पीकेएल 8: टेबल टॉपर बनी पटना, गुजरात ने बेंगलुरु को मात दी

(Courtesy : PKL )
दोनों टीमों ने दमदार खेल दिखाया।
तीन बार के विजेता पटना पाइरेट्स ने अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर शेराटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड होटल एवं कन्वेंशन सेंटर में जारी प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आठवें सीजन के 98वें मैच में मौजूदा बंगाल वॉरियर्स को 9 अंकों से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। आज तक चलने वाले राइवलरी वीक के तहत खेले गए इस मुकाबले में पटना ने बंगाल को 38-29 से हराया।
पटना की 16 मैचों में यह 11वीं जीत है जबकि बंगाल को 17 मैचों में नौवीं हार मिली है। पटना के लिए सचिन तंवर (11) और गुमान सिंह (7) ने रेड में कमाल किया तो मोहम्मदरेजा शादलू ने डिफेंस में कमाल करते हुए लगातार तीसरा हाई-5 पूरा किया।
दो बार आलआउट होने वाले बंगाल के लिए मनोज गौड़ा को 9 अंक मिले जबिक ऑलराउंडर मोहम्मद नबीबक्श ने 8 अंक लिए बंगाल का डिफेंस इसमें पूरी तरह नाकाम रहा। उसके खाते में सिर्फ 3 अंक आए जबकि पटना के डिफेंस ने 11 अंक लिए। बंगाल के स्टार मनिंदर नहीं चले। वह सिर्फ चार अंक ले सके।
पीकेएल 8 के इस मैच की शुरुआत में ही सचिन ने लगातार दो रनिंग हैंड टच पर अंक लिए और इस सीजन में अपने 100 रेड अंक पूरे कर लिए। बंगाल का लगातार दो रेड खाली जाने के बाद मनिंदर डू ओर डाई रेड पर आए और मल्टी प्वाइंट के साथ स्कोर 2-2 कर दिया।
सचिन ने लगातार चौथी रेड पर अंक लिया। बंगाल के लिए नबी और मनिंदर ने दो अंक लेकर स्कोर 4-5 कर दिया। पटना ने हालांकि चार अंकों के साथ चार की लीड ले ली। 10वें मिनट में अबोजार मेघानी ने गुमान सिंह का शिकार कर बंगाल के डिफेंस का खाता खोला।
इसके बाद मनोज गौड़ा ने डाइव पर सचिन को टैकल कर स्कोर 6-8 कर दिया। फिर बंगाल की डू ओर डाई रेड पर रवींद्र ने अंक लिए। प्रशांत ने हालांकि इसके बाद लगातार दो अंक लिए। फिर पटना के डिफेंस ने रवींद्र को डू ओर डाई रेड पर लपक लीड चार की कर ली।
ब्रेक के बाद पीकेएल 8 के इस मैच में बंगाल ने लगातार तीन अंक लेकर वापसी की मुहिम शुरू की। पटना ने भी दो अंक बटोरे। 10 अंक के फासले पर मनिंदर रेड पर आए लेकिन मोहम्मदरेजा शादलू ने उन्हें दूसरी बार लपक लिया। अब बंगाल के लिए सुपर टैकल आन था।
नबी ने अपनी अगली रेड पर दोनों कवर्स को आउट कर स्कोर 16-25 कर दिया। रवींद्र को अगली रेड पर डैश कर शादलू ने अपना हाई-5 पूरा किया फिर सचिन ने डू ओर डाई रेड पर रण सिंह को आउट किया। 10 मिनट बचे थे और पटना को 10 की लीड मिली हुई थी।
हालांकि सचिन की अगली रेड पर वह आउट हुए। सचिन ने सुपर-10 पूरा किया और फिर पटना ने बंगाल को दूसरी बार आलआउट कर 34-23 की लीड लेकर अपनी जीत लगभग पक्की कर ली। अंतिम दो मिनटों में भी बंगाल कोई कारनामा नहीं कर सके और हार को मजबूर हुए।
गुजरात ने बेंगलुरु को हराया
गुजरात जाएंट्स ने अंतिम रेड तक खिंचे उठापटक स भरे मैच में बेंगलुरू बुल्स पर जीत के साथ अंक तालिका में दो स्थान की छलांग ली है। शेराटन ग्रैंड, व्हाइटफील्ड होटल एवं कन्वेंशन सेंटर में जारी पीकेएल के आठवें सीजन के 99वें और राइवलरी लीक के अंतिम मैच में गुजरात ने बुल्स को 40-36 से हराया।
इस जीत के साथ गुजरात नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। गुजरात के लिए परदीप कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 14 अंक लिए। इसके अलावा अजय ने 8 अंक लिए। डिफेंस में कप्तान सुनील ने हाई-5 लगाया जबकि परवेश भैंसवाल ने 4 अंकों के साथ उनका बेहतरीन साथ दिया। बुल्स को आठवीं हार मिली है। बुल्स के लिए पवन सेहरावत ने 12 और भरत ने 11 अंक लिए।
चार मिनट के बाद स्कोर 5-5 था। बुल्स ने पवन सहरावत के तीन अंकों की बदौलत तीन की लीड ले ली थी लेकिन गुजरात ने आलआउट बचाते हुए बराबरी कर ली। पांच के डिफेंस में पवन डू ओर डाई रेड पर गए लेकिन लपक लिए गए। अब गुजरात ने 7-6 की लीड ले ली।
ब्रेक के बाद गुजरात के डिफेंस ने दो बेहतरीन टैकल किए। बुल्स ने दीपक नरवाल को बुलाया लेकिन आते ही वह डू ओर डाई रेड पर सुनील द्वारा लपक लिए गए। सुनील ने अपना हाई-5 पूरा किया। दोनों टीमों को अंक मिल रहे थे लेकिन गुजरात की लीड 2 की बनी हुई थी।
परदीप ने एक बार फिर बुल्स की डिफेंस को तोड़ते हुए दो अंक लिए और बुल्स को आलआउट की कगार पर धकेल दिया। हालांकि ने सेल्फ आउट हो पवन को रिवाइव होने का मौका दे दिया। परदीप ने अगले रेड पर फिर अंक लिया। फिर बुल्स को आलआउट कर गुजरात ने 26-20 की लीड ले ली। आलइन के बाद गुजरात ने एक और अंक के साथ लीड सात की कर ली। पवन ने बोनस लिया और फिर मोहित ने अजय को अंक लुटा दिए। फिर शुभम ने भी अंक लुटाया लेकिन भरत ने बोनस के साथ एक अंक लेकर फासला कम करने का प्रयास किया। स्कोर 24-29 था।
पीकेएल के इस मैच में तीन मिनट बचे थे। 25-30 के स्कोर पर भरत ने दो अंक लेकर अपना सुपर-10 पूरा कर बुल्स की वापसी का सिलसिला शुरू किया। अमन ने अजय को लपक फासला दो का कर दिया। फिर पवन ने राकेश को आउट कर गुजरात को आलआउट की ओर धकेला।
बुल्स ने फिर गुजरात को आलआउट कर स्कोर 35-35 कर लिया। अंतिम मिनट में गिरीश एर्नाक ने भरत के खिलाफ गलती कर अंक दे दिया। परदीप रेड पर गए और दो अंक लेकर लौटे। 40 सेकेंड बचे थे और गुजरात 37-36 से लीड पर थे। भरत रेड पर गए और एर्नाक ने उन्हें डैश कर लीड दो की कर दी। फिर पवन ने डिफेंस के दौरान गलती कर एक और अंक दे दिया और इस तरह गुजरात ने अपनी छठी जीत दर्ज की।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.