Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IND vs BAN: Rohit Sharma के प्रेस कॉन्फ्रेंस की पांच बड़ी बातें

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :September 17, 2024 at 7:19 PM
Modified at :September 17, 2024 at 7:20 PM
IND vs BAN: Rohit Sharma के प्रेस कॉन्फ्रेंस की पांच बड़ी बातें

कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस पर केएल राहुल को लेकर बड़ी टिप्पणी की।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने मंगलवार (17 सितंबर) को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से शुरू होने वाली आगामी सीरीज और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से संबंधित कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। रोहित ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी टेस्ट मैचों के लिए केएल राहुल का समर्थन करने का भी दावा किया।

रोहित ने बताया कि उनके लिए हर एक टेस्ट मैच बेहद ही जरूरी है, क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए इस सीरीज की काफी अहमियत नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि बांग्लादेश टेस्ट सीरीज आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रिहर्सल नहीं है, बल्कि वह प्वॉइंट्स जुटाने के लिए सीरीज को हाई नोट पर शुरू करेंगे। यहां हम आपको रोहित शर्मा के प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 महत्वपूर्ण बातें बताने जा रहे हैं।

1. युवा खिलाड़ियों को करना है तैयार

कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने पर जोर दिया। उनके अनुसार यशस्वी जायसवाल, सरफराज अहमद और युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ियों को तैयार करना है, ताकि भारतीय टेस्ट क्रिकेट का आगे का भविष्य बेहतर हो सके। बता दें कि, इन तीनों खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।

रोहित ने कहा, “हमें जायसवाल, सरफराज और ध्रुव जुरेल को तैयार करना है। जायसवाल ने मुश्किल हालातों में अच्छा खेला। सरफराज ने बेखौफ खेला, वैसे ही जुरेल ने भी किया।”

2. वर्कलोड मैनेजमेंट का रखना होता है ध्यान

रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सहित अन्य खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि, वह चाहते हैं कि उनके सबसे अच्छे खिलाड़ी हर मैच खेलें, लेकिन अलग-अलग फॉर्मेट में खेलने के चलते खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट का ध्यान रखना जरूरी होता है।

भारतीय कप्तान ने कहा, “हम तो चाहते हैं कि बेस्ट खिलाड़ी हमेशा खेलें, लेकिन यहां देखना होगा कि टेस्ट मैच के बीच में टी20 हो रहा है। ऐसे में हमें वर्कलोड मैनेजमेंट का ध्यान रखना होता है।”

बुमराह के वर्कलोड के बारे में बात करते हुए रोहित ने कहा, “इंग्लैंड सीरीज में भी हमने जसप्रीत बुमराह को आराम देकर मोहम्मद सिराज को मौका दिया था।”

3. केएल राहुल के पास है टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता

कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में केएल राहुल का खुलकर समर्थन किया। रोहित ने बताया कि, उन्होंने उन्हें जैसा संदेश दिया है, वह उसी हिसाब से खेलते आ रहे हैं। इसके अलावा, कप्तान ने यह उम्मीद जताई है कि राहुल आगे भी वैसा ही खेलेंगे, क्योंकि उनके पास टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है।

रोहित ने कहा, “हम चाहते थे कि वह (केएल राहुल) हर गेम खेलें। केएल राहुल को हमने जो मैसेज दिया है वह उस हिसाब से खेले हैं। उम्मीद है कि, जहाँ से उन्होंने हैदराबाद का टेस्ट मैच छोड़ा था, वह वैसा ही खेलेंगे। केएल राहुल के पास टेसग क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है, मुझे कोई कारण नहीं दिखता है कि वह इस फॉर्मेट में सफल नहीं हो सकते।”

4. हर एक कोचिंग स्टाफ का अलग होता है तरीका

रोहित शर्मा ने भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में हुए बदलाव पर भी अपनी राय रखी। उनका मानना है कि हर एक कोचिंग स्टाफ का अलग तरीका होता है और वह नए कोचिंग स्टाफ को अच्छी तरह से जानते हैं, क्योंकि उनमें से कुछ के खिलाफ वह खेल चुके हैं और कुछ के साथ काम कर चुके हैं।

रोहित ने कहा, “नया [कोचिंग] स्टाफ आया है लेकिन मैं गौतम गंभीर और अभिषेक नायर को पहले से जानता हूं, मोर्नी मॉर्कल के आमने-सामने खेला हूं और रियान टेन डोशेट के खिलाफ एक-दो मैच खेला हूँ। राहुल द्रविड़, पारस महाम्ब्रे और विक्रम राठौड़ का तरीका अलग था। मैं 17 सालों से खेल रहा हूँ, इसीलिए मुझे पता है कि हर एक कोचिंग स्टाफ का तरीका अलग होता है।”

5. ऐसी प्लेइंग 11 चुनना चाहते हैं जो जीतने का मौका दे

बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से चेन्नई में खेले जाने वाले टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन के चुनाव पर भी रोहित शर्मा ने कुछ बड़ी बातें कहीं। उन्होंने बताया कि, प्लेइंग इलेवन चुनते समय टीम मैनेजमेंट का ध्यान कुछ चीजों पर रहता है, इसीलिए उन्हें इस पर सोचने की ज्यादा जरूरत नहीं होगी। कप्तान ने यह भी कहा कि, वह ऐसी प्लेइंग इलेवन चुनना चाहते हैं, जो भारत को मैच जीतने का मौका दे।

37 वर्षीय ने कहा, “प्लेइंग 11 को चुने जाने को लेकर कुछ चीजें साफ होती है, जिस पर हमारा फोकस रहता है। इस पर ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होगी। जब हमने पिछली सीरीज खेली थी तो कई खिलाड़ी चोटिल थे, कुछ अभी भी चोटिल हैं लेकिन कई खिलाड़ी उपलब्ध हैं। ऐसे में हम ऐसी प्लेइंग 11 चुनना चाहते हैं जो कि हमें टेस्ट मैच जीतने का मौका दे।”

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.