टी20 वर्ल्ड कप 2026 पॉइंट्स टेबल, सबसे ज्यादा रन और विकेट, मैच 15 के बाद, ENG vs WI

दक्षिण अफ्रीका डबल सुपर ओवर जीतकर भी टॉप पर नहीं पहुंची है।
बुधवार, 11 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में तीन मैच खेले गए। इनमें दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान का मैच रोंगटे खड़े कर देने वाला रहा, जिसका परिणाम 2 सुपर ओवर के बाद निकला। अंत में दक्षिण अफ्रीका विजयी रही, वहीं वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया ने भी अपना-अपना मैच जीता। दिन के अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रनों से हराया।
दिन के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान का आमना-सामना हुआ, जिसमें दोनों टीम अपनी-अपनी पारी में 187 रन बना सकीं। पहला सुपर ओवर हुआ तो दोनों टीमों का स्कोर इस बार भी बराबर रहा। दोनों ने 17-17 रन बनाए। दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 23 रन बनाए, जवाब में अफगान टीम लक्ष्य से 4 रन दूर रह गई। रहमनुल्लाह गुरबाज ने दूसरे सुपर ओवर में लगातार 3 छक्के लगाए थे।
ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड पर 67 रनों की आसान जीत दर्ज की। बल्लेबाजी से ज्यादा ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी में कहर बरपाया, क्योंकि नाथन एलिस और एडम जैम्पा ने चार-चार विकेट लेकर आयरलैंड के बैटिंग लाइन-अप की कमर तोड़ कर रख दी। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए बुरी खबर आई कि चोट के कारण कप्तान मिचेल मार्श पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्टीव स्मिथ स्टैंड-बाय प्लेयर के रूप में टीम का हिस्सा बनेंगे।
वहीं वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए 196 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। शेरफान रदरफोर्ड 42 गेंद में 76 रन बनाकर नाबाद लौटे। जेसन होल्डर ने भी तबाही मचाते हुए 33 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 166 के स्कोर पर सिमट गई।
इन मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 की पॉइंट्स टेबल में काफी उठा-पटक देखने को मिली है। यहां देख लीजिए अब कौन सी टीम किस ग्रुप में किस स्थान पर है?
15 मैचों के बाद ग्रुप A और ग्रुप B की अंक तालिका

ग्रुप A
ग्रुप A में अपने दोनों मैच जीत चुकी पाकिस्तान 4 अंकों के साथ टॉप पर विराजमान है। वहीं भारतीय टीम 2 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। नीदरलैंड्स के अभी 2 अंक हैं और वे तीसरे स्थान पर हैं। नामीबिया और यूएसए अभी तक एक भी अंक नहीं बटोर पाए हैं और क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
ग्रुप B
ऑस्ट्रेलिया अपने पहले मैच में आयरलैंड को 67 रनों से हराकर ग्रुप B में टॉप पर आ गई है। जिम्बाब्वे और श्रीलंका के भी दो-दो अंक हैं, लेकिन वो नेट रन-रेट के मामले में ऑस्ट्रेलिया से पीछे होने के चलते दूसरे और तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। आयरलैंड और ओमान क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर हैं; उनके अभी एक भी अंक नहीं हैं।
15 मैचों के बाद ग्रुप C और ग्रुप D की अंक तालिका

ग्रुप C
इंग्लैंड को 30 रन से हराकर वेस्टइंडीज ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। वो 4 अंकों के साथ ग्रुप C में पहले स्थान पर है। स्कॉटलैंड अभी दूसरे और तीसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के भी 2 अंक हैं, लेकिन उनका नेट रन-रेट नेगेटिव में चला गया है। नेपाल और इटली ने अभी तक एक-एक मैच खेला है, जिनमें उन्हें हार मिली है।
ग्रुप D
डबल सुपर ओवर वाले मैच में अफगानिस्तान को हराने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ग्रुप D में दूसरे स्थान पर है। अपने दोनों मैच जीत चुकी न्यूजीलैंड अभी पहले स्थान पर है। इस ग्रुप में अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा अभी तक जीत का खाता नहीं खोल पाए हैं।
15 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप पांच बल्लेबाज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट हैं, वह अब तक 154 रन बना चुके हैं। वहीं साहिबजादा फरहान दूसरे स्थान पर हैं, जो अब तक 120 रन बना चुके हैं। अफगानिस्तान के रहमनुल्लाह गुरबाज की टॉप 5 में एंट्री हुई है। वह अब तक 111 रन बना चुके हैं। जॉर्ज मुनसे और बास डी लीडे क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।
- टिम साइफर्ट (NZ) – 154 रन
- साहिबजादा फरहान (PAK) – 120 रन
- रहमनुल्लाह गुरबाज (AFG) – 111 रन
- जॉर्ज मुनसे (SCO) – 103 रन
- बास डी लीडे (NED) – 102 रन
15 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप पांच गेंदबाद
यूएसए के शेडली शाल्कविक अभी तक 8 विकेट लेकर इस सूची में सबसे ऊपर हैं। दक्षिण अफ्रीका के लुंगी एनगिडी दूसरे स्थान पर आ गए हैं, जिनके नाम अभी 7 विकेट हैं। 6 विकेट लेने वाले रोमारियो शेफर्ड तीसरे स्थान पर हैं। अगले 2 स्थानों पर माइकल लीस्क और अजमतुल्लाह उमरजई का नाम है, जो अब तक क्रमशः 5 और 4 विकेट चटका चुके हैं।
- शेडली वैन शाल्कविक (USA) – 8 विकेट
- लुंगी एनगिडी (SA) – 7 विकेट
- रोमारियो शेफर्ड (WI) – 6 विकेट
- माइकल लीस्क (SCO) – 5 विकेट
- अजमतुल्लाह उमरजई (AFG) – 4 विकेट
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.