क्या हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे की आईपीएल टीमों में होगी अदला-बदली? जानिए आखिर क्या है सच्चाई

हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक कुछ खास नहीं रहा है।
वह साल था 2024 जब मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड किया था। क्या सिर्फ 3 साल के भीतर MI का मैनेजमेंट हार्दिक की कप्तानी से तंग आ चुका है, जो उन्हें दोबारा ट्रेड किए जाने की खबरों ने तूल पकड़ लिया है। मुंबई की टीम अभी IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी हुई है।
इसमें कोई शक नहीं कि हार्दिक पांड्या विश्व के टॉप ऑलराउंडर खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन यह भी सच है कि पिछले तीनों सीजन उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने संघर्ष किया है। हालांकि, 2025 में टीम प्लेऑफ तक पहुंची थी। लेकिन IPL 2026 पर नजर डालें तो MI की टीम 9 मुकाबलों में केवल दो जीत दर्ज कर पाई है।
अब आईपीएल 2026 के बीच एक ऐसा दावा सामने आया है कि मुंबई की टीम हार्दिक पांड्या को शिवम दुबे के लिए CSK के साथ ट्रेड कर सकती है। दुबे भी एक बेहतरीन तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं, जो 2022 से लगातार चेन्नई सुपर किंग्स का अभिन्न हिस्सा बने रहे हैं।
दुबे इस सीजन 140.19 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 150 रन बना चुके हैं, इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी टीम इंडिया के लिए खेलते हुए उन्होंने फिनिशर का रोल बखूबी निभाया था। मगर इन दावों में आखिर कितनी सच्चाई है, क्या सच में मुंबई हार्दिक को चेन्नई के साथ ट्रेड करने वाली है? यहां जानिए इन दावों के पीछे की पूरी सच्चाई कि क्या हार्दिक अगले सीजन पीली जर्सी में खेलते नजर आएंगे?
CSK के सीईओ से मिले हार्दिक पांड्या, ट्रेड की चर्चा तेज

IPL 2026 के लीग स्टेज में इस बार चेन्नई ने दोनों बार मुंबई इंडियंस को हराया है। 2 मई को खेले गए मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर चेन्नई ने MI को हराया था। उस मुकाबले के बाद हार्दिक पांड्या को CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन से बात करते देखा गया। बस उसी के बाद हार्दिक के चेन्नई टीम में जाने की अफवाहों ने तूल पकड़ना शुरू कर दिया।
2 मई को चेन्नई की जीत के बाद हार्दिक और काशी विश्वनाथन की जुगलबंदी का वीडियो कैमरा में कैद हो गया। दोनों की बातचीत हुई और इसी दौरान हार्दिक ने विश्वनाथन को गले लगाया और हाथ भी मिलाया।
दरअसल जब IPL 2025 में संजू सैमसन के सीएसके में जाने की चर्चा चल रही थी, तब काशी विश्वनाथन ने ऐसे ही एक पोस्ट का जवाब दिया था, जिसके बाद सैमसन वाकई में चेन्नई टीम का हिस्सा बने थे। अब हार्दिक की उनके साथ वीडियो वायरल हुई है, इसलिए हार्दिक के CSK में जाने की अटकलों ने जोर पकड़ा है।
इन दावों में कितनी सच्चाई है, इसको लेकर किसी भी पक्ष की ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है और ना ही ऐसे किसी विश्वसनीय स्रोत ने कोई रिपोर्ट जारी की है, जो हार्दिक के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने का समर्थन करती हो। खैर, हार्दिक और विश्वनाथन के बीच क्या बातचीत हुई, उसको लेकर अब तक कुछ साफ नहीं हो पाया है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.