PKL 11: मनिंदर सिंह पाइंट्स के लिए नहीं खेलते, बंगाल वॉरियर्स के कप्तान फजल अत्राचली ने जीत के बाद दिया बड़ा बयान

हरियाणा स्टीलर्स को हराकर PKL 11 अंक तालिका में बंगाल वॉरियर्स चौथे स्थान पर पहुंंच गई है।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) में रविवार को बंगाल वॉरियर्स ने हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ करीबी अंतर से जीत हासिल की है। 40-38 से यह मुकाबला बंगाल के पक्ष में गया और लगातार दो टाई के बाद बंगाल को जीत मिली। बंगाल इस सीजन पांच मैचों में केवल एक ही मैच हारी है तो वहीं हरियाणा को लगातार तीन जीत के बाद पहली बार मिली है। इस जीत के बाद बंगाल के कप्तान फजल अत्राचली काफी खुश दिखे और उन्होंने पूरी टीम की तारीफ करने के साथ ही मनिंदर सिंह की अतिरिक्त तारीफ की है।
पूरी टीम मिलकर खेल रही है – फजल अत्राचली
पहले चार मैचों में लय में नहीं दिखे मनिंदर सिंह ने शानदार वापसी करते हुए सीजन का पहला सुपर-10 लगाया। इससे पहले सुशील और नितिन ने रेडिंग में दमदार प्रदर्शन किए थे। फजल ने इसे टीमवर्क बताते हुए अपने सभी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है।
उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मेरे पास इतनी शानदार टीम है। एक मैच में मनिंदर हीरो है तो किसी मैच में नितिन। पूरी टीम साथ मिलकर खेल रही है। हर मैच में हमारा खेल सुधर रहा है और हर मैच के साथ हमारा कनेक्शन बेहतर हो रहा है। उम्मीद है कि अगले मैच में हम और अच्छा खेलेंगे।”
मनिंदर जैसा मेहनती खिलाड़ी नहीं देखा – फजल
पहले सीजन से ही लगातार खेल रहे मनिंदर सिंह का हर कोई फैन है। मनिंदर बिना चोटिल हुए लगातार खुद को इतना फिट रख रहे हैं कि वह हर सीजन खेल सकें। फजल ने उनके बारे में कहा कि उनके जैसा मेहनती खिलाड़ी उन्होंने नहीं देखा है।
उन्होंने कहा, “मैं बहुत बड़े खिलाड़ियों के साथ खेला हूं और हर कोई ट्रेनिंग में बेईमानी करता है, लेकिन मनिंदर अपनी ट्रेनिंग पूरी ईमानदारी से करते हैं। जिम में वो सबसे अधिक मेहनत करते हैं। बिना फिटनेस के आप इतने लंबे समय तक नहीं खेल सकते हैं। वो टीम के लिए खेलते हैं और हमेशा अपना 100 प्रतिशत देते हैं।”
छोटी-छोटी गलतियों ने हराया – मनप्रीत सिंह
हरियाणा के कोच मनप्रीत सिंह के मुताबिक उनकी टीम बहुत छोटी गलतियां करके ये मैच हारी है। हालांकि, उन्होंने इस मैच को लीग और दर्शकों के हिसाब से शानदार बताया है।
उन्होंने कहा, “रेडर्स ने थोड़ी जल्दबाजी दिखाई जिससे उन्हें बचना चाहिए था। डिफेंस में भी कुछ गलतियां हुई। हालांकि, जो मैट पर होगा गलती भी वही करेगा। ये मैच लीग और दर्शकों के लिहाज से अदभुत था क्योंकि इसमें वो खेल दिखा जिससे कबड्डी की जीत हुई है।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.