PKL 11: यूपी योद्धा vs पटना पाइरेट्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

पटना पाइरेट्स लगातार दूसरी जीत हासिल करना चाहेगी।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 29वां मुकाबला शनिवार 2 नवंबर को यूपी योद्धा और पटना पाइरेट्स के बीच खेला जाएगा। यूपी योद्धा को अपने पिछले मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ महज दो प्वॉइंट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। जबकि पटना पाइरेट्स की टीम अपना पिछला मैच जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ जीतकर आ रही है।
यूपी योद्धा ने इस सीजन अभी तक 5 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 3 मुकाबले में जीत मिली है और 2 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम अंक तालिका में इस वक्त तीसरे पायदान पर है। पटना पाइरेट्स की शुरुआत तो खराब हुई थी लेकिन अब वो धीरे-धीरे लय में आ रहे हैं। टीम ने अभी तक 4 में से 2 मैच जीते हैं और 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में पटना की टीम 9वें पायदान पर है।
आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।
PKL 11: यूपी योद्धा का स्क्वाड
यूपी योद्धा की टीम अपने पिछले मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स से हार गई थी। इसकी बड़ी वजह यह थी कि टीम के रेडर्स बिल्कुल नहीं चले थे। भरत मात्र 5 ही प्वॉइंट ले सके थे और कप्तान सुरेंदर गिल भी सिर्फ एक ही प्वॉइंट हासिल कर पाए थे। भवानी राजपूत ने तीन प्वॉइंट लिए थे। ऐसे में यूपी योद्धा को अगर जीत के साथ वापसी करनी है तो फिर उनके रेडर्स को प्वॉइंट्स लाने होंगे। अकेले भरत के ऊपर डिपेंड नहीं रहा जा सकता है कि वो नहीं चलेंगे तो कोई भी प्वॉइंट नहीं ला पाएगा।
यूपी योद्धा की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सुरेंदर गिल (कप्तान और रेडर), भवानी राजपूत (रेडर), भरत हूडा (रेडर), सुमित सांगवान, (लेफ्ट कॉर्नर), आशु सिंह (राइट कवर), महेंदर सिंह (लेफ्ट कवर) और साहुल कुमार (राइट कॉर्नर)।
PKL 11: पटना पाइरेट्स का स्क्वाड
पटना पाइरेट्स के हौसले इस वक्त बुलंद होंगे, क्योंकि टीम ने अपने पिछले मैच में दबंग दिल्ली जैसी टीम को बुरी तरह से हरा दिया था। इस मैच में हर एक डिपार्टमेंट में दबंग दिल्ली ने पटना को मात दी। देवांक और अयान दोनों युवा रेडर्स ने 12-12 प्वॉइंट लिए और डिफेंस ने भी अपना काम बखूबी किया। देवांक और अयान जबसे रेडिंग में प्वॉइंट लाने लगे हैं, तबसे पटना की टीम एकदम अलग नजर आने लगी है। दोनों ही रेडर्स ने टीम के लिए कमाल किया है।
पटना पाइरेट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
देवांक (रेडर), अयान (रेडर), संदीप (रेडर), दीपक सिंह (राइट कवर), शुभम शिंदे (कप्तान और राइट कॉर्नर), गुरदीप (ऑलराउंडर) और अंकित जागलान (लेफ्ट कॉर्नर)।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
यूपी योद्धा की निगाहें भरत, सुरेंदर गिल और सुमित सांगवान पर होंगी। टीम की जीत में ये तीनों खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा अब भवानी राजपूत से भी उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। पटना पाइरेट्स की टीम देवांक से काफी ज्यादा उम्मीद करेगी। इस सीजन वो टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर के रूप में सामने आए हैं। वो इस सीजन सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट के मामले में टॉप-5 में हैं। इसके अलावा अयान भी काफी बेहतर खेल दिखाने लगे हैं।
सफलता का मंत्र
पटना को अगर जीत हासिल करनी है तो फिर उनके रेडर्स को लगातार प्वॉइंट स्कोर करने होंगे। इसके अलावा यूपी योद्धा के भरत को रोकना होगा। अगर उन्हें ज्यादा प्वॉइंट नहीं दिए गए तो यूपी की टीम दबाव में आ जाएगी। जबकि यूपी योद्धा के लिए जरूरी है कि रेडिंग में सुरेंदर गिल भी प्वॉइंट लेकर आएं और केवल भरत पर ही डिपेंड ना रहा जाए।
UP vs PAT के बीच हेड टू हेड आंकड़े
यूपी योद्धा ने अभी तक एक बार भी पीकेएल का टाइटल नहीं जीता है और पटना पाइरेट्स ने तीन बार ट्रॉफी जीती है। हेड टू हेड मुकाबलों में भी पटना पाइरेट्स का पलड़ा यूपी योद्धा के खिलाफ भारी रहा है। दोनों ही टीमों ने अभी तक कुल मिलाकर 15 मैच आपस में खेले हैं, इनमें से सिर्फ 5 मैच में यूपी योद्धा को जीत मिली है और 9 मुकाबले पटना पाइरेट्स की टीम ने जीते हैं। वहीं एक मैच दोनों टीमों के बीच टाई रहा है। पिछले सीजन भी पटना ने दोनों मैचों में यूपी को हराया था।
मैच– 15
यूपी योद्धा ने जीता – 5
पटना पाइरेट्स ने जीता – 9
टाई – 1
हाईएस्ट स्कोर – 47–48
न्यूनतम स्कोर – 20-27
क्या आप जानते हैं?
पटना पाइरेट्स की टीम पीकेएल में सबसे ज्यादा चार बार फाइनल में पहुंची है और इनमें से तीन बार उन्होंने जीत भी हासिल की है। सिर्फ एक फाइनल मैच में उन्हें दबंग दिल्ली से हार का सामना करना पड़ा था।
यूपी योद्धा और पटना पाइरेट्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.