PKL 9: टॉप-5 टीमें जो पवन सेहरावत को ऑक्शन में टार्गेट कर सकती हैं

(Courtesy : PKL)
ये टीमें 'हाई फ्लायर' के लिए ऑक्शन में बोली लगा सकती हैं।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन के ऑक्शन के लिए सभी टीमें पूरी तरह से तैयार हैं। इस बार ऑक्शन में पीकेएल इतिहास के सबसे सफल रेडर्स में से एक पवन सेहरावत भी होंगे। ऐसे में सबकी निगाहें इस बार उनके भी ऊपर होंगी कि कौन-कौन सी ऐसी टीमें हैं जो उनके लिए नीलामी के दौरान बोली लगा सकती है। पवन सेहरावत ने पिछले सीजन सबसे ज्यादा प्वॉइंट हासिल किए थे ऐसे में उनके लिए इस बार काफी महंगी बोली लगने वाली है। हम आपको बताते हैं कि वो पांच टीमें कौन-कौन सी हैं जो पवन सेहरावत को ऑक्शन में टार्गेट कर सकती हैं।
तेलुगु टाइटंस
तेलुगु टाइटंस एक ऐसी टीम है जो पिछले कई सीजन काफी खराब प्रदर्शन कर रही है। रेडिंग डिपार्टमेंट उनकी सबसे कमजोर कड़ी में से एक रही है। पिछले सीजन सिद्धार्थ देसाई उनकी टीम में थे लेकिन उनकी इंजरी के बाद टीम पूरी तरह से बिखर गई थी और वापसी नहीं कर पाई थी। तेलुगु टाइटंस पिछले सीजन आखिरी पायदान पर रही थी और उन्हें किसी एक ऐसे रेडर की जरूरत है जो अकेले दम पर टीम को मैच जिता सके। पवन सेहरावत के लिए टीम ऑक्शन में बि़ड कर सकती है, क्योंकि वो कप्तानी करने की भी काबिलियत रखते हैं।
तमिल थलाइवाज
तमिल थलाइवाज भी उन टीमों में है जिनके लिए बीते कुछ सीजन अच्छे नहीं रहे हैं। पिछले सीजन उनके लिए सुरजीत सिंह, मंजीत दहिया और सागर जैसे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था लेकिन टीम प्लेऑफ में नहीं जा पाई थी। टीम ने अपने सबसे सफल रेडर मंजीत दहिया को रिलीज कर दिया है और ऐसे में उन्हें एक बड़े रेडर की जरूरत है और वो पवन सेहरावत को ऑक्शन के दौरान टार्गेट कर सकते हैं।
यूपी योद्धा
यूपी योद्धा ने पीकेएल के सबसे बड़े सुपरस्टार परदीप नरवाल को रिलीज कर दिया है। परदीप नरवाल यूपी योद्धा के लिए कुल मिलाकर 24 मैचों में 188 प्वॉइंट ही हासिल कर पाए थे और यही वजह है कि टीम ने उन्हें ऑक्शन से पहले रिटेन नहीं किया है। परदीप को रिलीज करने के बाद यूपी योद्धा का पर्स काफी खाली हो गया है और उनके रेडिंग डिपार्टमेंट में एक बड़ी जगह भी खाली है और इसी वजह से पवन सेहरावत को वो ऑक्शन के दौरान टार्गेट कर सकते हैं। उनके पास सुरेंदर गिल मौजूद हैं और वो पवन सेहरावत को भी टार्गेट करना चाहेंगे।
यू-मुम्बा
यू-मुम्बा की टीम में भी रेडिंग डिपार्टमेंट में कोई बड़ा रेडर मौजूद नहीं है। पिछले सीजन अभिषेक सिंह और वी अजीत कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था लेकिन इन दोनों ही प्लेयर्स को रिलीज कर दिया गया है। वहीं यू-मुम्बा ने अपने कप्तान फजल अत्राचली को भी रिलीज कर दिया है। ऐसे में उनकी टीम में एक बड़ी जगह खाली हो गई है। पवन सेहरावत उनकी टीम के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। वो टीम के लिए मेन रेडर की भूमिका निभाने के अलावा टीम को लीड भी कर सकते हैं। इसीलिए यू-मुम्बा भी पवन सेहरावत को ऑक्शन में टार्गेट कर सकती है।
जयपुर पिंक पैंथर्स
जयपुर पिंक पैंथर्स ने पहले सीजन का खिताब जीता था और उसके बाद से अब तक उन्हें अपने दूसरे टाइटल का इंतजार है। कुछ ना कुछ कमियां हर सीजन उनके अंदर रही हैं। टीम ने पीकेएल-9 के ऑक्शन से पहले दीपक हूडा जैसे ऑलराउंडर को रिलीज कर दिया है और अब उनके पास अर्जुन देशवाल के रूप में मात्र एक ही रेडर बचा है जिनका परफॉर्मेंस बीते सीजन शानदार रहा था। ऐसे में जयपुर की टीम को एक बड़े रेडर की जरूरत है जो अर्जुन देशवाल का पूरा साथ दे सके और पवन सेहरावत के लिए वो बिडिंग में जा सकते हैं। उनकी टीम ज्यादातर युवा है और इसी वजह से उन्हें एक अनुभवी प्लेयर की भी जरूरत है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram and join our community on Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.