अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हुआ ऐलान; 4 नए खिलाड़ियों को मिला मौका

(Courtesy : BCCI)
भारत की टेस्ट और वनडे टीम में काफी बड़े बदलाव हुए हैं।
IPL 2026 खत्म होने के तुरंत बाद टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। इसी कड़ी में बीसीसीआई ने दोनों सीरीजों के लिए भारतीय टीम के स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस स्क्वाड में चार खिलाड़ियों को पहली बार शामिल किया गया है।
इस टीम सेलेक्शन में ऋषभ पंत को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, क्योंकि उन्हें एक बार फिर वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को वनडे टीम में जगह जरूर मिली है, लेकिन दोनों खिलाड़ी पूरी तरह फिट होने के बाद ही प्लेइंग XI में शामिल हो पाएंगे।
बता दें कि, पांड्या चोटिल होने के चलते आईपीएल 2026 में बाहर चल रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं, लेकिन उससे पहले वह NCA में अपना फिटनेस टेस्ट देंगे।
शुभमन गिल करेंगे भारतीय टीम की कप्तानी

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे दोनों सीरीज में शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। हालांकि, टेस्ट टीम में केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि वनडे टीम में यह जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को मिली है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जून से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में, दूसरा लखनऊ में और तीसरा मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा।
वनडे टीम से बाहर हुए ऋषभ पंत, लेकिन टेस्ट टीम में जगह
पिछले कुछ समय से ऋषभ पंत की वनडे फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इसके अलावा, आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। ऐसे में चयनकर्ताओं ने इस बार लंबे समय बाद वनडे टीम में ईशान किशन को वापसी का मौका दिया है, जबकि पंत को बाहर बैठना पड़ेगा।
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा बरकरार रखा है। यही वजह है कि वह टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। दूसरी तरफ ध्रुव जुरेल को भी टेस्ट टीम में बैकअप विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है।
चार युवा खिलाड़ियों को पहली बार मिली टीम इंडिया में जगह
बीसीसीआई ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन करने वाले चार युवा खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया है। दरअसल, मानव सुथार, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को टेस्ट टीम का हिस्सा बनाया गया है, जबकि LSG के लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले प्रिंस यादव को वनडे टीम में जगह मिली है।
हालांकि, विदर्भ के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर और रणजी के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने पास रखने वाले हर्ष दुबे और पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को वनडे और टेस्ट दोनों ही स्क्वाड में जगह मिली है।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.