टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन और विकेट, फाइनल के बाद, IND vs NZ

भारत तीसरी बार बना टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन।
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत है। इसके अलावा भारत ऐसा पहला देश है, जिसने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड किया है, साथ ही तीसरा खिताब भी जीता।
मैच की बात करें तो संजू सैमसन ने बल्लेबाजी में 89 रन बनाए थे, लेकिन प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जसप्रीत बुमराह को मिला जिन्होंने 4 बहुमूल्य विकेट चटकाए। 7 फरवरी से इस वर्ल्ड कप की शुरुआत हुई थी, कुल 20 टीमों ने इस टूर्नामेंट में भाग लिया लेकिन सभी चुनौतियों को पार करके भारतीय टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई है।
फाइनल मैच से पूर्व अभिषेक शर्मा की भी जमकर आलोचना हो रही थी, लेकिन उन्होंने 21 गेंद में 52 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली। अभिषेक ने 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी रही। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा टीम टोटल है।
न्यूजीलैंड की टीम टॉस जीती थी फिर भी पूरे मैच में पिछड़ी हुई नजर आई। लक्ष्य का पीछा करते समय पूरी कीवी टीम मात्र 159 रनों पर ऑलआउट हो गई और इसी के साथ भारत ने खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। तो चलिए फाइनल मुकाबले के बाद जानते हैं कि इस पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने और विकेट लेने वाले खिलाड़ी कौन-कौन हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान रहे, जिनके बल्ले से 383 रन निकले। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट इस सूची में दूसरे नंबर पर रहे, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 326 रन बनाए।
संजू सैमसन ने 321 रन बनाए, इसी के साथ वह वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। भारत के ही ईशान किशन ज्यादा पीछे नहीं रहे, उन्होंने टूर्नामेंट में 317 रन बनाए और पांचवें स्थान पर न्यूजीलैंड के फिन एलन रहे।
- साहिबजादा फरहान (PAK) – 383 रन
- टिम साइफर्ट (NZ) – 326 रन
- संजू सैमसन (IND) – 321 रन
- ईशान किशन (IND) – 317 रन
- फिन एलन (NZ) – 298 रन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज

यूएसए के शेडली वैन शाल्कविक लंबे समय तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने रहे, जिन्होंने 13 विकेट लिए। हालांकि, फाइनल मुकाबले के बाद शाल्कविक पहले स्थान से खिसककर तीसरे स्थान पर आ गए।
भारत के जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे, दोनों स्टार भारतीय गेंदबाजों ने 14-14 विकेट चटकाए। जिम्बाब्वे के उभरते हुए स्टार ब्लेसिंग मुजरबानी चौथे स्थान पर रहे, जिन्होंने 13 विकेट लिए। पांचवें नंबर पर विराजमान आदिल रशीद ने भी 13 विकेट लिए।
- जसप्रीत बुमराह (IND) – 14 विकेट
- वरुण चक्रवर्ती (IND) – 14 विकेट
- शेडली वैन शाल्कविक (USA) – 13 विकेट
- ब्लेसिंग मुजरबानी (ZIM) – 13 विकेट
- आदिल रशीद (ENG) – 13 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.