Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 11: यूपी योद्धा vs बंगाल वारियर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :December 11, 2024 at 9:45 PM
Modified at :December 11, 2024 at 9:45 PM
PKL 11: यूपी योद्धा vs बंगाल वारियर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

दोनों ही टीमें शानदार लय में नजर आ रही हैं।

प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 108वां मैच यूपी योद्धा और बंगाल वारियर्स के बीच खेला जाएगा। यूपी योद्धा का प्रदर्शन पिछले कुछ मैचों से काफी अच्छा रहा है। उन्होंने पिछले चार में से तीन मैच जीते हैं और एक मैच टाई किया है। वहीं बंगाल वारियर्स भी अपना पिछला मुकाबला जीतकर आ रही है।

यूपी योद्धा की टीम ने इस सीजन अभी तक कुल मिलाकर 17 मैच खेले हैं। उन्होंने इस दौरान 9 मैचों में जीत हासिल की है और 6 मैचों में उन्हें हार मिली है। जबकि दो मैच टीम के टाई रहे हैं। वहीं बंगाल वारियर्स ने भी 17 में से 5 मैच जीत लिए हैं और 10 मैचों में उन्हें हार मिली है। वहीं दो मुकाबले टीम के टाई रहे हैं। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।

PKL 11: यूपी योद्धा का स्क्वाड

यूपी योद्धा ने अपने पिछले मुकाबले में पुनेरी पलटन के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की थी। गगन गौड़ा टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर सामने आए हैं। पिछले मुकाबले में उन्होंने 15 पॉइंट्स हासिल किए थे। भवानी राजपूत ने भी उन्हें अच्छा सपोर्ट दिया था। इसके अलावा डिफेंस ने भी जबरदस्त काम किया था। जब यूपी योद्धा का डिफेंस बेहतर खेल दिखाता है तो फिर ये टीम अलग ही नजर आती है।

हालांकि, भरत का ना चलना जरुर इस सीजन टीम के लिए चिंता का विषय रहा है। इसी वजह से टीम गगन गौड़ा और भवानी राजपूत पर ज्यादा डिपेंड है। टीम आसानी से प्लेऑफ में जाती हुई दिख रही है।

यूपी योद्धा की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

गगन गौड़ा (रेडर), भवानी राजपूत (रेडर), भरत हूडा (रेडर), सुमित सांगवान, (लेफ्ट कॉर्नर), हितेश (लेफ्ट कवर), आशु सिंह (राइट कवर) और महेंद्र सिंह (लेफ्ट कवर)।

PKL 11: बंगाल वारियर्स का स्क्वाड

बंगाल वारियर्स के लिए पिछले मैच में उनके दिग्गज रेडर मनिंदर सिंह नहीं खेले थे लेकिन इसके बावजूद टीम ने काफी बड़ी जीत हासिल की थी। सबसे खास बात इस मुकाबले में उनके दोनों ही मेन डिफेंडर्स फजल अत्राचली और नितेश कुमार ने 7-7 पॉइंट लिए थे। टूर्नामेंट के इस अहम मोड़ पर इन दोनों प्लेयर्स का पॉइंट लाना टीम के लिए अच्छा संकेत है। बंगाल वारियर्स ने अभी भी किसी तरह खुद को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा है और उन्हें अब लगातार मुकाबले जीतने होंगे।

बंगाल वारियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

एस विश्वास (रेडर), प्रणय राने (रेडर), मंजीत (लेफ्ट कवर), मयूर कदम (राइट कवर), सिद्धेश टटकरे (लेफ्ट कवर), नितेश कुमार (राइट कॉर्नर) और फजल अत्राचली (लेफ्ट कॉर्नर)।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

यूपी योद्धा की निगाहें चार मेन खिलाड़ियों गगन गौड़ा, भवानी राजपूत, हितेश और सुमित पर होंगी। इन खिलाड़ियों का परफॉर्मेंस अभी तक अच्छा रहा है। वहीं बंगाल वारियर्स की टीम एस विश्वास, प्रणय राने, नितेश कुमार और फजल अत्राचली से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

सफलता का मंत्र

यूपी योद्धा की जीत के लिए जरुरी है कि उनके डिफेंडर्स प्रणय राने और एस विश्वास को कंट्रोल करें। अगर इन्हें रोक लिया गया तो फिर टीम का काम आसान हो जाएगा। जबकि बंगाल वारियर्स के डिफेंस को गगन गौड़ा से चौंकन्ना रहना होगा जो इस वक्त काफी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं।

UP vs BEN के बीच हेड टू हेड आंकड़े

बंगाल वारियर्स और यूपी योद्धा के बीच पीकेएल के आंकड़ों पर अगर आप नजर डालेंगे तो एकदम से चौंक जाएंगे। क्योंकि इन दोनों ही टीमों के बीच टाई मैच काफी ज्यादा हुए हैं। बंगाल और यूपी ने आपस में कुल मिलाकर अभी तक 15 मैच खेले हैं, जिसमें से बंगाल वारियर्स ने 6 और यूपी योद्धा ने 4 मैच जीते हैं और 5 मैच दोनों टीमों के बीच टाई पर समाप्त हुए हैं। टाई हुए मैचों की संख्या देखकर पता चलता है कि मुकाबला कितना कांटे का रहा है और कोई भी टीम किसी से कम नहीं रही है।

मैच– 15

यूपी योद्धा ने जीता – 4

बंगाल वारियर्स ने जीता – 6

टाई – 5

हाईएस्ट स्कोर – 41-48

न्यूनतम स्कोर – 17-25

क्या आप जानते हैं?

बंगाल वारियर्स के कप्तान मनिंदर सिंह पीकेएल के पहले सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम का हिस्सा थे और उनके साथ खेलते हुए टाइटल भी जीता था। जबकि बंगाल वारियर्स के दिग्गज डिफेंडर नितेश कुमार के नाम एक पीकेएल सीजन में सबसे ज्यादा 100 टैकल प्वॉइंट हासिल करने का रिकॉर्ड है। उनका यह रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ सका है। दिलचस्प बात यह है कि नितेश कुमार ने यह रिकॉर्ड यूपी योद्धा की तरफ से खेलते हुए ही बनाया था।

यूपी योद्धा और बंगाल वारियर्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.