प्रो कबड्डी लीग: पटना के सामने होगी तमिल, बेंगलुरू से टकराएगी जयपुर

(Courtesy : ProKabaddiLeague)
पाइरेट्स की निगाहें एक और जीत पर होंगी।
प्रो कबड्डी लीग में गुरूवार को दो जबरदस्त मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच पटना पाइरेट्स और तमिल थलाइवाज के बीच खेला जाएगा और दूसरा मुकाबला बेंगलुरू बुल्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच होगा। पटना पाइरेट्स का परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा है और वो प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर हैं। वहीं तमिल थलाइवाज को अपने पिछले मुकाबले में जीत मिली थी और इसी वजह से उनके हौंसले बुलंद होंगे। जयपुर पिंक पैंथर्स 10वें पायदान पर है। वहीं बेंगलुरू बुल्स 4 जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर है।
पटना पाइरेट्स Vs तमिल थलाइवाज
पटना पाइरेट्स की अगर बात करें तो ऐसा लग रहा है कि परदीप नरवाल के जाने का असर टीम पर बिल्कुल भी नहीं पड़ा है। पटना ने प्रो कबड्डी लीग सीजन 8 में हर एक डिपार्टमेंट में अभी तक काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। मोनू गोयत, प्रशांत कुमार राय और सचिन तंवर रेडिंग में कमाल दिखा रहे हैं तो डिफेंस में नीरज कुमार, साजिन सी और मोहम्मदरेजा जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। कुल मिलाकर पटना की टीम काफी एकजुट होकर खेल रही है और तमिल थलाइवाज के लिए उन्हें रोकना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा।
तमिल थलाइवाज को जीत का पहला डोज मिल चुका है और पिछले दो मुकाबलों से उनका परफॉर्मेंस काफी जबरदस्त रहा है। दबंग दिल्ली जैसी मजबूत टीम को ड्रॉ पर रोकने के बाद उन्होंने यूपी योद्धा को हराया। सुरजीत सिंह कप्तान और डिफेंडर के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। डिफेंस टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है और ऐसे में पटना के लिए चुनौती आसान नहीं रहने वाली है।
दोनों टीमों की संभावित स्टार्टिंग 7
पटना पाइरेट्स -मोनू गोयत, प्रशांत कुमार, सचिन तंवर, नीरज कुमार, साजिन सी, सुनील और मोहम्मदरेजा।
तमिल थलाइवाज - मंजीत सिंह, के प्रपंजन, अजिंक्य पंवार, सुरजीत सिंह, मोहित, सागर और साहिल सिंह।
बेंगलुरू बुल्स Vs जयपुर पिंक पैंथर्स
बेंगलुरू बुल्स पवन सेहरावत की अगुवाई में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। टीम के लिए अच्छी बात ये है कि कप्तान पवन सेहरावत प्रो कबड्डी लीग में फॉर्म में आ गए हैं और पिछले कुछ मुकाबलों से लगातार प्वॉइंट लिए हैं। वहीं टीम के अन्य रेडर भी उन्हें अच्छी तरह से असिस्ट दे रहे हैं। जबकि टीम का डिफेंस भी काफी शानदार खेल दिखा रहा है। बेंगलुरू बुल्स प्वॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर हैं और अपने जीत के क्रम को वो इस मैच में भी बरकरार रखना चाहेंगे।
जयपुर पिंक पैंथर्स की अगर बात करें तो उनके लिए ये सीजन मिला-जुला रहा है। उन्हें पांच में से दो मैचों में जीत मिली है और तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के कप्तान दीपक हूडा बिल्कुल भी फॉर्म में नहीं हैं और उनका परफॉर्मेंस अभी तक काफी खराब रहा है। अर्जुन देशवाल अकेले रेडिंग का जिम्मा अपने कंधों पर उठाए हुए हैं। हालांकि अगर जयपुर पिंक पैंथर्स को जीत हासिल करनी है तो फिर दीपक हूडा को भी रेडिंग में प्वॉइंट लाने होंगे। डिफेंस में संदीप धुल का ना चलना भी टीम के लिए एक चिंता का सबब रहा है। जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए बेंगलुरू बुल्स की चुनौती आसान नहीं रहने वाली है।
दोनों टीमों की संभावित स्टार्टिंग 7
बेंगलुरू बुल्स - पवन सेहरावत, चंद्रन रंजीत, भरत, मयूर कदम, मोहित सेहरावत, सौरभ नांदल और अमन।
जयपुर पिंक पैंथर्स - अर्जुन देशवाल, दीपक हूडा, नवीन, धर्मराज चेरालाथन, विशाल, शाहुल कुमार और नितिन रावल।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.