पीकेएल: सेमीफाइनल में पटना vs परदीप, नवीन और पवन सेहरावत की भी होगी टक्कर

(Courtesy : PKL)
सेमीफाइनल में चारों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला हो सकता है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) का 8वां सीजन अब सेमीफाइनल के पड़ाव पर पहुंच चुका है। एलिमिनेटर मुकाबलों के बाद यूपी योद्धा और बेंगलुरू बुल्स ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। पीकेएल सीजन-8 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बुधवार को खेले जाएंगे जो यह तय करेंगे कि खिताबी जंग किन दो टीमों के बीच होगी। पहला सेमीफाइनल मैच पटना पाइरेट्स और यूपी योद्धा के बीच खेला जाएगा। जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में दबंग दिल्ली और बेंगलुरु बुल्स के बीच कड़ी टक्कर होगी।
पटना पाइरेट्स vs यूपी योद्धा
ये सेमीफाइनल मुकाबला पटना बनाम परदीप नरवाल होने वाला है। एक तरफ पटना पाइरेट्स की टीम होगी तो दूसरी तरफ परदीप नरवाल होंगे जो कई पीकेएल सीजन तक पटना की टीम का हिस्सा रहे। पटना पाइरेट्स की टीम पीकेएल सीजन-8 के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम थी। टीम ने 22 मुकाबलों में से 16 में जीत हासिल की थी, वहीं पांच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर रही और सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पटना पाइरेट्स फिलहाल शानदार लय में है और पिछले पांच मुकाबलों में से केवल एक ही मैच हारी है। कप्तान प्रशांत कुमार राय ने बतौर कप्तान शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम में खिलाड़ियों को सही और सटीक जगह प्रयोग किया। रेडिंग की बात करें तो मोनू गोयत, सचिन तंवर और गुमान सिंह विरोधी डिफेंडर्स पर भारी पड़े हैं। वहीं मोहम्मदरेजा चियानेह के साथ सुनील कुमार और नीरज कुमार ने डिफेंस में अच्छा काम किया है। तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स एक बार फिर फाइनल में जगह पक्की करने उतरेगी।
यूपी योद्धा की लीग में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। हालांकि टीम ने धीरे-धीरे अपनी लय पकड़ ली और अब सेमीफाइनल में पहुंच गई है। टीम ने लीग राउंड में 22 में से 10 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। एलिमिनेटर मुकाबले में उनका सामना पुनेरी पलटन से था जिसे उन्होंने 42-31 से हराया। टीम के स्टार रेडर परदीप नरवाल ने इस मैच में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 18 प्वॉइंट्स हासिल किए जिसमें तीन सुपर रेड थे। सुरेंदर गिल और परदीप की जोड़ी पटना के डिफेंडर्स के लिए सिरदर्द बन सकती है। डिफेंस में कप्तान नितेश कुमार के साथ आशु सिंह और सुमित सांगवान ने भी अच्छा योगदान दिया है।
दोनों टीमों की संभावित स्टार्टिंग-7
पटना पाइरेट्स - प्रशांत कुमार राय, सचिन तंवर, मोनू गोयत, मोहम्मदरेजा चियानेह, शुभम शिंदे, नीरज कुमार और सी साजिन।
यूपी योद्धा - नितेश कुमार, परदीप नरवाल, सुरेंदर गिल, श्रीकांत जाधव, आशु सिंह, सुमित सांगवान और शुभम कुमार।
दबंग दिल्ली Vs बेंगलुरु बुल्स
पीकेएल के 8वें सीजन का ये सेमीफाइनल मुकाबला नवीन vs पवन सेहरावत होने वाला है। एक तरफ दबंग दिल्ली के नवीन कुमार हैं तो दूसरी तरफ हाई फ्लायर पवन सेहरावत हैं। दबंग दिल्ली की टीम ने पीकेएल के 8वें सीजन में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। टीम कभी टॉप-5 से बाहर नहीं रही। लीग स्टेज पर टीम ने कुल 22 मुकाबले खेले थे जिसमें से उन्होंने 12 मैचों में जीत हासिल की थी। टीम को छह मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और उनके चार मैच टाई रहे।
दबंग दिल्ली प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रही जिसकी वजह से उन्हें सेमीफाइनल में सीधे एंट्री मिली। नवीन कुमार लगातार अंक लाते हुए टीम के नंबर वन रेड बने हुए हैं। उनकी गैर मौजूदगी में विजय मलिक ने रेडिंग डिपार्टमेंट में काफी अच्छा खेल दिखाया था। संदीप नरवाल और आशु मलिक के ऑलराउंड खेल ने टीम को संतुलित बनाया है। वहीं डिफेंस में मंजीत छिल्लर और जोगिंदर नरवाल ने विरोधी रेडर्स को धूल चटाई है।
बेंगलुरु बुल्स ने लीग के पहले हाफ में शानदार खेल दिखाया था हालांकि दूसरे हाफ में मानों उन्हें किसी की नजर लग गई। टीम के लिए जीत हासिल करना संघर्ष साबित हो रहा था। लीग राउंड के आखिरी पड़ाव में किसी तरह उन्होंने प्लेऑफ में जगह बनाई। एलिमिनेटर मुकाबले में उनका सामना गुजरात जायंट्स से हुआ था। बेंगलुरु ने इस मैच में 49-29 से बड़ी जीत हासिल की थी। इस मैच में पवन सेहरावत ने सबसे अधिक 13 रेड प्वाइंट्स हासिल किए थे। सेमीफाइनल मुकाबले में भी उनके ऊपर काफी बड़ी जिम्मेदारी होगी। मयूर कदम और महेंदर सिंह की फॉर्म में वापसी ने टीम की उम्मीदों को जगा दिया है। सौरभ नांदल और अमन भी अच्छे लय में हैं।
दोनों टीमों की संभावित स्टार्टिंग-7
बेंगलुरु बुल्स - पवन कुमार सेहरावत, अमन, सौरभ नांदल, महेंदर सिंह, चंद्रन रंजीत, भरत और मयूर कदम।
दबंग दिल्ली - नवीन कुमार, विजय मलिक, आशु मलिक, संदीप नरवाल, मंजीत छिल्लर, जोगिंदर नरवाल और जीवा कुमार।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.