PKL 11: बेंगलुरू बुल्स vs जयपुर पिंक पैंथर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

परदीप नरवाल की टीम इस सीजन मात्र दो ही मैच जीत पाई है।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 49वां मैच मंगलवार 12 नवंबर को बेंगलुरू बुल्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरू बुल्स को अपने पिछले मैच में बंगाल वारियर्स के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। जबकि जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम को पटना पाइरेट्स के खिलाफ करीबी हार मिली थी। इसी वजह से दोनों ही टीमें इस मैच में कमबैक करना चाहेंगी।
बेंगलुरू बुल्स का परफॉर्मेंस इस सीजन बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने अभी तक 8 मैच खेले हैं और इस दौरान मात्र 2 ही मैचों में बुल्स को जीत मिली है। जबकि 6 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम अंक तालिका में 11वें पायदान पर है। जबकि जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम ने 7 में से 3 मैच जीते हैं और 3 मैच में उन्हें हार मिली है और एक मैच टाई रहा है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।
PKL 11: बेंगलुरू बुल्स का स्क्वाड
बेंगलुरू बुल्स ने तमिल थलाइवाज को जबरदस्त तरीके से हराया था लेकिन इसके बाद अगले ही मैच में बंगाल वारियर्स के खिलाफ बुरी तरह हार गए। बेंगलुरू बुल्स के साथ इस सीजन यही बड़ी दिक्कत रही है कि टीम उस निरंतरता के साथ नहीं खेल पाई है। खासकर आखिरी 10 मिनट में आकर टीम पूरी तरह से रास्ता भटक जाती है। कई सारे मैचों में टीम ने आखिरी 10 मिनट में ही काफी खराब खेल दिखाया है। उन्हें इस चीज पर काम करने की जरूरत है और परदीप नरवाल को भी फॉर्म में आना होगा।
बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
जतिन (रेडर), अक्षित (रेडर), अजिंक्य पंवार (रेडर), सुरिंदर देहाल (डिफेंडर), सौरभ नांदल (राइट कॉर्नर), अरुलनांथाबाबू (लेफ्ट कवर) और नितिन रावल (ऑलराउंडर)।
PKL 11: जयपुर पिंक पैंथर्स का स्क्वाड
दो बार की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए यह सीजन काफी मिला-जुला रहा है। टीम किसी मैच में काफी अच्छा खेल दिखाती है तो किसी मैच में उतना बेहतर नहीं कर पाती है। पटना के खिलाफ मैच में कप्तान अर्जुन देशवाल ने 20 पॉइंट्स लिए थे लेकिन इसके बावजूद टीम मैच हार गई थी। जयपुर के साथ दिक्कत यही है कि टीम अर्जुन देशवाल के ऊपर रेडिंग में काफी ज्यादा डिपेंड है। बाकी रेडर्स उस निरंतरता के साथ उन्हें सपोर्ट नहीं कर पाते हैं जिसकी जरूरत होती है।
जयपुर पिंक पैंथर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
अर्जुन देशवाल (रेडर), विकाश कंडोला (रेडर), नीरज नरवाल (रेडर), अंकुश राठी (लेफ्ट कॉर्नर), रेज़ा मीरबघेरी (लेफ्ट कवर), सुरजीत सिंह (राइट कवर) और अर्पित सरोहा (राइट कॉर्नर)।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
बेंगलुरू बुल्स की टीम चाहेगी कि सौरभ नांदल, नितिन रावल और परदीप नरवाल जैसे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करें। इसके अलावा जिस तरह से पिछले मुकाबले में अक्षित ने खेल दिखाया था, उसकी वजह से उनसे भी उम्मीदें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। जबकि जयपुर पिंक पैंथर्स की सारी निगाहें एक बार फिर कप्तान अर्जुन देशवाल पर होंगी। इसके अलावा सुरजीत सिंह और रीजा मीरबाघेरी भी कमाल का प्रदर्शन कर सकते हैं।
सफलता का मंत्र
बेंगलुरू बुल्स को अगर जीत हासिल करनी है तो उनके रेडर्स को चलना होगा। रेडर्स को ज्यादा से ज्यादा पॉइंट्स लाने होंगे और आखिरी 10 मिनट के खेल में डिफेंडर्स को अपने आप पर कंट्रोल रखना होगा। जबकि जयपुर की जीत के लिए जरूरी है कि टीम केवल अर्जुन देशवाल पर ही डिपेंड ना रहे। बाकी रेडर्स भी उनका साथ दें।
BLR vs JAI के बीच हेड टू हेड आंकड़े
जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरू बुल्स के बीच अभी तक कांटे का मुकाबला रहा है। दोनों ही टीमों ने ओवरऑल एक दूसरे के खिलाफ कुल मिलाकर 20 मैच खेले हैं, जिसमें से 9 मैच में बेंगलुरू बुल्स को जीत मिली है और 9 मैच में जयपुर पिंक पैंथर्स ने जीत हासिल की है। दोनों ही टीमों के बीच दो मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ है। इससे पता चलता है कि दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़ा बराबरी का रहा है।
मैच– 20
बेंगलुरू बुल्स ने जीता – 9
जयपुर पिंक पैंथर्स ने जीता – 9
टाई – 2
हाईएस्ट स्कोर – 45-49
न्यूनतम स्कोर – 21-24
क्या आप जानते हैं?
बेंगलुरू बुल्स के कोच रणधीर सिंह सेहरावत पहले सीजन से ही टीम के हेड कोच हैं। वो पीकेएल में एकमात्र ऐसे कोच हैं जो लगातार 10 सीजन से केवल एक ही टीम की कोचिंग कर रहे हैं।
बेंगलुरू बुल्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.