PKL 9 : तेलुगु टाइटंस और पटना पाइरेट्स के बीच होगी सीधी टक्कर

(Courtesy : PKL)
दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन का 13वां मुकाबला स्टार खिलाड़ियों से सजी तेलुगु टाइटंस और तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स के बीच खेला जाएगा। तेलुगु टाइटंस के पास इस सीजन स्टार खिलाड़ियों की पूरी फौज है लेकिन उनका परफॉर्मेंस इसके काफी उल्टा रहा है। तेलुगु टाइटंस अपने दोनों ही मुकाबले बुरी तरह से हार चुकी है और टीम का डिफेंस पूरी तरह से फेल रहा है। ऐसे में टीम के सामने वापसी करने की बड़ी चुनौती है। पटना पाइरेट्स की बात करें तो उन्हें अभी तक एक मैच में हार मिली है और एक मुकाबला टाई रहा है।
ऐसे में पटना के सीजन का आगाज भी कुछ अच्छा नहीं हुआ है और इस मुकाबले में वो जरूर वापसी करना चाहेंगे। इस मुकाबले से पहले जान लेते हैं दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और क्या कहते हैं आंकड़े।
स्क्वाड
पटना पाइरेट्स
पटना पाइरेट्स के लिए सचिन तंवर और हरियाणा स्टीलर्स से आए रोहित गूलिया काफी शानदार फॉर्म में हैं। सचिन तंवर दो मैचों में 18 प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। वहीं रोहित गूलिया भी दो मैचों में 17 प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। हालांकि टीम का डिफेंस अभी तक उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पाया है। मोहम्मदरेजा चियानेह की अनुपस्थिति में टीम का डिफेंस काफी बिखरा-बिखरा नजर आ रहा है। दूसरे मैच में टीम के डिफेंस ने अपेक्षाकृत अच्छा खेल दिखाया था लेकिन इसके बावजूद मोहम्मदरेजा चियानेह की कमी टीम को खल रही है। उनके आते ही टीम का पूरा स्वरूप बदल सकता है। हालांकि तेलुगु टाइटंस के खिलाफ पटना की टीम पहली जीत की उम्मीद करेगी।
पटना पाइरेट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन
सचिन तंवर, नीरज कुमार, साजिन सी, रोहित गूलिया, एस विश्वास, सुनील और थियागराजन युवराज।
तेलुगु टाइटंस
तेलुगु टाइटंस के डिफेंस को अगर इस सीजन सबसे अनुभवी कहा जाए तो गलत नहीं होगा। उनके पास सुरजीत सिंह और परवेश भैंसवाल जैसे दिग्गज खिलाड़ी मौजूद हैं। इसके अलावा रविंदर पहल और विशाल भारद्वाज भी टाइटंस के खेमे में मौजूद हैं। हालांकि इसके बावजूद अभी तक दो मैचों में ये सारे दिग्गज डिफेंडर मिलकर भी टीम को हार से नहीं बचा पाए हैं। एक मैच में विशाल भारद्वाज और एक मैच में प्रवेश भैंसवाल ने थोड़ा बेहतर किया है। वहीं रविंदर पहल और सुरजीत सिंह पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं। जबकि रेडिंग में सिद्धार्थ देसाई और मोनू गोयत जैसे दिग्गजों ने काफी निराश किया है। अभिषेक सिंह ने पिछले मैच में सुपर-10 लगाकर जरूर उम्मीदें जगाई थीं। टीम को अगर अच्छा करना है तो फिर डिफेंस को अपनी क्षमता के हिसाब से खेलना होगा। प्लेइंग सेवन में हमें कुछ बदलाव जरूर देखने को मिल सकते हैं।
तेलुगु टाइटंस की संभावित स्टार्टिंग सेवन
अभिषेक सिंह, टी आदर्श, प्रवेश भैंसवाल, विनय, मोनू गोयत, रविंदर पहल और विशाल भारद्वाज।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
तेलुगु टाइटंस भले ही पिछले कुछ सीजन से काफी खराब प्रदर्शन कर रही हो लेकिन पटना पाइरेट्स के खिलाफ वो काफी बेहतर खेले हैं। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 19 मैच खेले गए हैं जिसमें पटना पाइरेट्स ने 9 और तेलुगु टाइटंस ने भी 9 ही मुकाबले जीते हैं और एक मुकाबला टाई रहा है। इससे पता चलता है कि पटना पाइरेट्स की टीम तेलुगु टाइटंस को बिल्कुल भी हल्के में नहीं ले सकती है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
पटना पाइरेट्स की टीम में सबसे ज्यादा निगाहें सचिन तंवर और रोहित गूलिया पर होंगी। ये दोनों ही प्लेयर अभी तक टीम के लिए काफी जबरदस्त साबित हुए हैं। पटना के फैंस उम्मीद करेंगे कि ये जोड़ी एक बार फिर अपना दमखम दिखाए। वहीं तेलुगु टाइटंस टीम को अपने डिफेंस से काफी उम्मीदें होंगी, क्योंकि टीम का डिफेंस अनुभव का खान है और इसी वजह से उनके ऊपर एक बार फिर सबकी निगाहें होंगी।
सफलता का मंत्र
पटना पाइरेट्स की जीत के लिए जरूरी है कि उनका डिफेंस अच्छा खेल दिखाए। सचिन तंवर और रोहित गूलिया रेडिंग में अपना काम तो कर रहे हैं लेकिन डिफेंस साथ नहीं दे रहा है और इसी वजह से डिफेंस का बेहतर प्रदर्शन उनके सफलता की चाबी है। वहीं तेलुगु टाइटंस को भी सफल होने के लिए अपने डिफेंडर्स से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करनी होगी।
फैंटेसी के लिए टीम
रेडर
सचिन तंवर (पटना पाइरेट्स), अभिषेक सिंह (तेलुगु टाइटंस) और विनय (तेलुगु टाइटंस)।
डिफेंडर
विशाल भारद्वाज (तेलुगु टाइटंस), प्रवेश भैंसवाल (तेलुगु टाइटंस), सुनील (पटना पाइरेट्स) और साजिन सी (पटना पाइरेट्स)।
क्या आप जानते हैं ?
तेलुगु टाइटंस के पास इस बार दो ऐसे दिग्गज डिफेंडर हैं जिन्होंने अभी तक पीकेएल इतिहास में 300 से ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं। रविंदर पहल ने 320 और सुरजीत सिंह ने 310 प्वॉइंट हासिल किए हैं। जबकि पीकेएल इतिहास में सबसे ज्यादा 374 टैकल प्वॉइंट हासिल करने वाले मंजीत छिल्लर उनके कोच हैं।
पटना पाइरेट्स और तेलुगु टाइटंस के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.