IPL 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स को मिले नए खरीददार, भारी भरकम कीमत में फाइनल हुई डील

IPL 2026 के बीच में राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक में बड़ा बदलाव हुआ है।
आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स (RR) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने फैंस और क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। हाल ही में टीम के मालिकाना हक में बड़ा बदलाव हुआ है, जिसके चलते अब यह फ्रेंचाइजी एक नए दौर में प्रवेश करती नजर आ रही है।
दिलचस्प बात यह है कि कुछ समय पहले ही इस फ्रेंचाइजी को खरीदने के लिए एक विदेशी इन्वेस्टर्स ग्रुप ने बोली जीती थी, लेकिन वह डील पूरी नहीं हो सकी। इसी बीच अब अचानक से तस्वीर बदल गई है और एक नई डील ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
काल सोमानी की डील टूटने के बाद पूनावाला और मित्तल ने मारी एंट्री
मार्च 2026 में एक अमेरिकी निवेशक समूह ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए बोली जीती थी। इस ग्रुप में टेक एंटरप्रेन्योर काल सोमानी के साथ NFL टीमों के मालिक भी शामिल थे।
हालांकि, कई राउंड की बोली के बाद भी यह डील फाइनल नहीं हो पाई। इसके पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी, लेकिन इसी बीच मित्तल और पूनावाला की एंट्री ने पूरी कहानी बदल दी।
लक्ष्मी मित्तल और अदार पूनावाला बने राजस्थान रॉयल्स के नए मालिक

भारतीय अरबपति उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर राजस्थान रॉयल्स को खरीद लिया है। यह डील करीब 1.65 बिलियन डॉलर यानी लगभग 15,660 करोड़ रुपये में हुई है, जो आईपीएल इतिहास की बड़ी डील्स में से एक मानी जा रही है।
इस समझौते के तहत मित्तल परिवार के पास करीब 75% हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला के पास 18% शेयर रहेंगे। बाकी 7% हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास ही रहेगी, जिसमें मनोज बडाले भी शामिल हैं।
गौरतलब हो कि, मौजूदा मालिक मनोज बडाले टीम के साथ जुड़े रहेंगे और नए मालिकों के साथ मिलकर काम करेंगे। साथ ही लक्ष्मी मित्तल, आदित्य मित्तल, वनीशा मित्तल, अदार पूनावाला और बडाले टीम के बोर्ड का हिस्सा बनेंगे।
18 साल में 58 गुना बढ़ी राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी की वैल्यू
आईपीएल के पहले सीजन की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स को 2008 में करीब 67 मिलियन डॉलर में खरीदा गया था। अब इसकी वैल्यू बढ़कर 1.65 बिलियन डॉलर (लगभग 15,660 करोड़ रुपये) हो चुकी है। यानी करीब 18 साल में इस फ्रेंचाइजी की कीमत 58 गुना तक बढ़ गई है, जो आईपीएल की बढ़ती ताकत को दिखाता है।
इस डील में सिर्फ आईपीएल टीम ही नहीं, बल्कि रॉयल्स ब्रांड की अन्य टीमें भी शामिल हैं। इसमें SA20 की पार्ल रॉयल्स और CPL की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं, जिससे यह एक ग्लोबल क्रिकेट डील बन गई है।
राजस्थान से जुड़ाव बना मित्तल की फ्रेंचाइजी खरीदने की बड़ी वजह
लक्ष्मी मित्तल ने कहा कि उनका परिवार राजस्थान से जुड़ा हुआ है और उन्हें क्रिकेट से काफी लगाव है। ऐसे में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बनना उनके लिए खास मायने रखता है।
इस बड़े बदलाव के बाद अब साफ है कि राजस्थान रॉयल्स एक नए फेज में प्रवेश कर चुकी है, जहां आने वाले समय में टीम की रणनीति और दिशा दोनों बदलती नजर आ सकती हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.