Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

पीकेएल 8: हरियाणा ने मुंबई को हराया, पवन ने बेंगलुरु को जीत दिलाई

From stunning victories to unforgettable moments, get the inside scoop on every major story in the sports world.
Published at :February 14, 2022 at 4:58 AM
Modified at :December 13, 2023 at 1:01 PM
पीकेएल 8: हरियाणा ने मुंबई को हराया, पवन ने बेंगलुरु को जीत दिलाई

(Courtesy : PKL )

दोनों टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया।

हरियाणा स्टीलर्स ने शेराटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड होटल एवं कन्वेंशन सेंटर में रविवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन के 113वें मैच में यू मुम्बा को 37-26 से हराकर अंक तालिका में तीसरे नम्बर पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। हरियाणा को सीजन की 10वीं जीत मिली है जबकि मुम्बा को सातवीं हार मिली है।

हरियाणा के लिए यह जीत काफी अहम समय पर आई है। लगातार तीन मैच जीतने के बाद यह टीम पिछले मैच में पुनेरी पल्टन से बुरी तरह हारकर तीसरे स्थान पर खिसक गए थी लेकिन अब कप्तान विकाश कंडोला (14) और आशीष (13) के सुपर-10 ने उसे यादगार जीत दिलाई। मुम्बा के लिए अभिषेक ने 10 और वी. अजीत कुमार ने सात अंक लिए लेकिन डिफेंस (4 अंक) की नाकामी के कारण उसे हार मिली।

दोनों टीमें सावधानी से खेल रही थीं। स्कोर 3-3 था। मुम्बा की पहली डू ओर डाई रेड थी और अभिषेक ने मोहित और जयदीप को साफ कर मुम्बा को 5-4 से आगे कर दिया। मीतू ने हालांकि फजल अतराचली को आउट कर स्कोर बराबर कर दिया। सुरेंदर नाडा रिवाइव होकर आए और अभिषेक को बाहर कर हरियाणा की लीड दिला दी।

आलइन के बाद मुम्बा ने वापसी की राह पकड़ी और लगातार चार अंक लेकर स्कोर 10-14 कर दिया। हरियाणा के लिए सुपर टैकल आन था। अभिषेक ने नाडा को आउट कर हरियाणा को आलआउट की ओर धकेल दिया। फिर डू ओर डाई रेड पर आशीष बोनस लेकर आए। आशीष ने अगली रेड पर भी बोनस लिया और फिर आलआउट बचाया।

https://www.youtube.com/watch?v=NO-DOzcGL7A

पहला हाफ 18-13 से हरियाणा के पक्ष में रहा। ब्रेक के बाद पहली ही रेड पर हालांकि मुम्बा ने स्टीलर्स को आलआउट कर स्कोर 16-18 कर दिया। आलइन के बाद हरियाणा ने लगातार तीन अंक लिए और लीड फिर से 5 की कर ली। पांच के डिफेंस में विकाश रेड पर गए औऱ लपक लिए गए। फजल रिवाइव हुए और स्कोर था 23-19।

मुम्बा के लिए डू ओर डाई रेड पर शिवम लेकिन शिकार कर लिए गए। अगली रेड पर अभिषेक ने नाडा को बाहर किया और फिर डू ओर डाई रेड पर आशीष को भी लपक लिया। फिर जयदीप ने अजीत के खिलाफ गलती की। स्कोर 22-24 हो गया था। अब 10 मिनट बचे थे।

विकाश ने इसके बाद लगातार दो अंक लेकर लीड 4 की कर दी। फिर डू ओर डाई रेड पर डिफेंस ने अजीत का शिकार कर लीड 5 की कर दी। अबकी डू ओर डाई रेड की बारी विकाश की थी और वह दो अंक लेकर आए। लीड अब 6 की हो गई थी। विकाश ने इसी के साथ अपना सुपर-10 भी पूरा किया।

ढाई मिनट बचे थे और मुम्बा सुपर टैकल की स्थिति में थे। विकाश आए और पंकज को बाहर किया। फिर हरियाणा ने मुम्बा को दूसरी बार आलआउट कर 34-25 की लीड लेकर अपनी जीत सुनिश्चित कर ली।

बेंगलुरू ने जयपुर को मात दी

https://www.youtube.com/watch?v=7Cg3Qdpagh0

अपना पहला सीजन खेल रहे भरत (15) के चार मल्टी प्वाइंट रेड्स और करियर का 100वां मैच खेल रहे कप्तान पवन सहरावत (10) के एक और सुपर-10 की बदौलत बेंगलुरू बुल्स टीम पीकेएल के आठवें सीजन के 114वें मैच में जयपुर पिंक पैंथर्स को 45-37 से हराकर एक स्थान की छलांग के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

