PKL 11: जयपुर पिंक पैंथर्स vs बंगाल वारियर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

दो बार की चैंपियन टीम के लिए इस मैच में जीत हासिल करना बेहद जरूरी है।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 123वां मैच जयपुर पिंक पैंथर्स और बंगाल वारियर्स के बीच खेला जाएगा। बंगाल वारियर्स की टीम तो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है लेकिन जयपुर के लिए इस मैच में जीत हासिल करना बेहद ही जरूरी है। अगर उन्हें प्लेऑफ में जाना है तो फिर इस मैच को जीतना जरूरी होगा।
जयपुर पिंक पैंथर्स ने अभी तक 20 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 11 मैचों में जीत मिली है और 7 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि दो मैच टीम के टाई रहे हैं। बंगाल वारियर्स ने अभी तक 20 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें सिर्फ 5 मैचों में जीत मिली है और 12 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के 3 मैच टाई रहे हैं। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।
PKL 11: जयपुर पिंक पैंथर्स का स्क्वाड
जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम के अभी टूर्नामेंट में दो मैच बचे हैं और प्लेऑफ में जाने के लिए उन्हें इन दोनों ही मैचों को जीतना जरूरी होगा। टीम के अभी 64 अंक हैं और अगर वो दोनों ही मैच जीत लेते हैं तो फिर उनके 74 पॉइंट हो जाएंगे। अगर ऐसा हो गया तो फिर वो आसानी से प्लेऑफ में जा सकते हैं।
हालांकि, इससे पहले उन्हें बंगाल वारियर्स की चुनौती से पार पाना होगा। टीम के लिए पिछले मुकाबले में कप्तान अर्जुन देशवाल ने काफी शानदार प्रदर्शन किया था और वो अपने इसी मोमेंटम को इस मैच में भी बरकरार रखना चाहेंगे। इसके अलावा डिफेंडर्स से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
जयपुर पिंक पैंथर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
अर्जुन देशवाल (रेडर), अभिजीत मलिक (रेडर), नीरज नरवाल (रेडर), अंकुश राठी (लेफ्ट कॉर्नर), रेज़ा मीरबघेरी (लेफ्ट कवर), सुरजीत सिंह (राइट कवर) और रौनक सिंह (राइट कॉर्नर)।
PKL 11: बंगाल वारियर्स का स्क्वाड
बंगाल वारियर्स के लिए यह सीजन निराशा के साथ समाप्त हो गया है। वो प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुके हैं और इसी वजह से अब उनके लिए केवल सम्मान बचाने की लड़ाई है। टीम के पास इस बार फजल अत्राचली जैसा कप्तान था और डिफेंस में नितेश कुमार जैसा दिग्गज था लेकिन इसके बावजूद टीम ज्यादा मैच नहीं जीत पाई। मनिंदर सिंह का रेडिंग में बेहतर प्रदर्शन ना कर पाना काफी खल गया। अब टीम की कोशिश बचे हुए मैचों को जीतकर सम्मान के साथ विदाई लेने पर रहेगी।
बंगाल वारियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
मनिंदर सिंह (रेडर), प्रणय राने (रेडर), प्रवीण ठाकुर (लेफ्ट कवर), मंजीत (लेफ्ट कवर), वैभव गरजे (राइट कवर), नितेश कुमार (राइट कॉर्नर) और फजल अत्राचली (लेफ्ट कॉर्नर)।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम अर्जुन देशवाल से उसी तरह के परफॉर्मेंस की उम्मीद करेगी, जैसा वो अभी तक करते आए हैं। इसके अलावा रेज़ा मीरबघेरी और नीरज नरवाल भी कमाल कर सकते हैं। जबकि बंगाल वारियर्स की टीम मंजीत से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी, क्योंकि उन्होंने पिछले मुकाबले में काफी जबरदस्त खेल दिखाया था।
सफलता का मंत्र
जयपुर पिंक पैंथर्स की जीत के लिए जरूरी है कि टीम केवल अर्जुन देशवाल पर ही डिपेंड ना रहे। बाकी रेडर्स भी उनका साथ दें। हर एक खिलाड़ी को अपना योगदान देने की जरूरत है। वहीं बंगाल की जीत के लिए जरूरी है कि उनके रेडर्स भी पॉइंट लेकर आएं। खासकर मनिंदर सिंह को चलना बेहद जरूरी है। वो इस पूरे सीजन ऑफ कलर रहे हैं।
JAI vs BEN के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बंगाल वारियर्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच अभी तक कुल मिलाकर 19 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 10 मैच में बंगाल वारियर्स ने जीत हासिल की है और मात्र 8 ही मैचों में जयपुर को जीत मिली है। वहीं एक मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई रहा है।
मैच– 19
बंगाल वारियर्स ने जीता – 10
जयपुर पिंक पैंथर्स ने जीता – 8
टाई – 1
हाईएस्ट स्कोर – 57-41
न्यूनतम स्कोर – 18-23
क्या आप जानते हैं?
बंगाल वारियर्स के मनिंदर सिंह ने पीकेएल का पहला सीजन जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए खेला था और फाइनल मैच में टीम को जीत दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने सुपर-10 लगाया था और सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे थे।
जयपुर पिंक पैंथर्स vs बंगाल वारियर्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.