PKL 11: हरियाणा स्टीलर्स vs यूपी योद्धा मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में काफी अच्छी पोजिशन में हैं।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 117वां मैच हरियाणा स्टीलर्स और यूपी योद्धा के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला काफी धमाकेदार होने की उम्मीद है। इसकी वजह यह है कि हरियाणा स्टीलर्स को डायरेक्ट सेमीफाइनल में जाने के लिए महज एक और जीत की दरकार है। जबकि यूपी योद्धा को प्लेऑफ में अपनी स्थिति को पुख्ता करने के लिए एक जीत की दरकार है। ऐसे में बेहतरीन मैच देखने को मिल सकता है।
हरियाणा स्टीलर्स ने इस पीकेएल सीजन अभी तक 20 मैच खेले हैं जिसमें उन्हें 15 मैचों में जीत मिली है और 5 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है और अब डायरेक्ट सेमीफाइनल में जाने पर निगाहें हैं। दूसरी तरफ यूपी योद्धा ने अभी तक 19 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 10 मैचों में जीत मिली है और 6 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है और 3 मैच टीम के टाई रहे हैं। यूपी अगर एक और मैच जीत लेती है तो प्लेऑफ में उनकी जगह पक्की हो जाएगी।
आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।
PKL 11: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड
इस सीजन प्लेऑफ के लिए सबसे पहले क्वालीफाई करने वाली हरियाणा स्टीलर्स को पिछले मैच में तगड़ा झटका लगा था। उन्हें दबंग दिल्ली के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में टीम के रेडर्स बहुत ज्यादा नहीं चले थे और कहीं ना कहीं सेमीफाइनल से पहले हरियाणा स्टीलर्स के लिए यह चेतावनी भी है कि वो अभी समय रहते संभल जाएं और अपनी इस वीकनेस पर काम करें। हरियाणा के लिए यह हार टॉनिक का भी काम कर सकती है, क्योंकि नॉकआउट से पहले उन्हें अपनी कमजोरियों के बारे में पता चल गया है, जिसे वो दूर सकते हैं।
हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
नवीन (रेडर), विनय (रेडर), शिवम पटारे (रेडर), संजय (राइट कवर), जयदीप दहिया (लेफ्ट कवर), राहुल सेतपाल (राइट कॉर्नर), मोहम्मदरेजा शादलू (लेफ्ट कॉर्नर)।
PKL 11: यूपी योद्धा का स्क्वाड
यूपी योद्धा ने अपने पिछले मुकाबले में यू मुम्बा जैसी बेहतरीन टीम को हरा दिया था और इससे उनके हौसले बुलंद होंगे। सबसे अच्छी बात इस जीत की यह रही थी कि गगन गौड़ा के अलावा भवानी राजपूत ने भी पॉइंट लिए थे। वो इस मैच में टीम के लिए सबसे ज्यादा रेड पॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी थे। यूपी को इसी चीज की जरूरत है कि वो केवल गगन गौड़ा पर ही निर्भर ना रहें। डिफेंस में हितेश और सुमित लगातार बेहतर कर रहे हैं।
यूपी योद्धा की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
गगन गौड़ा (रेडर), भवानी राजपूत (रेडर), भरत हूडा (रेडर), सुमित सांगवान, (लेफ्ट कॉर्नर), हितेश (लेफ्ट कवर), आशु सिंह (राइट कवर) और महेंद्र सिंह (लेफ्ट कवर)।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
यूपी योद्धा की निगाहें चार मेन खिलाड़ियों गगन गौड़ा, भवानी राजपूत, हितेश और सुमित पर होंगी। इन खिलाड़ियों का परफॉर्मेंस अभी तक अच्छा रहा है। वहीं हरियाणा स्टीलर्स की टीम शिवम पटारे, विनय, मोहम्मदरेजा शादलू और राहुल सेतपाल जैसे खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। खासकर शादलू से हर मैच में काफी ज्यादा उम्मीद रहती है।
सफलता का मंत्र
हरियाणा को अगर जीत हासिल करनी है तो उनके रेडर्स को इस मैच में अच्छा करना होगा। यूपी का डिफेंस काफी मजबूत है और इसी वजह से रेडर्स की असली परीक्षा होगी। यही चीज यूपी योद्धा के लिए भी लागू होती है कि वो किस तरह से हरियाणा की मजबूत डिफेंस के सामने पॉइंट लेकर आ पाते हैं।
HAR vs UP के बीच हेड टू हेड आंकड़े
हरियाणा स्टीलर्स और यूपी योद्धा के बीच अभी तक जितने भी मुकाबले हुए हैं, उनमें दोनों ही टीमों के बीच काफी कांटे की टक्कर रही है। दोनों ही टीमों ने अभी तक आपस में कुल 11 मैच खेले हैं और इस दौरान यूपी ने चार और हरियाणा ने भी पांच मैच जीते हैं। जबकि दो मैच टाई पर समाप्त हुए हैं। इससे पता चलता है कि दोनों ही टीमों के बीच अभी तक लगभग बराबरी का मुकाबला रहा है। कोई भी टीम किसी से कम नहीं रही है।
मैच– 11
हरियाणा स्टीलर्स ने जीता – 5
यूपी योद्धा ने जीता – 4
टाई – 2
हाईएस्ट स्कोर – 50-57
न्यूनतम स्कोर – 27-28
क्या आप जानते हैं?
यूपी योद्धा एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने पीकेएल में अपने डेब्यू के बाद से ही हर एक सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई थी लेकिन पिछले सीजन वो चूक गए थे। जबकि हरियाणा स्टीलर्स ने 10वें सीजन के दौरान पहली बार फाइनल तक का सफ तय किया था।
हरियाणा स्टीलर्स और यूपी योद्धा के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.