PKL 11 पॉइंट्स टेबल, सबसे ज्यादा रेड और टैकल पॉइंट्स, मैच 74 तक

पुनेरी पलटन की एकतरफा और यूपी योद्धा की रोमांचक जीत।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) में 24 नवंबर को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में पुनेरी पलटन ने बंगाल वॉरियर्स को 51-34 से बुरी तरह हराया और अंक तालिका में छठे से तीसरे स्थान पर पहुंच गए। दूसरे मैच में यूपी योद्धा ने बेहद करीबी मुकाबले में पटना पाइरेट्स को 44-42 से हराया और अंक तालिका में आठवें से सातवें स्थान पर पहुंच गए।
पहले मैच में पुनेरी पलटन की तरफ से आकाश शिंदे और मोहित गोयत ने रेडिंग में 9-9 पॉइंट लिए, वहीं कप्तान पंकज मोहिते ने 6 रेड पॉइंट हासिल किये। डिफेंस में लेफ्ट कॉर्नर मोहित ने हाई 5 लगाते हुए 5 टैकल पॉइंट लिए, वहीं राइट कॉर्नर गौरव खत्री ने 3 टैकल पॉइंट लिए। बंगाल वॉरियर्स की तरफ से नितिन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 रेड पॉइंट लिए, लेकिन बाकी खिलाड़ियों से उन्हें सहयोग नहीं मिला और टीम को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। कप्तान फ़ज़ल अत्राचली ने 3 टैकल हासिल किये।
दूसरे मैच में यूपी योद्धा के भवानी राजपूत ने अपना बढ़िया प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और सुपर 10 लगाया एवं 10 रेड पॉइंट हासिल किये, वहीं डिफेंस में राइट कवर हितेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8 टैकल पॉइंट लिए। सब्स्टीट्यूट के तौर पर आये रेडर गगन गौड़ा ने भी सुपर 10 लगाते हुए 11 रेड पॉइंट लिए।
कप्तान सुमित और आशु सिंह ने 3-3 टैकल पॉइंट लिए। पटना पाइरेट्स की तरफ से देवांक ने लाजवाब प्रदर्शन करते हुए मैच में 18 रेड पॉइंट लिए, वहीं एक और रेडर अयान ने भी सुपर 10 लगाते हुए 10 रेड पॉइंट लिए लेकिन डिफेंस के फ्लॉप होने की वजह से अंत में पटना को 2 अंक के अंतर से मैच गंवाना पड़ा।
PKL 11 पॉइंट्स टेबल:

पीकेएल 11 अंक तालिका में हरियाणा स्टीलर्स टॉप पर कायम है, वहीं आज की जीत के बाद पुनेरी पलटन 6 जीत और 42 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। आज का मैच हारने वाली पटना पाइरेट्स एक स्थान के नुकसान से छठे स्थान पर खिसक गई है, वहीं यूपी योद्धा अब 6 जीत और 38 पॉइंट के साथ सातवें स्थान पर है। बंगाल वॉरियर्स की टीम 12 मैच में सिर्फ 3 जीत और 24 पॉइंट के साथ 10वें स्थान पर कायम है।
ग्रीन बैंड की रेस में आशु मलिक से आगे निकले देवांक
रेडर्स की लिस्ट में पटना पाइरेट्स के देवांक 12 मैच में 149 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं आशु मलिक 13 मैच में 148 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर चले गए हैं। जयपुर पिंक पैंथर्स के अर्जुन देशवाल 12 मैच में 131 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर हैं, वहीं बंगाल वॉरियर्स के नितिन कुमार 12 मैच में 106 पॉइंट के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। यू मुम्बा के अजीत चव्हाण 12 मैच में 101 पॉइंट के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
1. देवांक (पटना पाइरेट्स) – 149 पॉइंट्स
2. आशु मलिक (दबंग दिल्ली) – 148 पॉइंट्स
3. अर्जुन देशवाल (जयपुर पिंक पैंथर्स) – 131 पॉइंट्स
4. नितिन कुमार (बंगाल वॉरियर्स) – 106 पॉइंट्स
5. अजीत चव्हाण (यू मुम्बा) – 101 पॉइंट्स
ऑरेंज बैंड की रेस में टॉप पर कौन?
टॉप डिफेंडर की रेस में बेंगलुरु बुल्स के नितिन रावल 13 मैच में 47 पॉइंट के साथ टॉप पर मौजूद हैं, वहीं पुनेरी पलटन के गौरव खत्री 12 मैच में 46 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। हरियाणा स्टीलर्स के मोहम्मदरजा शादलू 13 मैच में 45 पॉइंट के साथ अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
तमिल थलाइवाज के नितेश कुमार 12 मैच में 42 पॉइंट के साथ चौथे और दबंग दिल्ली के योगेश 12 मैच में 39 पॉइंट के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। यूपी योद्धा के सुमित भी 12 मैच में 39 पॉइंट और हरियाणा स्टीलर्स के राहुल सेतपाल 13 मैच में 39 पॉइंट के साथ ही संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं।
1. नितिन रावल (बेंगलुरु बुल्स) – 47 पॉइंट्स
2. गौरव खत्री (पुनेरी पलटन) – 46 पॉइंट्स
3. मोहम्मदरजा शादलू (हरियाणा स्टीलर्स) – 45 पॉइंट्स
4. नितेश कुमार (तमिल थलाइवाज) – 42 पॉइंट्स
5. योगेश दहिया (दबंग दिल्ली) – 39 पॉइंट्स
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.