पीकेएल 8: सातवें हफ्ते की 'टीम ऑफ द वीक' में कई चौंकाने वाले नाम शामिल

(Courtesy : PKL )
इन प्लेयर्स ने बीते हफ्ते में अपनी टीमों के लिए बेहतरीन योगदान दिया।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 8 का सातवां हफ्ता भी समाप्त हो चुका है। इस हफ्ते के बाद तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स प्वॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गई है। वहीं हरियाणा स्टीलर्स और दबंग दिल्ली भी दमदार प्रदर्शन कर रही है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अभी भी कई टीमों के बीच जंग जारी है और हर एक टीम अंतिम-6 में जगह बनाने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही है।
सातवें हफ्ते की अगर बात करें तो कुल मिलाकर 17 मुकाबले खेले जाने थे लेकिन कोरोना वायरस की वजह से दो मैच नहीं हो पाए और इसी वजह से 15 ही मैच हुए। इस दौरान पटना पाइरेट्स ने सबसे ज्यादा चार मुकाबले खेले। वहीं कई खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल दिखाया और उनको हमारी 'टीम ऑफ द वीक' में जगह मिली है।
रेडर्स
सुरेंदर गिल (यूपी योद्धा)
यूपी योद्धा ने सातवें हफ्ते में कुल मिलाकर दो मुकाबले खेले और उन मैचों में सुरेंदर गिल का परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा। टीम के प्रमुख रेडर परदीप नरवाल इस सीजन में अबतक औसत रहे हैं लेकिन सुरेंदर गिल ने उनकी कमी पूरा करने की पूरी कोशिश की है। उन्होंने सातवें हफ्ते में दो मैचों में कुल 22 प्वॉइंट हासिल किए। उन्होंने पटना पाइरेट्स के खिलाफ 10 और तेलुगु टाइटंस के खिलाफ 12 प्वॉइंट हासिल किए।
सचिन तंवर (पटना पाइरेट्स)
पटना पाइरेट्स की टीम इस पीकेएल सीजन लगातार मुकाबले जीत रही है तो उसमें सचिन तंवर की रेडिंग का काफी बड़ा योगदान है। सचिन तंवर ने सातवें हफ्ते में भी अपनी स्किल का बेहतरीन नमूना दिखाया और चार मैचों में कुल 45 रेड प्वॉइंट हासिल किए। उन्होंने यूपी योद्धा के खिलाफ 12, गुजरात जायंट्स के खिलाफ 6, पुनेरी पलटन के खिलाफ 11 और यू-मुम्बा के खिलाफ 16 प्वॉइंट हासिल किए। वो चौथे हफ्ते में सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर हैं।
अभिषेक सिंह (यू-मुम्बा)
यू-मुम्बा की टीम इस वक्त प्लेऑफ की मजबूत दावेदार लग रही है और टीम के लिए अभिषेक सिंह ने बेहतरीन परफॉर्मेंस दिया है। उन्होंने शुरुआत में खराब फॉर्म के बाद अच्छी वापसी की है। सातवें हफ्ते में यू-मुम्बा ने तीन मुकाबले खेले और इस दौरान उन्होंने भले ही सिर्फ एक ही मुकाबला जीता लेकिन अभिषेक सिंह के ऊपर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। उन्होंने इन तीन मैचों के दौरान कुल 31 प्वॉइंट हासिल किए। पुनेरी पलटन के खिलाफ 8, तमिल थलाइवाज के खिलाफ 10 और पटना पाइरेट्स के खिलाफ 13 प्वॉइंट हासिल किए।
ऑलराउंडर्स
दीपक हूडा (जयपुर पिंक पैंथर्स)

पीकेएल के आठवें सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स के दिग्गज ऑलराउंडर दीपक हूडा की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही थी लेकिन उन्होंने धीरे-धीरे अपनी लय हासिल कर ली है। वो अब विरोधी टीमों के लिए काफी घातक साबित हो रहे हैं। दीपक हूडा का परफॉर्मेंस सातवें हफ्ते में जबरदस्त रहा और यही वजह है कि जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम टॉप-5 में मौजूद है।
दीपक हूडा ने अपने शानदार परफॉर्मेंस से दबंग दिल्ली और गुजरात जायंट्स के खिलाफ अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने तीन मैचों में 31 प्वॉइंट हासिल किए और इस दौरान दो सुपर-10 लगाया।
मोहम्मदरेजा (पटना पाइरेट्स)
हर हफ्ते की तरह इस हफ्ते भी पटना पाइरेट्स के मोहम्मदरेजा इस टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। उनका पटना की कामयाबी के पीछे बहुत बड़ा हाथ है। वो डिफेंस में लगातार प्वॉइंट लाते रहते हैं। उन्होंने बंगाल वॉरियर्स, गुजरात जायंट्स और यूपी योद्धा के खिलाफ लगातार तीन हाई-फाइव लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ कुल आठ प्वॉइंट हासिल किए। इस हफ्ते चार मैचों में मोहम्मदरेजा ने 20 प्वॉइंट हासिल किए।
डिफेंडर्स
सागर (तमिल थलाइवाज)
तमिल थलाइवाज के लिए उनका डिफेंस पीकेएल में इस सीजन जमकर बोल रहा है। टीम को ज्यादातर मैचों में अपने डिफेंस के बदौलत ही जीत मिली है और इसमें सागर का काफी बड़ा योगदान रहा है। सागर ने सातवें हफ्ते में तेलुगु टाइटंस के खिलाफ नौ प्वॉइंट हासिल कर अपनी टीम को एक बड़ी जीत दिलाई। उन्होंने आठ प्वॉइंट टैकल में और एक प्वॉइंट बोनस के जरिए लिया और तमिल थलाइवाज ने तेलुगु टाइटंस को 43-25 के अंतर से हराया। वहीं यू-मुम्बा के खिलाफ सागर ने चार प्वॉइंट लिए। हालांकि टीम को इस मैच में दो प्वॉइंट से शिकस्त झेलनी पड़ी।
संदीप धुल (जयपुर पिंक पैंथर्स)
जयपुर पिंक पैंथर्स के दिग्गज डिफेंडर संदीप धुल ने इस हफ्ते 3 मैचों में कुल 13 प्वॉइंट हासिल किए। इस दौरान उनके 12 प्वॉइंट टैकल के जरिए आए और उन्होंने एक प्वॉइंट बोनस के जरिए लिया। उन्होंने हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ हाई-फाइव लगाया और अपनी टीम को प्लेऑफ की तरफ अग्रसर किया। संदीप धुल से आने वाले हफ्तों में भी जयपुर पिंक पैंथर्स को इसी तरह के परफॉर्मेंस की उम्मीद होगी।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.