प्रो कबड्डी लीग: 'टीम ऑफ द वीक' में कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल

(Courtesy : ProKabaddiLeague)
टूर्नामेंट के पहले हफ्ते में कई खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) की लगभग दो साल के बाद शानदार तरीके से वापसी हुई। 8वें सीजन का पहला हफ्ता बीत चुका है। इस दौरान कई विदेशी और भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। पहले हफ्ते में सभी टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और इससे पता चलता है कि टूर्नामेंट की भले ही दो साल बाद वापसी हुई है लेकिन खिलाड़ियों के जोश और जज्बे में कोई कमी नहीं आई है। एक से बढ़कर एक परफॉर्मेंस हमें देखने को मिले हैं।
हमने पिछले हफ्ते में किए गए शानदार प्रदर्शन की बदौलत एक टीम बनाई है। आइए जानते हैं किन-किन खिलाड़ियों को इस टीम में जगह मिली है।
नवीन कुमार
नवीन कुमार ने प्रो कबड्डी लीग के 8वें सीजन में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वो लीग के इतिहास में सबसे तेज 500 रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने महज 47 मैचों में ही ये रिकॉर्ड कायम कर दिया। नवीन कुमार ने मनिंदर सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 56 मैचों में ये कारनामा किया था।
अभी तक नवीन कुमार ने इस सीजन तीन मुकाबले खेले हैं और इस दौरान तीन सुपर 10 लगाए हैं। उन्होंने 39 सफल रेड में कुल मिलाकर 42 रेड प्वॉइंट हासिल किए हैं। यू-मुम्बा के खिलाफ उन्होंने सबसे ज्यादा 16 प्वॉइंट हासिल किए थे।
पवन सेहरावत
पवन सेहरावत ने तीनों ही मुकाबलों में बेंगलुरू बुल्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यू-मुम्बा के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 12 प्वॉइंट हासिल किए थे और बंगाल वॉरियर्स के खिलाफ 15 प्वॉइंट लेकर टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने 29 सफल रेड किए और 36 रेड प्वॉइंट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने दो सुपर 10 भी लगाए। इस सीजन वो जबरदस्त प्रदर्शन कर सकते हैं।
मनिंदर सिंह
बंगाल वॉरियर्स ने पिछले सीजन प्रो कबड्डी लीग का टाइटल जीता था और इस बार भी वो चैंपियन बनना चाहेंगे। मनिंदर सिंह का परफॉर्मेंस अभी तक काफी जबरदस्त रहा है। पहले तीन में से दो मैचों में टीम की जीत में उनकी भूमिका काफी अहम रही है। मनिंदर सिंह ने अभी तक 32 प्वॉइंट हासिल किए हैं।
मनिंदर सिंह ने कुल मिलाकर 24 सफल रेड किए और बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ अकेले 17 प्वॉइंट हासिल किए थे। वो बंगाल वॉरियर्स टीम को अकेले लेकर चलते हैं। आने वाले मैचों में वो और भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
मोहम्मद नबीबख्श
मोहम्मद नबीबख्श प्रो कबड्डी लीग के महानतम ऑलराउंडर्स में से एक हैं और बंगाल वॉरियर्स की टीम का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने अभी तक बंगाल के लिए जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन किया है। मोहम्मद नबीबख्श ने कुल मिलाकर सात टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं और 16 रेड प्वॉइंट हासिल किए हैं।

उनके 70 प्रतिशत टैकल सफल रहे हैं और टीम की जीत में उनका योगदान सबसे ज्यादा अहम होता है। मनिंदर सिंह को रेडिंग में वो बेहतरीन तरीके से असिस्ट देते हैं। वहीं सुपर टैकल की स्थिति में उनसे बेहतर डिफेंडर कोई नहीं है।
सुरेंदर नाडा
सुरेंदर नाडा प्रो कबड्डी लीग के सबसे अनुभवी डिफेंडर्स में से एक हैं। वो लगातार तीसरे सीजन प्रो कबड्डी लीग में हरियाणा स्टीलर्स की तरफ से खेल रहे हैं। पिछला सीजन वो नहीं खेले थे लेकिन इस सीजन धमाकेदार अंदाज में उनकी वापसी हुई है।
उन्होंने कुल मिलाकर सात सफल टैकल किए हैं। उनके 10 में से 9 प्वॉइंट केवल टैकल से ही आए हैं। वो दो सुपर टैकल भी कर चुके हैं। अगर हरियाणा स्टीलर्स को इस सीजन सफलता हासिल करनी है तो उसका काफी सारा दारोमदार सुरेंदर नाडा के ऊपर भी होगा।
जयदीप दहिया
जयदीप दहिया ने पिछले हफ्ते प्रो कबड्डी लीग में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने हरियाणा स्टीलर्स के लिए एक बेहतरीन डिफेंडर की भूमिका निभाते हुए दो हाई फाइव लगाए हैं। उन्होंने टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 9 सफल टैकल किए हैं। आने वाले मैचों में भी वो शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
मोहम्मदरेजा
मोहम्मदरेजा ने प्रो कबड्डी लीग के 8वें सीजन में पटना पाइरेट्स के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया है। उन्होंने दो मैचों में 9 प्वॉइंट हासिल किए हैं और इस दौरान दो सुपर टैकल भी किए हैं। टैकल में उनका 71 प्रतिशत का स्ट्राइक रेट रहा है। इस सीजन टीम को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.