतनी काबिलियत है कि वो एक बार में कई सारे प्वॉइंट ला सकते हैं। उनकी यही खूबी उन्हें एक अलग तरह का रेडर बनाती है। सेमीफाइनल में भी उनके ऊपर सबकी निगाहें होंगी।
4. परदीप नरवाल (पटना पाइरेट्स)
"डुबकी किंग" परदीप नरवाल के लिए पीकेएल सीजन-8 की शुरूआत अच्छी नहीं रही थी। हालांकि जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ता गया वो अपनी लय में आते गए। परदीप नरवाल ने प्लेऑफ में पुनेरी पलटन के खिलाफ लिमिनेटर मुकाबले में जैसे धमाका कर दिया हो। उन्होंने इस मुकाबले में तीन बार सुपर रेड लगाया। उन्होंने एक ही रेड में पुनेरी पलटन के पांच डिफेंडर्स को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
परदीप नरवाल ने पुनेरी पलटन के खिलाफ 18 प्वॉइंट लेकर अकेले दम पर यूपी को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया है। इससे पता चलता है कि अब सेमीफाइनल में पटना पाइरेट्स को उनसे बचकर रहना होगा। पटना का डिफेंस भले ही काफी अच्छा है लेकिन परदीप जब फॉर्म में हों तो उन्हें रोकना काफी मुश्किल हो जाता है।
5. पवन सेहरावत (बेंगलुरु बुल्स)
बेंगलुरू बुल्स के कप्तान पवन सेहरावत पीकेएल के इस सीजन के सबसे सफल रेडर हैं। उन्होंने अभी तक सबसे ज्यादा 233 प्वॉइंट हासिल किए हैं। इसीलिए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें नजरंदाज करना काफी बड़ी गलती होगी। बात जब नॉकआउट मुकाबलों की होती है तो पवन सेहरावत और भी खतरनाक हो जाते हैं। पवन सेहरावत भी वो प्लेयर हैं जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं। बेंगलुरू बुल्स का सामना सेमीफाइनल में दबंग दिल्ली से होगा। ऐसे में दिल्ली के सामने "हाई फ्लायर" की कड़ी चुनौती रहेगी।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.