PKL 9 : महाराष्ट्रीयन डर्बी में भिड़ेंगी यू मुम्बा और पुनेरी पलटन

अपनी पुरानी टीम के खिलाफ फजल अत्राचली शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन में रविवार, 16 अक्टूबर को कुल मिलाकर दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच पुनेरी पलटन और यू-मुम्बा के बीच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। यू-मुम्बा की टीम इस सीजन अभी तक तीन में से दो मुकाबले जीत चुकी है और एक मैच उनका टाई रहा है। हालांकि दूसरी तरफ पुनेरी पलटन का परफॉर्मेंस अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा है। तीन में से वो दो मैच हार चुके हैं और एक मुकाबला टाई रहा है। पुनेरी पलटन को अपनी पहली जीत का इंतजार है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि क्या वो इस मैच में जीत हासिल कर पाते हैं या नहीं। वहीं यू-मुम्बा एक और जीत हासिल करना चाहेगी। मैच से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और क्या कहते हैं आंकड़े।
स्क्वाड
पुनेरी पलटन
पुनेरी पलटन के लिए अच्छी बात ये है कि उनके कप्तान फजल अत्राचली वापसी कर चुके हैं और पिछले मुकाबले में उन्होंने इस सीजन का पहला मैच खेला। उन्होंने दो टैकल प्वॉइंट भी हासिल किए थे। हालांकि इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा था। असलम ईनामदार ने रेडिंग में जबरदस्त प्रदर्शन किया था और कुल मिलाकर 19 प्वॉइंट हासिल किए थे। हालांकि डिफेंस का साथ नहीं मिलने की वजह से वो टीम को जीत नहीं दिला पाए थे। पुनेरी पलटन को अगर अच्छा प्रदर्शन करना है तो फिर डिफेंडर्स को अच्छा खेल दिखाना होगा। खासकर फजल अत्राचली का चलना बेहद जरूरी है क्योंकि पूरी टीम को वही रास्ता दिखाने वाले हैं।
पुनेरी पलटन की संभावित स्टार्टिंग सेवन
असलम ईनामदार, बालासाहेब जाधव, संकेत सावंत, मोहित गोयत, मोहम्मद नबीबख्श, गौरव खत्री और फजल अत्राचली।
यू-मुम्बा
यू-मुम्बा की बात करें तो उनके रेडर्स काफी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। गुमान सिंह, आशीष और जय भगवान लगातार बेहतरीन प्वॉइंट ला रहे हैं। पिछले मैच में तमिल थलाइवाज के खिलाफ इन तीनों की तिकड़ी ने जबरदस्त खेल दिखाया था। इसके अलावा कप्तान सुरिंदर सिंह और रिंकू डिफेंस में कमाल कर रहे हैं। गुमान सिंह को टीम ने ऑक्शन के दौरान काफी भारी-भरकम रकम में खरीदा था और अब वो टीम मैनेजमेंट के फैसले को सही साबित कर रहे हैं। पहले कुछ मैचों के बाद उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली है और उन्हें रोक पाना पुनेरी पलटन के लिए काफी मुश्किल साबित होने वाला है।
यू-मुम्बा की संभावित स्टार्टिंग सेवन
गुमान सिंह, सुरिंदर सिंह, हरेंद्र कुमार, आशीष, जय भगवान, रिंकू और किरण मागर।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
यू-मुम्बा और पुनेरी पलटन के बीच अभी तक जितने भी मैच हुए हैं उसमें दोनों ही टीमों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी है। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 18 मैच हुए हैं जिसमें यू-मुम्बा ने 9 और पुनेरी पलटन ने सात मुकाबले जीते हैं। दो मैच दोनों टीमों के बीच अभी तक टाई रहा है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
यू-मुम्बा की अगर बात करें तो उनकी टीम में सारी निगाहें एक बार फिर गुमान सिंह और जय भगवान पर रहने वाली हैं। इन युवा रेडर्स ने पिछले मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिला दी थी और एक बार फिर इनके ऊपर काफी निगाहें रहने वाली हैं। वहीं पुनेरी पलटन टीम में कप्तान फजल अत्राचली के ऊपर निगाहें होंगी। जबकि युवा रेडर असलम ईनामदार कमाल कर सकते हैं।
सफलता का मंत्र
पुनेरी पलटन को जीत हासिल करने के लिए जरूरी है कि उनके डिफेंडर्स अच्छा प्रदर्शन करें। केवल रेडिंग डिपार्टमेंट के चलने से कुछ नहीं होगा। डिफेंडर्स को भी आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होगी। वहीं यू-मुम्बा की अगर बात करें तो जिस तरह से टीम ने अभी तक एकजुट होकर परफॉर्म किया है ठीक उसी तरह वो इस मैच में भी परफॉर्म करना चाहेंगे।
फैंटसी के लिए टीम
रेडर
गुमान सिंह (यू-मुम्बा), जय भगवान (यू-मुम्बा) और असलम ईनामदार (पुनेरी पलटन)।
डिफेंडर
गौरव खत्री (पुनेरी पलटन), फजल अत्राचली (पुनेरी पलटन), रिंकू (यू-मुम्बा) और हरेंद्र कुमार (यू-मुम्बा)।
क्या आप जानते हैं ?
गुमान सिंह को ऑक्शन के दौरान यू-मुम्बा ने एक करोड़ और 22 लाख की रकम में खरीदा था। वहीं फजल अत्राचली जो इससे पहले तक यू-मुम्बा के कप्तान थे उन्हें पुनेरी पलटन ने एक करोड़ 38 लाख की रकम में खरीदा था।
यू-मुम्बा और पुनेरी पलटन के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.