3 न्यूजीलैंड खिलाड़ी जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के लिए बन सकते हैं खतरा

(Courtesy : Getty Images)
फिन ऐलन ने सेमीफाइनल में सिर्फ 33 गेंदों पर नाबाद 100* रन बनाकर न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और फाइनल मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है, क्योंकि दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां तक पहुंची हैं।
भारतीय टीम इस समय बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही है, लेकिन न्यूजीलैंड हमेशा बड़े मुकाबलों में खतरनाक साबित होती है। कीवी टीम के पास कुछ ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं।
खासकर उनके टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर में ऐसे बल्लेबाज हैं जो कुछ ही ओवरों में मैच को भारत की पकड़ से दूर ले जा सकते हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले से पहले उन तीन न्यूजीलैंड खिलाड़ियों के बारे में जानना जरूरी है, जो भारत की राह में सबसे बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
ये 3 कीवी खिलाड़ी फाइनल में भारत के लिए बन सकते हैं सबसे बड़ा खतरा-
3. रचिन रविंद्र

रचिन रविंद्र इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के सबसे उपयोगी खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। वह एक बैटिंग ऑलराउंडर हैं और बल्ले तथा गेंद दोनों से टीम के लिए अहम योगदान दे रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 6 पारियों में 128 रन बनाए हैं, जिसमें 59* रनों की एक सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल है।। इस दौरान उनका औसत 32.0 और स्ट्राइक रेट 136.17 रहा है। वह आमतौर पर फिन ऐलन और टिम सैफर्ट के बाद नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आते हैं, इसीलिए बल्लेबाजी में भी उनकी भूमिका अहम है।
रचिन ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 8 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 10.63 और इकॉनमी मात्र 6.88 रही है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/27 रहा है।
इतना ही नहीं, रचिन रविंद्र अब टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में न्यूजीलैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन चुके हैं। इस सूची में 13 विकेट के साथ ट्रेंट बोल्ट पहले स्थान पर हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में वह भारत के लिए दोहरी चुनौती बन सकते हैं और दो विकेट लेकर बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
2. ग्लेन फिलिप्स

ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के सबसे खतरनाक टी20 खिलाड़ियों में से एक माने जाते हैं। वह मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं और साथ ही उपयोगी ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फिलिप्स ने अब तक 8 मैचों में 5 पारियों में 176 रन बनाए हैं। उनका औसत 44.0 और स्ट्राइक रेट 160.0 रहा है। इस दौरान उन्होंने 1 अर्धशतक लगाया है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 76* रहा है।
गेंदबाजी में भी उन्होंने टीम को संतुलन दिया है। फिलिप्स ने इस टूर्नामेंट में 5 पारियों में 3 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 37.33 और इकॉनमी 9.33 रही है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्पेल 1/21 रहा है।
फिलिप्स आईपीएल में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं, जिसके कारण उन्हें अहमदाबाद की परिस्थितियों की अच्छी समझ है। भले ही वह गुजरात के लिए वहां कोई मैच नहीं खेल सके हैं, लेकिन होम ग्राउंड होने के कारण टीम के साथ यहाँ ज्यादा समय बिताने की वजह से वह इस मैदान की पिच और हालात से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
1. फिन ऐलन

न्यूजीलैंड के ओपनर फिन ऐलन इस समय टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 8 मैचों की 7 पारियों में 289 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 57.80 और स्ट्राइक रेट 203.52 रहा है, जो बताता है कि वह कितनी तेजी से रन बना रहे हैं।
ऐलन इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इस संस्करण में 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाया है और 24 चौके व 20 छक्के जड़े हैं।
सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों पर नाबाद 100 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए और न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। अगर ऐलन फाइनल में भी इसी तरह की शुरुआत दे देते हैं तो भारत के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना बेहद मुश्किल हो सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.