PKL 9 : जयपुर पिंक पैंथर्स के सामने होगी पटना पाइरेट्स की चुनौती

(Courtesy : PKL)
तीन बार की चैंपियन अपनी पहली जीत हासिल करना चाहेंगे।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन के तीसरे दिन भी कुल मिलाकर तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच जयपुर पिंक पैंथर्स और पटना पाइरेट्स के बीच होगा। ये मुकाबला शाम 7:30 बजे से बेंगलुरू में खेला जाएगा। पटना पाइरेट्स की टीम अपना पहला मैच टाई खेल चुकी है। वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स को अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें यूपी योद्धा से काफी करीबी अंतर से शिकस्त मिली थी। दोनों ही टीमों के पास कई जबरदस्त खिलाड़ी मौजूद हैं और इसी वजह से हमें कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। आइए जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और आंकड़े क्या कहते हैं।
स्क्वाड
जयपुर पिंक पैंथर्स
जयपुर ने ऑक्शन के दौरान राहुल चौधरी और अभिषेक सिंह जैसे बेहतरीन रेडर्स का चयन किया। वहीं पिछले सीजन जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले अर्जुन देशवाल को रिटेन किया है। देशवाल ने पिछले सीजन 267 रेड प्वाइंट लिए थे और लीग के दूसरे सबसे अधिक रेड प्वाइंट लेने वाले खिलाड़ी रहे थे। उनके ऊपर टीम ने भरोसा बनाए रखा है। इसके अलावा पीकेएल इतिहास के सबसे सफल रेडर्स में से एक राहुल चौधरी को भी टीम ने खरीदा है लेकिन राहुल चौधरी का प्रदर्शन पहले मैच में उतना अच्छा नहीं रहा था और उन्हें सब्सीट्यूट भी कर दिया गया था। इसके अलावा साहुल कुमार भी डिफेंस में कमाल नहीं कर पाए थे। हालांकि अर्जुन देशवाल और केएस अभिषेक और अंकुश ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था।
जयपुर पिंक पैंथर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
अर्जुन देशवाल, अजीत कुमार, भवानी राजपूत, केएस अभिषेक, सुनील कुमार, साहुल कुमार और अंकुश।
पटना पाइरेट्स
पटना की टीम सीजन का अपना पहला मैच टाई करा चुकी है और इसी वजह से उनके हौंसले बुलंद होंगे। टीम ने मोहम्मदरेजा चियानेह के बिना बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इसी वजह से उनका कॉन्फिडेंस काफी बढ़ा होगा। टीम के लिए पहले मुकाबले में सचिन तंवर और रोहित गूलिया ने रेडिंग में और डिफेंस में सुनील ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। टीम के लिए अच्छी बात ये रही थी कि उनके युवा रेडर एस विश्वास ने काफी प्रभावित किया था और कई अहम प्वॉइंट लिए थे। वहीं टीम के लगभग सभी डिफेंडर्स ने अपना योगदान दिया था। ऐसा लगता है कि पटना ने जहां पिछले सीजन छोड़ा था वहीं से शुरूआत कर रही है।
पटना पाइरेट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -
सचिन, नीरज कुमार, साजिन सी, रोहित गूलिया, एस विश्वास, सुनील और शिवम चौधरी।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
जयपुर पिंक पैंथर्स और पटना पाइरेट्स के बीच हुए अभी तक मुकाबलों में पटना का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 16 मैच हुए हैं जिसमें से पटना ने 9 और जयपुर ने सात ही मैचों में जीत हासिल की है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
पटना पाइरेट्स की अगर बात करें तो उनके लिए सचिन तंवर पर सबसे ज्यादा निगाहें रहने वाली हैं। इसके अलावा डिफेंडर सुनील से भी काफी उम्मीदें होंगी। इसकी वजह ये है कि पहले मैच में उनका परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा था। वहीं जयपुर की बात करें तो उनके लिए अर्जुन देशवाल सबसे अहम प्लेयर होंगे। वहीं भवानी राजपूत भी कमाल कर सकते हैं।
सफलता का मंत्र
पटना पाइरेट्स को अगर सफलता हासिल करनी है तो फिर उनके डिफेंस का चलना काफी जरूरी होगा। जयपुर के पास अर्जुन देशवाल जैसा रेडर है और इसी वजह से पटना के डिफेंस के ऊपर काफी दारोमदार होगा। वहीं रेडिंग में सचिन तंवर का प्रदर्शन भी काफी मायने रखेगा। जबकि जयपुर पिंक पैंथर्स को ये मुकाबला जीतने के लिए जरूरी है कि बाकी रेडर्स अर्जुन देशवाल का साथ दें। टीम केवल अर्जुन देशवाल पर ही निर्भर नहीं रह सकती है। वहीं डिफेंस में साहुल कुमार को चलना होगा।
फैंटेसी के लिए टीम
रेडिंग - अर्जुन देशवाल (जयपुर पिंक पैंथर्स) और सचिन (पटना पाइरेट्स)
डिफेंस - सुनील (पटना पाइरेट्स), नीरज कुमार (पटना पाइरेट्स), केएस अभिषेक (जयपुर पिंक पैंथर्स) और अंकुश (जयपुर पिंक पैंथर्स)
क्या आप जानते हैं ?
पटना पाइरेट्स की टीम तीन बार पीकेएल का टाइटल जीत चुकी है, जबकि बीते सीजन उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया था। वहीं दूसरी तरफ जयपुर पिंक पैंथर्स ने पहले सीजन का खिताब जीता था और उसके बाद से लेकर अभी तक उन्हें अपने दूसरे टाइटल का इंतजार है।
जयपुर पिंक पैंथर्स और पटना पाइरेट्स के बीच मैच आप कहां दे सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.