IPL 2026 के प्लेऑफ और फाइनल के शेड्यूल का ऐलान; जानिए कहां खेले जाएंगे नॉकआउट मुकाबले

IPL 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का शेड्यूल जारी कर दिया है, साथ ही फाइनल मैच का वेन्यू भी सामने आ गया है। बता दें, फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं प्लेऑफ के मुकाबले धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में होंगे।
आमतौर पर फाइनल मैच गत चैंपियन टीम के होमग्राउंड पर खेला जाता है। नियमों के मुताबिक आईपीएल 2026 का फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के घरेलू मैदान यानी की एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन लॉजिसटिक्स संबंधी कारणों का हवाला देकर बीसीसीआई ने फाइनल अहमदाबाद में करवाना उचित समझा है।
आईपीएल 2026 का लीग स्टेज 24 मई को समाप्त हो रहा है, जिसके दो दिन बाद प्लेऑफ के मुकाबले शुरू हो जाएंगे। प्लेऑफ स्टेज की शुरुआत 26 मई से होगी और फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। पहला क्वालीफायर मैच 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
एलिमिनेटर मैच की मेजबानी न्यू चंडीगढ़ स्थित न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम करेगा, जो 27 मई को होगा। वहीं दूसरा क्वालीफायर भी इसी मैदान पर खेला जाना है, जिसका आयोजन 29 मई को होना है। 31 मई को ट्रॉफी जीतने के लिए दोनों फाइनलिस्ट टीम भिड़ेंगी, यह भिड़ंत नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी।
बेंगलुरू को क्यों नहीं मिली फाइनल की मेजबानी?
बीसीसीआई ने स्टेटमेंट जारी कर बताया कि कुछ ऑपरेशनल और लॉजिसटिक्स संबंधी कारणों से इस बार प्लेऑफ के मैचों को विशेष मामला मानकर तीन अलग-अलग वेन्यू पर बांटा गया है। फाइनल बेंगलुरू में होना था, लेकिन स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ जरूरतें थीं, जो बीसीसीआई के प्रोटोकॉल से बाहर आती हैं और उन्हें पूरा किया जाना संभव नहीं था। इस कारण फाइनल मैच का वेन्यू बदला गया है।
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और फाइनल का पूरा शेड्यूल-
- 26 मई – पहला क्वालीफायर – धर्मशाला
- 27 मई – एलिमिनेटर – न्यू चंडीगढ़
- 29 मई – दूसरा क्वालीफायर – न्यू चंडीगढ़
- 31 मई – फाइनल – अहमदाबाद
बीसीसीआई ने तीन अलग-अलग चरणों में आईपीएल 2026 का शेड्यूल घोषित किया। सबसे पहले 12 अप्रैल तक शेड्यूल सामने आया, जिसमें केवल 20 मैचों को रखा गया था।
जब पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु समेत सभी 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीख सामने आ गईं, उसके बाद पूरे लीग स्टेज के शेड्यूल का ऐलान किया गया। अब लीग स्टेज के समाप्त होने से करीब 2 सप्ताह पहले प्लेऑफ का शेड्यूल जारी किया गया है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.