Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 9 : नवीन के दबंग दिल्ली और परदीप के यूपी योद्धाज के बीच होगा भिड़ंत

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :October 12, 2022 at 5:29 PM
Modified at :October 12, 2022 at 5:29 PM
PKL 9 : नवीन के दबंग दिल्ली और परदीप के यूपी योद्धाज के बीच होगा भिड़ंत

ये मुकाबला स्टार प्लेयर्स के बीच का जंग होने वाला है।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन का 15वां मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन दबंग दिल्ली और परदीप नरवाल की यूपी योद्धाज के बीच खेला जाएगा। दबंग दिल्ली अभी तक अपने दोनों ही मुकाबले जीत चुकी है और सही मायनों में डिफेंडिंग चैंपियन की तरह खेली है। वहीं यूपी योद्धाज ने एक मैच जीता है तो एक मैच में हार का सामना उन्हें करना पड़ा है। यूपी योद्धाज की सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि दिग्गज रेडर परदीप नरवाल का खराब फॉर्म जारी है और सुरेंदर गिल पर अकेले काफी जिम्मेदारी आ रही है। परदीप रेडिंग में काफी फ्लॉप हो रहे हैं और इसी वजह से टीम को पिछले मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी। वहीं दूसरी तरफ दंबग दिल्ली की बात करें तो नवीन एक्सप्रेस अपनी पूरी रफ्तार से दौड़ रही है। पिछले दो सीजन की तरह इस सीजन भी वो लाजवाब खेल दिखा रहे हैं। इस मुकाबले से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और क्या कहते हैं आंकड़े।

स्क्वाड

यूपी योद्धाज

यूपी योद्धाज ने जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ सीजन के अपने पहले मैच में 34-32 से जीत हासिल की थी लेकिन दूसरे ही मैच में यू-मुम्बा के खिलाफ वो 23-30 से मुकाबला हार गए। इसकी वजह ये रही कि यू-मुम्बा के खिलाफ टीम के रेडर नहीं चल पाए। सुरेंदर गिल और परदीप नरवाल में से कोई भी रेडर सुपर-10 नहीं लगा पाया। टीम ने दुर्गेश को भी ट्राई किया लेकिन वो भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए। परदीप नरवाल का रेडिंग में ना चलना एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। ऐसे में उन्हें इस मैच के लिए स्टार्टिंग सेवन से ड्रॉप भी किया जा सकता है। उनकी जगह अनुभवी नितिन तोमर को मौका दिया जा सकता है। वहीं डिफेंस में बदलाव की संभावना कम ही है। दबंग दिल्ली को रोकने के लिए यूपी योद्धाज को अपनी पूरी क्षमता से खेलना होगा।

यूपी योद्धाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन

सुरेंदर गिल, नितिन तोमर, रोहित तोमर, आशु सिंह, शुभम कुमार, नितेश कुमार और सुमित।

दबंग दिल्ली

दबंग दिल्ली की गाड़ी इस सीजन सरपट दौड़ी है। नवीन एक्सप्रेस की अगुवाई में टीम ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है और उन्हें रोक पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होने वाला है। दिल्ली ने अभी तक अपने जो दोनों मुकाबले खेले हैं उसमें एकतरफा विरोधी टीमों को हराया है। पहले मैच में यू-मुम्बा को उन्होंने 14 और दूसरे मैच में गुजरात जायंट्स 20 प्वॉइंट्स से मात दी। इससे पता चलता है कि दबंग दिल्ली की टीम इस सीजन युवा जरूर है लेकिन उनका परफॉर्मेंस ताबड़तोड़ रहा है। नवीन कुमार दो ही मैचों में 28 प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। आशु मलिक और मंजीत जैसे रेडर्स का उन्हें अच्छा साथ मिला है। वहीं डिफेंस में संदीप धुल, विशाल लाथर और कृष्णन की तिकड़ी कमाल कर रही है।

दंबग दिल्ली की संभावित स्टार्टिंग सेवन

नवीन कुमार, रवि कुमार, विशाल, मंजीत, आशु मलिक, कृष्णन और संदीप धुल।

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े

दबंग दिल्ली भले ही पिछले सीजन पीकेएल का टाइटल जीत चुकी है लेकिन यूपी योद्धाज के खिलाफ उनके आंकड़े उतने अच्छे नहीं रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर सात मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से यूपी योद्धाज ने पांच मैच जीते हैं और दबंग दिल्ली को महज दो ही मैचों में जीत मिली है। इससे पता चलता है कि दबंग दिल्ली के लिए ये मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला है।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

ये मुकाबला दो स्टार खिलाड़ियों के बीच का जंग होने वाला है। दबंग दिल्ली की टीम नवीन कुमार के ऊपर काफी ज्यादा निर्भर करेगी। टीम चाहेगी कि अपना धुआंधार प्रदर्शन वो इस मैच में भी जारी रखें। वहीं यूपी योद्धाज की टीम इस मैच में परदीप नरवाल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। बड़े खिलाड़ी अक्सर बड़े मैचों में चलते हैं और अगर परदीप नरवाल को इस मुकाबले में मौका मिला तो फिर वो कुछ कमाल कर सकते हैं।

सफलता का मंत्र

दबंग दिल्ली की जीत के लिए जरूरी है कि नवीन कुमार उसी लय में खेलते रहें जैसा अभी तक दो मैचों में खेला है। इसके अलावा टीम के डिफेंस को भी उनका साथ देना होगा। वहीं यूपी योद्धाज के डिफेंस पर इस मैच में काफी ज्यादा दारोमदार होगा। इसकी वजह ये है कि उनके सामने नवीन कुमार होंगे और उन्हें रोकना एक बड़ी चुनौती होगी। अगर टीम ने उन्हें रोक लिया तो उनका काम आसान हो जाएगा।

फैंटेसी के लिए टीम

रेडर

नवीन कुमार (दबंग दिल्ली), सुरेंदर गिल (यूपी योद्धाज) और आशु मलिक (यूपी योद्धाज)।

डिफेंस

नितेश कुमार (यूपी योद्धाज), सुमित (यूपी योद्धाज), विशाल लाथर (दबंग दिल्ली) और रवि कुमार (दबंग दिल्ली)।

क्या आप जानते हैं ?

यूपी योद्धाज की टीम ने जबसे पीकेएल में खेलना शुरू किया है, वो हर एक सीजन में प्लेऑफ तक जरूर पहुंचे हैं। इससे पतला चलता है कि टीम निरंतरता के साथ खेली है। हालांकि टीम फाइनल तक एक बार भी नहीं पहुंच पाई है।

दबंग दिल्ली और यूपी योद्धाज के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.