नवीन कुमार एक्सक्लूसिव: दबंग दिल्ली में सीनियर प्लेयर्स के साथ खेलने का मिला फायदा

(Courtesy : PKL)
इस युवा रेडर ने इस सीजन भी कमाल का प्रदर्शन किया।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 8वें सीजन में दबंग दिल्ली के युवा रेडर नवीन कुमार ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की। नवीन कुमार ने पीकेएल के 8वें सीजन में 17 मैचों में कुल मिलाकर 210 प्वॉइंट हासिल किए। उनका औसत 12.18 का रहा, जो टूर्नामेंट में दूसरा सबसे बेस्ट है। दबंग दिल्ली ने अगर पीकेएल का टाइटल अपने नाम किया तो उसमें काफी बड़ा योगदान नवीन का रहा। वो टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर रहे।
नवीन कुमार सीजन के दौरान चोटिल भी हुए लेकिन उसके बावजूद उन्होंने बेहतरीन वापसी की। फाइनल मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने टीम को पहली बार चैंपियन बनाया। खेल नाओ से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने अपनी इंजरी समेत कई मुद्दों को लेकर प्रतिक्रिया दी।
अनुभवी प्लेयर्स के साथ खेलने से हुआ फायदा
दबंग दिल्ली शायद पीकेएल सीजन-8 की सबसे अनुभवी टीम थी। टीम में मंजीत छिल्लर, जीवा कुमार, जोगिंदर नरवाल और संदीप नरवाल जैसे दिग्गज डिफेंडर थे। इसके अलावा कुछ मैचों तक अजय ठाकुर भी साथ रहे थे। नवीन कुमार के मुताबिक उन्हें इन अनुभवी प्लेयर्स के साथ खेलने से काफी फायदा हुआ।
उन्होंने कहा, "दबंग दिल्ली की टीम में काफी एक्सपीरियंस खिलाड़ी हैं। मुझे उनके साथ खेलने का मौका मिला जो काफी बड़ी बात है। इनके साथ खेलने से काफी फायदा हुआ।"
इंजरी के बाद वापसी
नवीन कुमार के लिए पीकेएल का 8वां सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा। बीच सीजन के दौरान वो इंजरी का शिकार हो गए। इसके बाद उन्हें कई मैचों से बाहर बैठना पड़ा। जब वो वापस आए तो कुछ मैचों तक अपनी लय हासिल नहीं कर पाए। उन्हें फॉर्म में आने के लिए थोड़ा टाइम लगा।
नवीन कुमार ने इसको लेकर कहा, "मेरी इंजरी नॉर्मल नहीं थी, बल्कि ये गहरी थी। नॉर्मल इंजरी जल्दी ठीक हो जाती है लेकिन ज्यादा इंजरी होने पर टाइम लगता है। प्लेयर के ऊपर डिपेंड करता है कि वो कब खेलना चाहता है। हालांकि एक डर ये भी रहता है कि जबरदस्ती खेलने की वजह से कहीं पूरे करियर पर इसका असर ना पड़े। इसलिए हम इंजरी को लेकर काफी सावधानी बरतते हैं। इंजरी से बचने का यही तरीका है कि आप पूरी तरह फिट रहें ताकि कोई भी टैकल करे तो उससे आप बच सकें।"
अजय ठाकुर से प्रभावित हैं नवीन कुमार
नवीन कुमार के पसंदीदा प्लेयर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अजय ठाकुर हैं। इसके अलावा वो अनूप कुमार, मंजीत छिल्लर और परदीप नरवाल को भी काफी फॉलो करते थे। उन्होंने बताया कि वो हर एक दिग्गज प्लेयर के स्किल को ट्राई करते थे।
नवीन ने कहा, "पहले मैंने अजय ठाकुर, अनूप कुमार, मंजीत छिल्लर इन सबका नाम काफी सुन रखा था। ये सब इंडिया के स्टार थे। हम लोग यू-ट्यूब पर इनके मैच देखते थे। मुझे अजय ठाकुर काफी अच्छे लगते थे। मैं उनके फुटवर्क और स्किल से काफी प्रभावित था। हालांकि मैं अनूप कुमार के बोनस की स्किल और परदीप नरवाल के डुबकी की स्किल को भी ट्राई करता था।"
बोनस और रनिंग हैंड टच है प्रमुख हथियार
आमतौर पर हर एक प्लेयर की कोई ना कोई खास स्किल होती है। जिस पर वो काफी ज्यादा भरोसा जताता है। उदाहरण के लिए परदीप नरवाल अपनी डुबकी के लिए मशहूर हैं। वहीं नवीन कुमार भी दो तरह की स्किल पर ज्यादा डिपेंड रहते हैं। हालांकि उनके मुताबिक वो प्वॉइंट लेने के लिए कोई भी पैंतरा आजमा सकते हैं।
नवीन कुमार ने आगे कहा, "जब मैं पूरी तरह फिट रहता हूं तो बोनस और रनिंग हैंड टच पर ज्यादा भरोसा जताता हूं। वैसे मैं प्वॉइंट लाने के लिए कोई भी स्किल इस्तेमाल कर सकता हूं। डिपेंड करता है कि परिस्थितियां किस तरह की हैं और डिफेंडर किस पोजिशन में है।"
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.