PKL 11: यूपी योद्धा vs गुजरात जायंट्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

दोनों ही टीमों को अभी तक इस सीजन एक-एक हार मिल चुकी है।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 20वां मुकाबला यूपी योद्धा और गुजरात जायंट्स के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें अपना पिछला मुकाबला हारकर आ रही हैं। यूपी योद्धा को बंगाल वारियर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि गुजरात जायंट्स को यू मुम्बा के खिलाफ शिकस्त मिली थी। ऐसे में दोनों ही टीमों की कोशिश रहेगी कि इस मैच में जरूर जीत हासिल की जाए। एक बात तो तय है कि किसी एक टीम को लगातार दूसरी शिकस्त जरूर मिलेगी।
यूपी योद्धा ने अभी तक कुल मिलाकर तीन मैच खेले हैं। इनमें से उन्हें दो मैचों में जीत मिली है और एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम अंक तालिका में इस वक्त दूसरे पायदान पर है। जबकि गुजरात जायंट्स ने दो मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें एक मैच में जीत मिली है और एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। गुजरात की टीम अंक तालिका में सातवें पायदान पर है। इस मुकाबले से पहले आइए जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 11: यूपी योद्धा का स्क्वाड
यूपी योद्धा ने बंगाल वारियर्स के खिलाफ मैच में अच्छा खेल दिखाया था लेकिन इसके बावजूद टीम को तीन प्वॉइंट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। टीम के लिए दिक्कत यह थी कि सुरेंदर गिल इस मुकाबले में फ्लॉप रहे थे। वो सिर्फ एक ही रेड प्वॉइंट ले पाए थे, जबकि दूसरी तरफ भरत ने अकेले 13 प्वॉइंट हासिल किए थे। डिफेंस में भी सुमित के अलावा बाकी खिलाड़ी उतना बेहतर योगदान नहीं दे पाए थे। ऐसे में इस मुकाबले में टीम को काफी बेहतर खेलना होगा।
यूपी योद्धा की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सुरेंदर गिल (कप्तान और रेडर), भवानी राजपूत (रेडर), भरत हूडा (रेडर), सुमित सांगवान, (लेफ्ट कॉर्नर), आशु सिंह (राइट कवर), महेंदर सिंह (लेफ्ट कवर) और साहुल कुमार (राइट कॉर्नर)।
PKL 11: गुजरात जायंट्स का स्क्वाड
गुजरात जायंट्स ने बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ अपना पहला मैच जीता था लेकिन इसके बाद यू मुम्बा के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। रेडिंग इस सीजन गुजरात के लिए बड़ी समस्या है। गुमान सिंह को ऑक्शन के दौरान जितने महंगे दाम में खरीदा गया था, वो उस तरह का प्रदर्शन अभी तक नहीं कर पाए हैं। प्रतीक दहिया और एच एस राकेश भी कोई कमाल नहीं कर सके हैं। ऐसे में कोच राम मेहर सिंह के लिए रेडिंग थोड़ा चिंता का विषय है। डिफेंस टीम का बढ़िया खेल रहा है।
गुजरात जायंट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
प्रतीक दहिया (रेडर), राकेश एचएस (रेडर), गुमान सिंह (रेडर), जितेंदर यादव (लेफ्ट कॉर्नर), वाहिद रीजामेहर (लेफ्ट कवर), नीरज कुमार (कप्तान और राइट कवर) और सोमबीर (राइट कॉर्नर)।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
गुजरात जायंट्स की टीम प्रतीक दहिया और गुमान सिंह से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। गुमान सिंह टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं और इसी वजह से उनसे उम्मीद रहेगी कि वो इस मैच में बेहतर खेल दिखाएं। प्रतीक दहिया को भी पिछले सीजन जैसा खेल दिखाना होगा। जबकि यूपी योद्धा की निगाहें भरत, सुरेंदर गिल और सुमित सांगवान पर होंगी। टीम की जीत में ये तीनों खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सफलता का मंत्र
यूपी योद्धा को अगर जीत हासिल करनी है तो सुरेंदर गिल और भरत को मिलकर रेडिंग में प्वॉइंट लेने होंगे। ऐसा नहीं हो सकता है कि एक रेडर सुपर-10 लगा दे और दूसरा रेडर 2-3 प्वॉइंट से ज्यादा ना ले पाए। ऐसे में यूपी को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। गुजरात की जीत के लिए जरूरी है कि उनके रेडर्स बेहतर खेल दिखाएं। गुमान सिंह को आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेनी होगी।
UP vs GUJ के बीच हेड टू हेड आंकड़े
गुजरात जायंट्स और यूपी योद्धा के बीच अभी तक जितने भी मुकाबले हुए हैं, उनमें पूरी तरह से गुजरात की टीम हावी रही है। दोनों ही टीमों ने अभी तक आपस में कुल मिलाकर 11 मैच खेले हैं, जिसमें से 7 मैच में गुजरात जायंट्स ने जीत हासिल की है और सिर्फ 2 ही मैच में यूपी योद्धा को जीत मिली है। वहीं दो मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई पर समाप्त हुआ है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि गुजरात की टीम कितनी ज्यादा आगे रही है और वो चाहेंगे कि उनका ये रिकॉर्ड आगे भी बरकरार रहे।
मैच– 11
यूपी योद्धा ने जीता – 2
गुजरात जायंट्स ने जीता – 7
टाई – 2
हाईएस्ट स्कोर – 45-51
न्यूनतम स्कोर – 19-26
क्या आप जानते हैं?
यूपी योद्धा एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने पीकेएल में अपने डेब्यू के बाद से ही हर एक सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई थी लेकिन पिछले सीजन वो चूक गए थे।
यूपी योद्धा और गुजरात जायंट्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.