Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

नवीन कुमार, अर्जुन देशवाल पीकेएल 9 के पहले हफ्ते के टीम ऑफ द वीक में शामिल

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :October 16, 2022 at 7:32 PM
Modified at :December 13, 2023 at 1:01 PM
नवीन कुमार, अर्जुन देशवाल पीकेएल 9 के पहले हफ्ते के टीम ऑफ द वीक में शामिल

(Courtesy : PKL)

इस हफ्ते युवा खिलाड़ियों ने ज्यादा दमखम दिखाया।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन का पहला हफ्ता समाप्त हो चुका है और दौरान कई बेहतरीन मुकाबले हमें देखने को मिले। कुछ टीमों ने अपने प्रदर्शन से चौंकाया तो कई टीमें ऐसी रहीं जिन्हें निराशा का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ बड़े खिलाड़ी इंजरी का शिकार भी हुए। तमिल थलाइवाज के पवन सेहरावत पहले ही मैच में इंजरी का शिकार हो गए और इससे टीम को बड़ा झटका लगा। वहीं तेलुगु टाइटंस के रजनीश भी चोटिल हो गए। कुल मिलाकर फैंस को कबड्डी का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला है।

अगर पीकेएल 9 के प्वॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो दबंग दिल्ली दो मैचों में दो जीत के साथ पहले पायदान पर है। वहीं हरियाणा स्टीलर्स ने भी अभी तक अपने दोनों ही मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा बेंगलुरू बुल्स ने भी लगातार दो मैच जीत लिए हैं। पुनेरी पलटन, तमिल थलाइवाज, पटना पाइरेट्स और गुजरात जायंट्स को अभी पहली जीत की तलाश है। इन मैचों के दौरान कई खिलाड़ियों का परफॉर्मेंस जबरदस्त रहा है और उन सबको मिलाकर हमने टीम ऑफ द वीक बनाई है। आइए जानते हैं इस टीम में कौन-कौन से खिलाड़ी जगह बनाने में कामयाब रहे।

रेडर्स

नवीन कुमार (दबंग दिल्ली)

दबंग दिल्ली के लिए नवीन एक्सप्रेस अपनी पूरी रफ्तार से दौड़ रही है। पिछले दो सीजन की तरह इस सीजन भी वो लाजवाब खेल दिखा रहे हैं। नवीन कुमार दो ही मैचों में 28 प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। इससे पता चलता है कि वो कितने जबरदस्त फॉर्म में हैं। अपनी टीम को लगातार दो मैच जिताने में उनका काफी अहम योगदान रहा है।

राकेश (गुजरात जायंट्स)

गुजरात जायंट्स की टीम ने भले ही अभी तक कोई भी मुकाबला इस पीकेएल सीजन नहीं जीता है लेकिन राकेश का परफॉर्मेंस रेडिंग में काफी जबरदस्त रहा है। वो दो मैचों में अभी तक 27 रेड प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं और इसी वजह से हमने उनको टीम ऑफ द वीक में सेकेंड रेडर के तौर पर जगह दी है। राकेश गुजरात जायंट्स के लिए अकेले प्वॉइंट लेकर आ रहे हैं लेकिन उन्हें दूसरे प्लेयर्स का साथ नहीं मिल रहा है और इसी वजह से टीम को जीत नहीं मिली है।

अर्जुन देशवाल (जयपुर पिंक पैंथर्स)

जयपुर पिंक पैंथर्स ने इस सीजन एक मुकाबला जीता है और एक मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम के मेन रेडर अर्जुन देशवाल ने दोनों ही मैचों में बेहतरीन खेल दिखाया है। यूपी योद्धाज के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने आठ और पटना पाइरेट्स के खिलाफ दूसरे मैच में 17 प्वॉइंट हासिल किए थे। अपने इस दमदार परफॉर्मेंस की बदौलत वो टीम ऑफ द वीक में जगह बनाने में सफल हुए हैं।

डिफेंस

कृष्णन (दबंग दिल्ली)

दबंग दिल्ली की अभी तक की सफलता में जितना योगदान कप्तान नवीन कुमार का रहा है। उतना ही बड़ा योगदान डिफेंडर कृष्णन का रहा है। वो दो मैचों में अभी तक 11 टैकल प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। यू-मुम्बा के पहले मैच में उन्होंने चार टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे और गुजरात जायंट्स के खिलाफ दूसरे मैच में सात टैकल प्वॉइंट हासिल किए। वो अभी सबसे ज्यादा टैकल प्वॉइंट की लिस्ट में पहले पायदान पर हैं।

सौरभ नांदल (बेंगलुरू बुल्स)

बेंगलुरू बुल्स का परफॉर्मेंस इस सीजन काफी अच्छा रहा है। टीम ने अभी तक अपने सारे ही मुकाबले जीते हैं। टीम के दिग्गज डिफेंडर सौरभ नांदल दो मैचों में कुल सात प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। पिछले सीजन उन्होंने जिस तरह का परफॉर्मेंस किया था और इस सीजन भी वैसा ही कमाल दिखा रहे हैं।

आशु सिंह (यूपी योद्धाज)

आशु सिंह ने भी अभी तक यूपी योद्धाज के लिए डिफेंस में काफी प्रभावित किया है। पीकेएल 9 के दो मैचों में उनके आठ टैकल प्वॉइंट हैं। जयपुर के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने चार और यू-मुम्बा के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी चार ही टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे। इससे पता चलता है कि वो निरंतरता के साथ खेल रहे हैं।

विशाल लाथर (दबंग दिल्ली)

टीम ऑफ द वीक में हमने दबंग दिल्ली के एक और खिलाड़ी विशाल लाथर को शामिल किया है। दो मैचों में उनके सात प्वॉइंट हैं। लाथर की खास बात ये है कि लेफ्ट कवर पर खेलते हुए उन्होंने रेडर्स को बिल्कुल भी मौका नहीं दिया है और डिफेंस में कृष्णन का अच्छा साथ दिया है। इन दोनों की जोड़ी डिफेंस में काफी घातक साबित हुई है।

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.