परदीप नरवाल: मैंने कोच से कहा था कि मैं स्कोर करके दूंगा

(Courtesy : PKL)
दबंग दिल्ली को हराकर यूपी योद्धा अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 8 के 117वें मैच में यूपी योद्धा ने अपने स्टार रेडर परदीप नरवाल के जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत दबंग दिल्ली को 44-28 से हरा दिया। इसके बाद यूपी योद्धा की टीम अब अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। परदीप नरवाल ने इस मैच में शानदार खेल दिखाते हुए सुपर-10 लगाया और 14 रेड प्वांइट्स हासिल किए।
मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए परदीप नरवाल ने कहा, "मुझे खुशी होती अगर मैं यही प्रदर्शन लीग के शुरू से ही करता। मैंने शुरूआती मैचों में कुछ गलतियां की और अच्छा नहीं खेल पाया। पिछले 3 से 4 मैच अच्छे गए हैं लेकिन ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है। मैं अगर बचे हुए मैचों में अच्छा खेला तो पहले की गलतियां दब जाएंगी।"
दबंग दिल्ली के खिलाफ अपनी स्ट्रैटेजी के बारे में नरवाल ने कहा, "मैंने कोच से कहा कि अगर मेरी कैच लग जाए तो घबराने वाली बात नहीं है। रेडर की कैच लगती रहती है। कोच से मैंने वादा किया कि स्कोर करके दूंगा। कोच ने भी कहा कि ठीक है आप जितनी भी कैच खाओ हम आपको अंदर ही रखेंगे। इससे बतौर रेडर मुझे हौंसला मिला कि अब मैं डू और डाई खेल सकता हूं। इसपर मैंने काम किया और इसका फायदा मिला।"
यूपी योद्धा के लिए करो या मरो वाला मैच
वहीं टीम की जीत के बाद कोच अर्जुन सिंह ने कहा, "यह मैच हमारे लिए काफी अहम और मुश्किल था। इसमें हमारा जीतना काफी जरूरी था। हार के बाद हमारे लिए आगे बढ़ना काफी मुश्किल हो जाता। दिल्ली दबंग एक मजबूत टीम है और उनमें कई स्टार रेडर्स हैं। हमारे लिए करो या मरो वाली स्थति थी और इसलिए हमने हर तरीका अपनाया। टीम ने तय किया था कि हम डिफेंसिव खेलेंगे और इसी से जीत मिली।"
अर्जुन सिंह ने बताया, "हमें अपने रेडर्स पर भरोसा था। हमनें डिफेंस पर ज्यादा काम किया। आज हमारे डिफेंस और अटैक ने बराबर रूप से प्रदर्शन किया।" वहीं परदीप के मैच आक्रामक खेल पर उन्होंने कहा, "उसने कभी भी अपने लिए नहीं खेला बल्कि हमेशा टीम के लिए खेलता है। शुरू में परदीप नरवाल की डुबकी की टेक्निक सबसे अलग थी लेकिन सबने वीडियो एनालिसिस के जरिए उसका तोड़ निकाल लिया। हालांकि हमने परदीप नरवाल की स्पीड पर काफी काम किया और अपना नैचुरल गेम खेलने की छूट दी।"
वीडियो एनिलिसिस का फायदा मिला
यूपी योद्धा के डिफेंस के शानदार प्रदर्शन पर कोच ने कहा, "टीम के दोनों कोच ने वीडियो सेशन किया था। हमने कहा था कि एक-दूसरे को सपोर्ट करें। परदीप नरवाल, सुरेंदर गिल, श्रीकांत जाधव सब डिफेंस को सपोर्ट कर रहे थे और जब सपोर्ट हो टीम में तो डिफेंस अच्छा खेल जाता है।"
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.