IND vs NZ: क्या पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शिरकत? रविवार को अहमदाबाद में होगा महामुकाबला

पीएम नरेंद्र मोदी इससे पहले भी कुछ मौकों पर भारतीय टीम का मैच देखने के लिए स्टेडियम गए हैं।
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को 7 रनों से हराया। अब फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को मात दी थी।
बता दें टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह भारत का लगातार चौथा ICC फाइनल है, जहां टीम ने पिछले दो ICC इवेंट जीते हैं। सूर्यकुमार की अगुवाई वाली टीम ICC खिताबों की हैट्रिक लगाने और अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने की कोशिश करेगी।
इसमें कोई संदेह नहीं है कि अहमदाबाद में IND vs NZ के फाइनल का माहौल 2023 वर्ल्ड कप फाइनल जैसा ही होगा। इसके अलावा, कई जानी-मानी हस्तियों के भी इस मैच में शिरकत करने की उम्मीद है। पिछली बार इसी मैदान पर हुए फाइनल में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे।
क्या पीएम नरेंद्र मोदी भारत बनाम न्यूजीलैंड के फाइनल को देखने जाएंगे?
वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल के दौरान नरेंद्र मोदी की उपस्थिति ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा बटोरी थी।
हालांकि, अभी तक प्रधानमंत्री मोदी के फाइनल में उपस्थित होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मिडिल ईस्ट में चल रही वॉर पर नजर होने के कारण पीएम मोदी के इस मैच में शामिल होने की संभावना फिलहाल कम दिख रही है।
फाइनल की बात करें तो दुनिया की नंबर 1 रैंकिंग वाली टीम भारत इस टूर्नामेंट में ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार है। सेमीफाइनल तक भारत बड़े स्कोर बनाने में संघर्ष कर रही थी, लेकिन जैसे-जैसे टीम नॉकआउट स्टेज में पहुंची, बल्लेबाजी ने लय पकड़ी और बोर्ड पर बड़ा स्कोर खड़ा किया।
बहरहाल, फाइनल एक अलग चुनौती होगी। पिछले तीन ICC इवेंट में भारत केवल दो मैच हारा है और वो दोनों ही मुकाबले अहमदाबाद में हुए थे। इस बार टीम उस नतीजे को पलटने और खिताब अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.