Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसे किया चमत्कारी कमबैक? वापसी करते ही कर दिया बड़ा उलटफेर

Neeraj has been part of Khel Now Since November 2023 covering WWE and Kabaddi.
Published at :March 9, 2026 at 6:13 PM
Modified at :March 9, 2026 at 6:13 PM
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कैसे किया चमत्कारी कमबैक? वापसी करते ही कर दिया बड़ा उलटफेर

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पांच मैचों में 321 रन बनाए।

8 मार्च, 2026 की तारीख भारतीय क्रिकेट इतिहास में सदा के लिए अमर हो गई। इसी दिन भारत ऐसा पहला देश बना, जिसने तीन बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता हो और ऐसा भी पहली बार हुआ जब किसी टीम ने अपने टी20 वर्ल्ड कप टाइटल को सफलतापूर्वक डिफेंड किया हो। रविवार को टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

भारत की इस यादगार जीत में जाहिर तौर पर कई खिलाड़ियों का अतुल्य योगदान रहा। जसप्रीत बुमराह से लेकर ईशान किशन और शिवम दुबे तक, ये सारे खिलाड़ी इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे। मगर सबसे ज्यादा प्रभाव संजू सैमसन ने छोड़ा, जो बीच टूर्नामेंट में आए और महज पांच मुकाबले खेलकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीत ले गए।

अभिषेक शर्मा नहीं चल पा रहे थे, तिलक वर्मा फ्लॉप हो रहे थे, ऐसे में संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में लाया गया, जिससे बैटिंग ऑर्डर भी बदला। सैमसन ने आते ही ऐसा जलवा बिखेरा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सिर्फ पांच मैच खेलकर 321 रन बना डाले। खासकर अंतिम 3 मुकाबलों में तो लगातार तीन अर्धशतक लगाकर उन्होंने इतिहास ही रच दिया।

ओपनिंग से हटाए गए

मगर संजू सैमसन के लिए यह सफर बहुत उतार-चढ़ाव भरा रहा। गौतम गंभीर ने जबसे टीम इंडिया का हेड कोच पद संभाला, तभी से सैमसन को टी20 टीम में ओपनिंग पोजीशन के लिए तैयार किया जा रहा था।

बता दें बतौर ओपनर 2024 में उन्होंने शतकों की हैट्रिक भी लगाई थी, मगर जब शुभमन गिल टी20 टीम में वापस आए तो सैमसन का बल्लेबाजी ऑर्डर बदला हुआ नजर आया।

चूंकि सैमसन फॉर्म में थे, अचानक उनका बल्लेबाजी ऑर्डर बदलने से लोगों ने मैनेजमेंट को निशाना बनाना शुरू कर दिया। संजू अलग-अलग क्रमों में अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाए। नतीजा यह निकला कि सैमसन को बेंच पर बैठना पड़ा और प्रतीत होने लगा था कि अब उनकी प्लेइंग इलेवन तो दूर स्क्वाड में जगह सुरक्षित नहीं है।

करियर खत्म होने की थी अटकलें

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले संजू सैमसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के सभी 5 मैचों में ओपनिंग करने का मौका मिला। किस्मत इतनी खराब थी कि सैमसन सारे मैचों में फ्लॉप रहे और 5 पारियों में सिर्फ 46 रन बना पाए। चूंकि ईशान किशन अच्छा कर रहे थे, इसलिए सैमसन की जगह वर्ल्ड कप में अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन ओपन करने लगे।

अब संजू सैमसन के पास बेंच पर बैठकर टीम को खेलते देखने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। लगातार फ्लॉप होने के कारण उन अटकलों ने जोर पकड़ लिया था कि वर्ल्ड कप के बाद सैमसन को दोबारा कभी मौका नहीं मिलेगा। यहां तक कि उनका करियर खत्म होने के दावे सामने आने लगे थे। मगर कहते हैं कि यह सब नियति का खेल है और सैमसन के लिए भगवान ने कुछ और ही सोचा हुआ था।

चमत्कारी रिटर्न से दुनिया रह गई हैरान

दरअसल हुआ ये कि अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड कप अभियान बिल्कुल अच्छा नहीं जा रहा था। दूसरी ओर तिलक वर्मा भी नंबर 3 पर खराब स्ट्राइक रेट के कारण आलोचनाओं में घिरे थे। इसी बीच रिंकू को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह लोअर मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा को सेट कर दिया गया। नंबर 3 खाली हो चुका था, जहां ईशान किशन को भेजा गया।

बल्लेबाजी क्रम में मची इस उथल-पुथल के बाद भारत उसी प्लेइंग इलेवन पर वापस लौट आया, जहां टी20 वर्ल्ड कप से साल भर पहले था। अभिषेक के साथ फिर से सैमसन ने ओपनिंग की। याद दिला दें कि अभिषेक बीमार होने के कारण नामीबिया के साथ मैच में नहीं खेल पाए थे, वहां सैमसन को मौका मिला था, लेकिन 8 गेंद में 22 रन की पारी के बाद उन्हें फिर से बाहर होना पड़ा था।

लगातार तीन अर्धशतक जड़कर रचा इतिहास

मगर उनका असली रिटर्न सुपर-8 स्टेज में हुआ। जिम्बाब्वे के खिलाफ 15 गेंदों में 24 रन की पारी खेल उन्होंने बढ़िया टच में होने के संकेत दिए। उसके बाद वेस्टइंडीज के साथ भारत का करो या मरो मैच हुआ, जिसमें सैमसन ने नाबाद 97 रन बनाकर सुनिश्चित किया कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में जरूर जाए।

सैमसन का बल्ला अब किसी के रोके नहीं रुकने वाला था। सेमीफाइनल आया तो इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 42 गेंद में 89 रन की पारी खेल दी। अब तो तय हो चुका था कि फाइनल भी वो ही खेलेंगे। सैमसन ने फाइनल में भी निराश नहीं किया और 46 गेंद में 89 रन बना डाले, जिससे टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 255 रन बनाने में सफल रही।

उनका ड्रॉप होने से रिटर्न करने और फिर लगातार तीन अर्धशतकीय पारियों का यह सफर बहुत यादगार रहा। वो विराट कोहली और केएल राहुल के बाद ऐसे तीसरे भारतीय बने हैं, जिन्होंने वर्ल्ड कप में लगातार तीन पारियों में 50+ स्कोर बनाया हो।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neeraj Sharma
Neeraj Sharma

Enjoy playing different kind of sports but never got a chance to thrive, Neeraj has been writing about sports since 2018. Last 7 years have been full of ups and downs but passion of sports is still in the veins and would remain forever.