Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IND vs SA: शुभमन गिल की चोट पर आया बड़ा अपडेट, दूसरे टेस्ट में खेलने पर सस्पेंस बरकरार

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :November 19, 2025 at 9:40 PM
Modified at :November 19, 2025 at 9:40 PM
IND vs SA: शुभमन गिल की चोट पर आया बड़ा अपडेट, दूसरे टेस्ट में खेलने पर सस्पेंस बरकरार

IND vs SA के पहले टेस्ट के दौरान कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के चलते रिटायर हर्ट हो गए थे।

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को लेकर चल रही सारी अटकलों के बीच एक बड़ी पुष्टि सामने आई है कि वह टीम इंडिया के साथ गुवाहाटी जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से बारसापारा स्टेडियम में शुरू होना है और इसी बीच गिल की फिटनेस को लेकर टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।

गिल की चोट को देखते हुए यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि कोलकाता टेस्ट के दौरान उनकी गर्दन में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद वह पहली पारी में सिर्फ तीन गेंद खेलने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे।

गुवाहाटी में टीम के साथ यात्रा को लेकर उठी थी शंकाएं

पहले यह खबरें सामने आई थीं कि गर्दन की चोट को देखते हुए गिल को फ्लाइट से यात्रा करने से बचना चाहिए और इस कारण उन्हें गुवाहाटी नहीं भेजा जाएगा। लेकिन बाद में सामने आई जानकारी से साफ हुआ कि मेडिकल टीम की सलाह के बाद गिल को सफर के लिए फिट माना गया है और यही वजह है कि वह योजना के मुताबिक टीम के साथ यात्रा करेंगे।

बीसीसीआई ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि शुभमन गिल उपचार का अच्छा रिस्पॉन्स दे रहे हैं और मेडिकल टीम उनकी निगरानी पूरी तरह बनाए हुए है।

बीसीसीआई का गिल की चोट पर आधिकारिक बयान

Shubman Gill, IND vs WI, India, Indian Cricket Team,
Shubman Gill (Image Source: BCCI Twitter)

गिल की चोट पर बीसीसीआई ने बताया कि उन्हें कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन स्ट्रेन महसूस हुआ था जिसके बाद जांच के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया और एक रात ऑब्जर्वेशन के बाद छुट्टी दे दी गई।

बोर्ड ने साफ कहा है कि वह 19 नवंबर को टीम के साथ गुवाहाटी रवाना होंगे और उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। इस जानकारी से यह तो स्पष्ट है कि टीम मैनेजमेंट कप्तान को खिलाने की इच्छा रखता है लेकिन किसी भी तरह का जोखिम लेने को तैयार नहीं है।

मुंबई ले जाने की संभावना क्यों टली

दूसरी तरफ खबर यह भी आई कि मेडिकल टीम ने गिल को मुंबई ले जाकर स्पेशलिस्ट डॉक्टर को दिखाने की संभावना पर विचार किया था। हालांकि, उनकी स्थिति बेहतर देखने के बाद इस योजना को रोक दिया गया और तय हुआ कि कप्तान टीम के साथ ही यात्रा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार यह वही योजना है जो शुरुआत से तय की गई थी और अंतिम समय में बदलाव की संभावना काफी कम है।

नीतिश कुमार रेड्डी को बुलाया गया वापस

गिल की उपलब्धता पर बादल मंडराने के बीच टीम इंडिया ने नीतिश कुमार रेड्डी को भी वापस बुला लिया है, जिन्हें पहले टेस्ट के लिए रिलीज कर दिया गया था।

भारतीय बैटिंग लाइनअप में कई बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी को देखते हुए रेड्डी को गिल की जगह खेलने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। टीम मैनेजमेंट चाहती है कि दूसरे टेस्ट में बैलेंस बना रहे और परिस्थितियों को देखते हुए सबसे बेहतर कॉम्बिनेशन चुना जाए।

गुवाहाटी टेस्ट की क्या है अहमियत

वर्तमान समय में चल रही दो मैचों टेस्ट सीरीज में भारत अभी 0-1 से पीछे है, क्योंकि कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया 124 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 रनों से हार गई थी।

ऐसे में गुवाहाटी टेस्ट न सिर्फ बराबरी का मौका देगा, बल्कि टीम की मानसिक मजबूती को भी परखेगा। कप्तान गिल की फिटनेस इस मुकाबले की कहानी बदल सकती है और इसलिए सभी की नजरें अगले कुछ घंटों में उनकी मेडिकल रिपोर्ट पर रहेंगी।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.