Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 11 Auction: पहले दिन सबसे महंगे बिकने वाले पांच खिलाड़ी

Neeraj has been part of Khel Now Since November 2023 covering WWE and Kabaddi.
Published at :August 16, 2024 at 1:01 AM
Modified at :August 16, 2024 at 1:01 AM
PKL 11 Auction: पहले दिन सबसे महंगे बिकने वाले पांच खिलाड़ी

PKL 11 के पहले दिन के ऑक्शन में इन सभी खिलाड़ियों पर खूब सारे पैसे लुटाए गए।

प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) के ऑक्शन में कई नामी खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। पवन सहरावत से लेकर सचिन तंवर जैसे प्लेयर्स पर बोली करोड़ों में जा पहुंची और इस बीच कुछ नए खिलाड़ियों पर भी टीम मालिकों ने जमकर विश्वास दिखाया। यहां तक कि कई खिलाड़ियों के लिए टीमों के बीच बिडिंग वॉर भी हुआ। तो चलिए जानते हैं उन टॉप पांच खिलाड़ियों के बारे में, जिन पर पीकेएल के 11वें सीजन के ऑक्शन में सबसे महंगी बोली लगी है।

5. भरत हूडा – 1.3 करोड़ रुपये (यूपी योद्धा)

भरत अभी युवा हैं, जोश से भरे हैं और 11वें सीजन के लिए उन्हें यूपी योद्धा ने खरीदा है। यूपी योद्धा ने उनके ऊपर 1.3 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें खरीदा है। भरत युवा हैं और अब रणधीर सिंह सहरावत के अंडर तीन साल खेल कर उन्होंने खूब सारा अनुभव भी प्राप्त कर लिया है। भरत हालांकि 10वें सीजन में 103 ही रेड प्वाइंट बटोर पाए, लेकिन यूपी योद्धा को उनसे सीजन 9 वाले प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी। भरत ने नौवें सीजन में कुल 279 रेड प्वाइंट अर्जित किए थे। उन्हें उस सीजन में बेस्ट रेडर ऑफ द सीजन का अवार्ड भी मिला था।

4. पवन सहरावत – 1.725 करोड़ (तेलुगू टाइटंस)

पवन सहरावत को फाइनल मैच बिड (FBM) कार्ड का इस्तेमाल करके तेलुगू टाइटंस ने दोबारा अपने साथ जोड़ लिया है। तेलुगू टाइटंस ने उन्हें खरीदने के लिए इस बार 1.725 करोड़ रुपये खर्चे हैं। अपने पीकेएल करियर में पांच सीजन बेंगलुरु बुल्स में गुजार चुके हैं और उनकी कोच रणधीर सिंह सहरावत के साथ काफी अच्छी बनती है।

11वें सीजन के ऑक्शन में जब पवन सहरावत का नाम सामने आया तो बेंगलुरु बुल्स ने बोली की शुरुआत की और काफी देर तक रेस में बने रहे, जिसके बाद यू मुम्बा भी रेस में शामिल हुई। मगर अंत में तेलुगू टाइटंस ने FBM कार्ड खेलकर बाजी मार ली। पवन ने पिछले सीजन 21 मैचों में 202 रेड प्वाइंट बटोरे थे।

3. गुमान सिंह – 1.97 करोड़ (गुजरात जायंट्स)

गुमान सिंह 11वें सीजन के ऑक्शन में बड़े नाम के रूप में उभर कर सामने आए हैं। उन्हें गुजरात जायंट्स ने 1.97 करोड़ रुपये देकर खरीदा है। ऑक्शन में गुमान पर सबसे पहले गुजरात जायंट्स और जयपुर पिंक पैंथर्स की टक्कर हुई। गुजरात शुरू से ही गुमान को खरीदने के मूड में दिख रही थी, इसलिए उसने अंत में 1.97 करोड़ रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया है। गुमान सिंह पिछले सीजन चोट के कारण कुछ मुकाबलों में यू मुम्बा के लिए खेल नहीं पाए थे, फिर भी उन्होंने 18 मैचों में 163 रेड प्वाइंट हासिल किए थे। गुमान अब तक अपने 58 मैचों के पीकेएल करियर में 400 रेड प्वाइंट प्राप्त कर चुके हैं।

2. मोहम्मदरेजा शादलू – 2.07 करोड़ (हरियाणा स्टीलर्स)

ईरान के बेहद लोकप्रिय ऑलराउंडर मोहम्मदरेज़ा शादलू को इस बार 2.07 करोड़ रुपये देकर हरियाणा स्टीलर्स ने अपने साथ जोड़ा है। शादलू पर पिछले सीजन 2.35 करोड़ रुपये की बोली लगी थी, उस हिसाब से इस बार उन्हें कम पैसे मिलने वाले हैं। शादलू ऑक्शन में उतरे सबसे पहले खिलाड़ी थे, जिन पर पटना पाइरेट्स, तेलुगू टाइटंस , यूपी योद्धा, यू मुम्बा और गुजरात जायंट्स ने भी बोली लगाई, लेकिन अंत में बाजी हरियाणा स्टीलर्स के हाथ लगी। हरियाणा ने अपने डिफेंस को मजबूती देने के लिए अपना पर्स लगभग खाली कर लिया है।

1. सचिन तंवर – 2.15 करोड़ (तमिल थलाइवाज)

सचिन तंवर इस ऑक्शन के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे हैं। उन्हें 2.15 करोड़ रुपये की बोली लगाकर तमिल थलाइवाज ने खरीदा है। सचिन पर तेलुगू टाइटंस ने पहली ही बोली 70 लाख की लगाई, लेकिन ये तो बस शुरुआत मात्र थी। सचिन इस सीजन कमाई के मामले में एक-एक कर सबको पीछे छोड़ते चले गए।

गुजरात जायंट्स और यूपी योद्धा ने सचिन को भी अपने साथ लाने का प्रयास किया, लेकिन बोली बढ़ती-बढ़ती 2 करोड़ के पार जा पहुंची और अंत में थलाइवाज ने उन्हें 2.15 करोड़ रुपये में खरीदा। सचिन ने पिछला आधा सीजन पटना पाइरेट्स की कप्तानी करते हुए सबको प्रभावित किया था, वहीं एक रेडर के तौर पर उन्होंने 171 प्वाइंट अर्जित किए थे।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Neeraj Sharma
Neeraj Sharma

Enjoy playing different kind of sports but never got a chance to thrive, Neeraj has been writing about sports since 2018. Last 7 years have been full of ups and downs but passion of sports is still in the veins and would remain forever.