5 बल्लेबाज जो आईपीएल 2026 में विराट कोहली के 973 रनों का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं

IPL 2026 में कुछ बल्लेबाज ऐसे हैं जो विराट कोहली द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा 973 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। इस सीजन हर बार की तरह कई रिकॉर्ड बनते और टूटते नजर आएंगे। लेकिन सबसे बड़ी चीज यह देखने लायक रहेगी कि क्या विराट कोहली द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड टूट पाएगा या नहीं!
दरअसल, आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आज भी विराट के नाम कायम है। उन्होंने साल 2016 में 973 रन बनाकर एक ऐसा बेंचमार्क सेट किया, जिसे अब तक कोई छू भी नहीं पाया है। उस सीजन में उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए और लगभग हर मैच में टीम के लिए रन बनाए।
लेकिन अब टी20 क्रिकेट का खेल बदल चुका है। बलेबाजों का स्ट्राइक रेट बढ़ गया है, ओपनर्स ज्यादा आक्रामक हो गए हैं और बल्लेबाज अब बड़ी हिट लगाने से नहीं डरते हैं। ऐसे में IPL 2026 वह सीजन हो सकता है, जहां यह रिकॉर्ड टूटे। तो आइए यहां हम आपको उन 5 बल्लेबाजों के बारे में बताते हैं, जो विराट कोहली के 973 रनों वाला रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
ये 5 बल्लेबाज विराट कोहली के 973 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं-
5. अभिषेक शर्मा (SRH)

अभिषेक शर्मा का नाम इस लिस्ट में इसलिए आता है, क्योंकि उनका खेल पूरी तरह आक्रामक है। उन्होंने आईपीएल में 77 मैचों में 1816 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 163.02 का है, जो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा है।
उन्होंने 2024 में 204.22 की स्ट्राइक रेट से 484 रन और 2025 में 193.39 की स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए, जो दिखाता है कि वह कुछ ही ओवरों में मैच का रूख बदल सकते हैं। अगर वह आईपीएल 2026 में लगातार 70 से 100 रनों की पारियां खेलते हैं, तो उनके लिए 973 रनों का जादुई आंकड़ा पार करना मुश्किल नहीं होगा।
4. यशस्वी जायसवाल (RR)

यशस्वी जायसवाल ने बहुत कम समय में खुद को आईपीएल के सबसे भरोसेमंद ओपनर्स में शामिल कर लिया है। उन्होंने 67 मैचों में 2166 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 152.86 का है। उन्होंने 2023 में 625 रन बनाकर दिखाया था कि वह एक बड़ा सीजन खेल सकते हैं।
इस सीजन यशस्वी जायसवाल के साथ वैभव सूर्यवंशी जैसे आक्रामक खिलाड़ी ओपनिंग करेंगे, ऐसे में उनके पास संभलकर खेलना और समय-समय पर बाउंड्री लगाने का रोल अदा करना पड़ेगा। यदि वह आईपीएल 2026 में अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े शतकों में बदलते हैं, तो वह भी विराट कोहली के 973 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
3. शुभमन गिल (GT)

शुभमन गिल इस लिस्ट में ऐसे बल्लेबाज हैं, जो गुजरात टाइटंस के लिए पिछले सभी सीजन में सबसे ज्यादा कसिस्टेंट रहे हैं। वह इससे पहले विराट कोहली के रिकॉर्ड के थोड़े करीब भी पहुंच चुके हैं। 2023 में 890 रन बनाकर उन्होंने दिखा दिया था कि वह 973 रन के रिकॉर्ड को तोड़ने की भी क्षमता रखते हैं।
गिल ने आईपीएल में 118 मैचों में 3866 रन बनाए हैं और उनका औसत 39.45 का है। उन्होंने पिछले सीजन (2025 में) भी 650 रन बनाए थे। यदि आईपीएल 2026 में वह उसी लय में खेलते हैं और 3-4 बड़े शतक एवं 6-7 बड़े अर्धशतक जोड़ते हैं, तो कोहली का रिकॉर्ड टूट सकता है।
2. केएल राहुल (DC)

अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल की सबसे बड़ी ताकत उनकी निरंतरता है। उन्होंने आईपीएल में 150 मैचों में 5242 रन बनाए हैं और उनका औसत भी 45.58 का है। हालांकि, टॉप ऑर्डर में खेलने के बावजूद उनका स्ट्राइक रेट चिंता का विषय रहा है, लेकिन उनकी कंसिस्टेंसी पर कोई सवाल नहीं है।
केएल राहुल ने 2020 में 670 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी और अब तक 6 सीजन में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। 2025 में मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए 539 रन बनाकर उन्होंने फिर साबित किया कि वह लगातार रन बना सकते हैं। आईपीएल 2026 में अगर वह थोड़ा और आक्रामक खेलते हैं, तो यह रिकॉर्ड तोड़ना उनके लिए भी संभव हो सकता है।
1. संजू सैमसन (CSK)

संजू सैमसन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और यही वजह है कि वह इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने आईपीएल में 177 मैचों में 4704 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 139.05 का है। वह इस सीजन पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने जा रहे हैं, जहां उनके लिए खुद को स्टार बनाने का बड़ा मौका होगा।
सैमसन ने 2024 में 531 रन बनाए थे और लगातार टीम के लिए बड़ी पारियां खेली थीं। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे, जहां उन्होंने आखिरी तीन मैचों में क्रमशः 97*(50), 89 (42) और 89 (46) रनों की पारियां खेली थीं।
अगर वह आईपीएल 2026 में अगर इसी फॉर्म को जारी रखते हैं और पूरे सीजन में लगातार रन बनाते हैं, तो वह 16-17 मैचों में 1000 रन के भी पार जा सकते हैं और विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.