बुल्स की यह 20 मैचों में 10वीं जीत है जबकि पहले सीजन के चैम्पियन जयपुर को 19 मैचों में नौवीं हार मिली है। वे आठवें स्थान पर कायम हैं। बुल्स के लिए डिफेंस में जयदीप ने चार अंक लिए जबकि जयपुर के लिए अर्जुन देसवाल ने हमेशा की तरह चमकदार खेल दिखाते हुए 16 अंक लिए लेकिन उनकी चमक का जयपुर को कोई फायदा नहीं हुआ। बावजूद इसके जयपुर प्लेआफ की दौड़ में बनी हुई है।

पांचवें मिनट में बुल्स के तीन खिलाड़ी मैट पर बचे थे लेकिन भरत ने एक अंक के साथ न सिर्फ आलआउट बचाया बल्कि पवन को भी रिवाइव कराया। अर्जुन ने हालांकि अगली रेड पर महेंदर को आउट कर फिर वही स्थिति ला दी। अगली रेड पर भरत भी लपके गए।

सुपर टैकल की स्थिति में हालांकि जयदीप ने देसवाल को बाहर कर न सिर्फ अपनी टीम को दो अंक दिलाए बल्कि आलआउट भी बचाया औऱ फिर पवन ने दो अंक लेकर स्कोर 7-7 कर दिया। दीपक हुड्डा ने सुपर टैकल की स्थिति में जयदीप को आउट कर अपना खाता खोला।

फिर 14वें मिनट में जयपुर ने बुल्स को आलआउट कर लीड 5 की कर ली। भरत ने आलइन के बाद मल्टी प्वाइंट रेड के साथ लीड 3 की कर दी। भरत यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक और मल्टी प्वाइंट रेड के साथ स्कोर 14-16 कर दिया।

बुल्स ने शानदार वापसी करते हुए 19वें मिनट में जयपुर को आलआउट कर स्कोर 18-18 कर दिया। पिछले पांच मिनट में बुल्स ने वापसी करते हुए 9 अंक लिए। फिर भारत ने सुपर रेड के साथ हाफ टाइम तक बुल्स को 22-19 से आगे कर दिया। बुल्स (16) ने रेड में बाजी मारी तो जयपुर (5) डिफेंस में बेहतर रहे।

https://www.youtube.com/watch?v=zan3GipaeF8

ब्रेक के बाद चार के डिफेंस में पवन ने साहुल और देसवाल को बाहर कर लीड 5 की कर दी। बुल्स ने फिर चार मिनट के भीतर जयपुर को दूसरी बार आलआउट कर 28-21 की लीड ले ली। देसवाल ने हालांकि अगली रेड पर भरत को आउट कर अपना सुपर-10 पूरा किया। हालांकि जयदीप ने देसवाल को अगली रेड पर लपक स्कोर 31-22 कर दिया।

भरत ने हालांकि अगली रेड पर हैंड टच के साथ सुपर-10 पूरा किया और पवन को भी रिवाइव कराया लेकिन दीपक ने भरत को बाहर कर हिसाब बराबर किया। अगली रेड पर पवन औऱ दीपक लाबी आउट हुए। भरत ने हालांकि उन्हें रिवाइव करा लिया। 10 मिनट बचे थे और बुल्स 35-28 से आगे थे।

देसवाल ने लगातार तीन रेड में मोहित, पवन औऱ जयदीप को आउट किया। फिर दीपक सिंह ने भरत को डैश कर स्कोर 32-36 कर दिया। बुल्स के लिए सुपर टैकल आन था। देसवाल को डैश कर डिफेंस ने लीड 6 की कर दी। दीपक की अगली रेड पर बुल्स को सुपर टैकल के दो और जयपुर को एक अंक मिला।

डोंग जोन ली सब्सीट्यूट के तौर पर आए और रेड पर अंक लिया। तीन मिनट बचे थे और स्कोर 41-34 था। भरत ने इसके बाद एक और मल्टी प्वाइंट रेड और फिर पवन ने टच प्वाइंट के साथ अपना सुपर-10 पूरा किया औऱ अपनी टीम को प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनाए रखा।

Shaunak Ghosh
Shaunak Ghosh

Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.