IPL 2026 के प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल; जानिए कब, कहां खेले जाएंगे नॉकआउट मुकाबले

IPL 2026 के प्लेऑफ मुकाबले 26 मई से शुरू होंगे।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) अब अपने आखिरी स्टेज में पहुंच चुका है। 24 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मुकाबले के साथ लीग स्टेज खत्म होने के बाद प्लेऑफ के लिए चार टीमें तय हो गई हैं। इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने अंतिम चार में जगह बनाई है।
28 मार्च से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब सभी की नजरें 26 मई से शुरू होने वाले प्लेऑफ स्टेज पर टिकी हैं। इस बार प्लेऑफ मुकाबले धर्मशाला, मुल्लांपुर और अहमदाबाद में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रही RCB
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया और 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर रहते हुए लीग स्टेज खत्म किया। यह टीम शुरुआत से ही बेहतरीन लय में नजर आई और लगातार मैच जीतकर सबसे पहले प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीम भी रही।
गुजरात टाइटंस ने भी सीजन के दूसरे हाफ में जोरदार वापसी की। उनकी बॉलिंग यूनिट ने टीम को कई अहम मैचों में जीत दिलाई। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज से कई बड़े मुकाबले अपने नाम किए।
अंत में, राजस्थान रॉयल्स ने भी लीग स्टेज में अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ का टिकट हासिल किया। इसी के साथ पंजाब किंग्स की उम्मीदें भी समाप्त हो गईं, जिसके खाते में 15 अंक थे।
क्वालीफायर 1 में भिड़ेंगी RCB और GT
आईपीएल 2026 का पहला प्लेऑफ मुकाबला 26 मई को खेला जाएगा, जहां क्वालीफायर 1 मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम सीधे अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई कर जाएगी, जबकि हारने वाली टीम को फाइनल तक पहुंचने के लिए क्वालीफायर 2 के रूप में एक और मैच खेलने का मौका मिलेगा।
एलिमिनेटर में होगी SRH और RR की टक्कर
इस सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला 27 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। ये दोनों टीमें लीग स्टेज समाप्त होने तक पॉइंट्स टेबल में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं।
बता दें कि, एलिमिनेटर मैच में हारने वाली टीम का सफर वहीं समाप्त हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम क्वालीफायर 2 में पहुंचेगी। फिर क्वालीफायर 2 में जीत हासिल करने वाली टीम फाइनल में क्वालीफायर 1 के विजेता से भिड़ेगी, जहां आईपीएल के 19वें सीजन की चैंपियन टीम का फैसला होगा।
IPL 2026 के प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल
क्वालीफायर 1 (26 मई 2026): रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस, धर्मशाला, शाम 7:30 बजे से
एलिमिनेटर (27 मई 2026): सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स, मुल्लांपुर, शाम 7:30 बजे से
क्वालीफायर 2 (29 मई 2026): क्वालीफायर 1 हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर जीतने वाली टीम, मुल्लांपुर, शाम 7:30 बजे
फाइनल (31 मई 2026): क्वालीफायर 1 की विजेता टीम बनाम क्वालीफायर 2 की विजेता टीम, अहमदाबाद, शाम 7:30 बजे से
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.