PKL 13: गुजरात जायंट्स ने किया अपने नए हेड कोच का ऐलान, रणधीर सिंह सहरावत को सौंपी टीम की कमान

PKL 13 में रणधीर सिंह सहरावत एक नई टीम के साथ वापसी करेंगे।
प्रो कबड्डी लीग के 13वें सीजन (PKL 13) के लिए गुजरात जायंट्स ने रणधीर सिंह सहरावत को अपना नया हेड कोच नियुक्त कर दिया है। रणधीर सिंह पहले सीजन से इस लीग से जुड़े हैं और बतौर कोच उनके नाम एक पीकेएल का खिताब भी है।
‘कबड्डी के चाणक्य’ के नाम से मशहूर रणधीर सिंह सहरावत प्रो कबड्डी लीग के इतिहास के सबसे अनुभवी कोचों में से एक हैं। उनके कोच रहते बेंगलुरू बुल्स की टीम सीजन 6 की चैंपियन बनी थी, साथ ही 6 बार प्लेऑफ में भी जगह बनाई थी। अर्जुन अवॉर्ड विजेता रणधीर सिंह ने प्रो कबड्डी लीग में कई युवाओं को सुपरस्टार का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वह भारत की रेलवे कबड्डी टीम के कोच भी रह चुके हैं। उनके कोच रहते पुरुष और महिला टीमों ने कई सारे राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किए हैं। वह भारत की राष्ट्रीय कबड्डी टीम के लिए भी खेल चुके हैं और कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत की राष्ट्रीय कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व भी किया है।
वह 1988 की एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में खेले और उससे अगले साल साउथ एशियन गेम्स में भाग लिया। यही नहीं वह 1990 के एशियाई खेलों में भारतीय कबड्डी टीम के उपकप्तान भी रहे और उस साल टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था।
गुजरात जायंट्स के कोच नियुक्त होने पर रणधीर सिंह सहरावत ने कहा, “मुझे प्रो कबड्डी लीग में वपसी पर बहुत खुशी है और इस अवसर के लिए अदानी स्पोर्ट्सलाइन का धन्यवाद करता हूं। गुजरात जायंट्स के पास युवा प्रतिभा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेजोड़ मिश्रण है। मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं और टाइटल जीतना हमारा लक्ष्य होगा।”
दिग्गज कोच सहरावत प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन का हिस्सा नहीं थे। सीजन शुरू होने से पहले बेंगलुरू बुल्स ने सबको चौंकाते हुए उन्हें रिलीज कर दिया था। वह लगभग 11 साल तक बुल्स टीम से जुड़े रहे और एक बार उन्हें चैंपियन भी बनाया। 12वां सीजन मिस करने के बाद सहरावत प्रो कबड्डी लीग में एक नई टीम के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैंं।
वह आखिरी बार PKL 11 में बेंगलुरू बुल्स की कोचिंग करते दिखे थे। उस सीजन बेंगलुरू टीम का प्रदर्शन बहुत खराब रहा, क्योंकि टीम कुल 22 मैचों में से केवल 2 में जीत दर्ज कर सकी और पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही थी। बता दें वह गुजरात जायंट्स में बतौर कोच जयवीर शर्मा की जगह लेंगे।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.