IND vs NZ फाइनल के लिए भारत की बेस्ट प्लेइंग 11; ये खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में मचा सकते हैं धमाल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
टीम इंडिया ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को मात दी थी। भारत के कई खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसकी वजह से फाइनल में भारत का कॉम्बिनेशन काफी मजबूत नजर आता है।
हालांकि, टीम में अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती जैसे खराब फॉर्म में चल रहे कुछ खिलाड़ी जरूर हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि भारतीय टीम सेम विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़ेगी। तो चलिए यहां हम आपको टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए भारत की बेस्ट प्लेइंग 11 के बारे में बताते हैं।
IND vs NZ फाइनल मुकाबले के लिए भारतीय टीम की बेस्ट 11-
1. संजू सैमसन (विकेटकीपर)

संजू सैमसन इस टूर्नामेंट में भारत के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने सिर्फ 4 मैचों में 232 रन बनाए हैं और उनका औसत 77.33 रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 201.73 का रहा है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 50 गेंदों में 97* और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 42 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली थी। इन पारियों की बदौलत भारत ने फाइनल तक का सफर तय किया है।
2. अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में बड़ी पारियां नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 7 मैचों में 12.71 की औसत और 130.88 की स्ट्राइक रेट से 89 रन बनाए हैं। हालांकि, उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली की वजह से टीम मैनेजमेंट उन्हें लगातार मौके दे रहा है। पॉवरप्ले में तेज रन बनाने की उनकी क्षमता भारत के लिए अहम हो सकती है।
3. ईशान किशन

ईशान किशन इस टूर्नामेंट में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 263 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 189.20 का रहा है।
उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 40 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली थी, जो भारत की जीत में अहम साबित हुई थी। इसके अलावा नामीबिया के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन बनाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया था। सेमीफाइनल में भी उन्होंने 18 गेंदों पर 39 रनों की प्रभावशाली पारी खेली थी।
4. सूर्यकुमार यादव (कप्तान)

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी इस टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने 8 मैचों में 242 रन बनाए हैं और उनका औसत 34.57 रहा है। ग्रुप स्टेज में यूएसए के खिलाफ उन्होंने 49 गेंदों में 84* रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। हालांकि, इसके बाद से वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। अब फाइनल में मिडिल ऑर्डर में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारत के लिए बेहद अहम रहने वाली है।
5. तिलक वर्मा

तिलक वर्मा ने इस टूर्नामेंट में मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 8 मैचों में 199 रन बनाए हैं और कई मौकों पर तेजी से रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ सिर्फ 16 गेंदों में 44* रन, वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 गेंदों पर 27 रन, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 7 गेंदों में 21 रनों जैसी तेज पारियाँ खेली हैं।
6. हार्दिक पांड्या

हार्दिक पांड्या इस टीम के सबसे अहम ऑलराउंडरों में से एक हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 199 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 8 विकेट भी लिए हैं। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 28 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली थी, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 23 गेंदों में 50* रन बनाकर शानदार फिनिश किया था। सेमीफाइनल में भी उन्होंने एक छोटी लेकिन तेज पारी खेली थी।
7. शिवम दुबे

शिवम दुबे ने इस टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया है। उन्होंने 8 मैचों में 209 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 159.54 का रहा है। उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ सिर्फ 31 गेंदों में 66 रन बनाए थे, जबकि कई अन्य मैचों में भी प्रभावशाली पारियां खेली हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में भी उन्होंने 5 विकेट हासिल किए हैं।
8. अक्षर पटेल

अक्षर पटेल ने इस टूर्नामेंट में गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 6 मैचों में 8 विकेट हासिल किए हैं और उनका इकॉनमी रेट 8.09 रहा है। वह मिडिल ओवरों में रन रोकने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं।
9. अर्शदीप सिंह

अर्शदीप सिंह ने इस टूर्नामेंट में नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने 7 मैचों में 9 विकेट लिए हैं और कई बार शुरुआती विकेट लेकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई है। उनकी स्विंग गेंदबाजी न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर के लिए चुनौती बन सकती है।
10. वरुण चक्रवर्ती

वरुण चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में अब तक भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 8 मैचों में 13 विकेट लिए हैं और कई मैचों में मिडिल ओवरों में विकेट निकालकर मैच का रुख बदला है। हालांकि, सुपर 8 स्टेज में वह लगातार कई मैचों में महंगे साबित हुए हैं, लेकिन अहमदाबाद के पिच पर वह अहम भूमिका निभा सकते हैं
11. जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 10 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 6.62 रहा है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3/15 का शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के खिलाफ हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल मैच में मात्र 32 रन खर्च किए थे। डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी भारत के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकती है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.