प्रो कबड्डी लीग सीजन 8 में यू मुम्बा की टीम का एनालिसिस

(Courtesy : ProKabaddiLeague)
"सुल्तान' की अगुवाई में यू-मुम्बा की टीम एक और सीजन के लिए कमर कस चुकी है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के नए सीजन की शुरूआत होने वाली है और उससे पहले सभी टीमें इस वक्त अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। फजल अत्राचली की अगुवाई वाली यू मुम्बा की टीम भी एक नए सीजन के लिए पूरी तरह से तैयार है। टीम में एक से बढ़कर एक कई दिग्गज खिलाड़ी हैं। फजल अत्राचली छठे सीजन में यू मुम्बा के कप्तान बने थे और तब से लेकर अभी तक इस फ्रेंचाइजी ने युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके दिए हैं।
सिद्धार्थ देसाई, अभिषेक सिंह और अर्जुन देशवाल जैसे प्लेयर इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। आगामी सीजन में भी टीम अपने यंग प्लेयर्स पर निर्भर रहने वाली है। कई सारे बेहतरीन युवा खिलाड़ी इस बार भी टीम में हैं जो टाइटल जिताने में अपनी अहम भूमिका अदा कर सकते हैं।
यू मुम्बा ने ऑक्शन के दौरान पहले दो दिन केवल एक ही प्लेयर को साइन किया था लेकिन तीसरे दिन टीम ने कई सारे खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। टीम के युवा रेडर इस सीजन जरूर अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। वहीं डिफेंस में भी कई नए नाम हैं और उनके परफॉर्मेंस पर सबकी निगाहें होंगी।
हम आपको सीजन 8 से पहले यू मुम्बा की स्ट्रेंथ के बारे में बताते हैं।
अभिषेक और अजीत के ऊपर होगी रेडिंग की जिम्मेदारी
यू मुम्बा ने 8वें सीजन के लिए अपने स्टार रेडर अभिषेक सिंह को रिटेन किया है। सातवें सीजन में अभिषेक का परफॉर्मेंस काफी अच्छा रहा था। उन्होंने 10 सुपर टेन लगाते हुए 162 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। उसी तरह का परफॉर्मेंस वो एक बार फिर दोहराना चाहेंगे।
टीम ने ऑक्शन के दौरान वी अजीत कुमार को 25 लाख की रकम में खरीदा। उन्होंने पिछले सीजन तमिल थलाइवाज की तरफ से अपना डेब्यू करते हुए 121 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे और चार सुपर टेन लगाए थे। सीजन 8 में अजीत कुमार बेहतरीन तरीके से अभिषेक सिंह को सपोर्ट कर सकते हैं।
यू मुम्बा की टीम अपने इन दोनों रेडर्स पर काफी निर्भर करेगी और पूरी जिम्मेदारी इनके ऊपर होगी। इन दोनों के अलावा मोहसिन मगसोदुलू, नवनीत और अजिंक्य कापरे भी रेडिंग डिपार्टमेंट का अहम हिस्सा हैं।
फजल अत्राचली के ऊपर होगा सारा दारोमदार
यू मुम्बा ने सीजन 8 के ऑक्शन से पहले एलीट रिटेन्ड प्लेयर के तौर पर अपने कप्तान फजल अत्राचली को रिटेन किया। फजल अत्राचली पीकेएल इतिहास के सबसे सफल विदेशी डिफेंडर हैं। उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। वो लीग में 300 से ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल करने वाले एकमात्र विदेशी डिफेंडर हैं। पिछले दो सीजन उनका परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा है। उन्होंने इस दौरान 80 से ज्यादा टैकल प्वॉइंट लगातार हासिल किए। फजल इसके अलावा टीम में युवा खिलाड़ियों को मेंटर करने का काम भी करेंगे। उनके एक्सपीरियंस से नए प्लेयर्स को काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा।
आशीष सांगवान, अजीत, सुनील सिद्धगावली और हरेंद्र कुमार जैसे कवर डिफेंडर फजल अत्राचली का साथ देंगे। आशीष सांगवान की अगर बात करें तो उन्होंने बेंगलुरु बुल्स की तरफ से खेलते हुए 83 मैचों में 157 प्वॉइंट हासिल किए हैं। अपने पीकेएल करियर में वो पहली बार किसी दूसरी टीम की जर्सी में नजर आएंगे। यूपी योद्धा और गुजरात जायंट्स के पूर्व डिफेंडर पकंज रावल भी लेफ्ट कॉर्नर में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
युवा जोश दिला सकता है टीम को सफलता
यू मुम्बा ने राइट कॉर्नर पोजिशन के लिए दो टैलेंटेड प्लेयर्स रिंकू शर्मा और राहुल रावल को शामिल किया है। चंडीगढ़ के रिंकू शर्मा अपने एंकल होल्ड और डाइव्स के लिए मशहूर हैं और 67वें और 68वें सीनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में अपनी टीम के लिए वो टॉप डिफेंडर थे। यू मुम्बा ने उनके लिए इस सीजन सबसे ज्यादा बोली लगाई और उन्हें 32 लाख की रकम में साइन किया। राहुल रावल की अगर बात करें तो जूनियर नेशनल्स में उन्होंने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लिए दो गोल्ड मेडल जीते थे। वो भी टीम के लिए एक भरोसेमंद डिफेंडर साबित हो सकते हैं।
रेडिंग डिपार्टमेंट की अगर बात करें तो शिवम ठाकुर, कमलेश, जशनदीप सिंह और राहुल राणा जैसे बेहतरीन रेडर मौजूद हैं। शिवम ठाकुर इस सीजन की खोज साबित हो सकते हैं। यू मुम्बा के लिए ये युवा खिलाड़ी काफी बेहतरीन साबित हो सकते हैं और टीम को चैंपियन बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। 8वें सीजन में ये सभी प्लेयर अपना हुनर और क्षमता दिखाने के लिए बेताब होंगे।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.