टी20 वर्ल्ड कप 2026 पॉइंट्स टेबल, सबसे ज्यादा रन और विकेट, मैच 18 के बाद, IND vs NAM

भारत फिर से टेबल टॉपर बना।
गुरुवार, 12 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में कुल तीन मैच खेले गए। ये तीनों ही मैच एकतरफा साबित हुए, जिनमें भारत, इटली और श्रीलंका को जीत मिली। आज भारत ने अपने मैच में नामीबिया पर 93 रनों से जीत दर्ज की। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के लिहाज से टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत है।
दिन का सबसे पहला मैच श्रीलंका और ओमान के बीच खेला गया, जिसमें श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में किसी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इसके जवाब में ओमान की टीम 120 रन ही बना सकी और 105 रनों के बड़े अंतर से मैच हार गई।
दूसरे मैच में इटली के आगे नेपाल की टीम चारों खाने चित्त हो गई। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 123 रन बनाए। इटली के लिए जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने मिलकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ये दोनों खिलाड़ी सगे भाई हैं और दोनों ने मिलकर इटली को 10 विकेट से जीत दिलाई।
तीसरे मैच में भारतीय टीम ने 209 रनों का स्कोर खड़ा किया था। ईशान किशन ने 61 रन और हार्दिक पांड्या ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से हुई घातक गेंदबाजी के आगे नामीबिया की पूरी टीम 116 रनों पर सिमट गई। नतीजन भारत को 93 रनों की रिकॉर्ड जीत नसीब हुई।
इन मैचों के बाद देखिए कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की पॉइंट्स टेबल में क्या बदलाव हुए हैं और किस ग्रुप में कौन सी टीम कहां पर मौजूद है।
18 मैचों के बाद ग्रुप A और ग्रुप B की अंक तालिका

ग्रुप A
नामीबिया को 93 रनों से हराकर भारत एक बार फिर ग्रुप A के टॉप पर आ गया है। भारत और पाकिस्तान, दोनों के अभी चार-चार अंक हैं, लेकिन नेट रन-रेट के मामले में भारत अपने चिर प्रतिद्वंदी से बहुत आगे है। 2 अंकों के साथ नीदरलैंड्स तीसरे स्थान पर है। वहीं यूएसए और नामीबिया के अंकों का अभी तक खाता नहीं खुला है।
ग्रुप B
ओमान को 105 रनों से हराने के बाद श्रीलंका ने 2 अंकों के साथ-साथ नेट रन-रेट के मामले में भी लंबी छलांग मारी है। श्रीलंका अभी ग्रुप B के टॉप पर है, वहीं ऑस्ट्रेलिया 2 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। जिम्बाब्वे के भी 2 ही अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन-रेट ऑस्ट्रेलिया से कमजोर है। आयरलैंड और ओमान अभी तक अपने सारे मैच हारे हैं।
18 मैचों के बाद ग्रुप C और ग्रुप D की अंक तालिका

ग्रुप C
ग्रुप C में अभी वेस्टइंडीज का दबदबा है, जिसके 4 अंक हैं। स्कॉटलैंड 2 अंकों के साथ अभी दूसरे स्थान पर है। वहीं नेपाल को 10 विकेट से रौंदने वाली इटली अब टेबल में तीसरे स्थान पर आ गई है, वो इंग्लैंड से भी ऊपर मौजूद है। इंग्लैंड कमजोर नेट रन-रेट के कारण चौथे स्थान पर है। नेपाल इस ग्रुप में अंतिम स्थान पर है।
ग्रुप D
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका ने अभी तक अपने दोनों मैच जीते हैं। दोनों के चार-चार अंक हैं, लेकिन नेट रन-रेट बेहतर होने के कारण न्यूजीलैंड पहले और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा अभी तक अंकों के मामले में खाता नहीं खोल सके हैं।
18 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप पांच बल्लेबाज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में कल की तुलना में ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं। 154 रन बना चुके टिम साइफर्ट पहले और साहिबजादा फरहान दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। श्रीलंका के कुसल मेंडिस अब तीसरे स्थान पर आ गए हैं, जिन्होंने ओमान के खिलाफ 61 रन बनाए।
- टिम साइफर्ट (NZ) – 154 रन
- साहिबजादा फरहान (PAK) – 120 रन
- कुसल मेंडिस (SL) – 117 रन
- रहमनुल्लाह गुरबाज (AFG) – 111 रन
- जॉर्ज मुनसे (SCO) – 103 रन
18 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप पांच गेंदबाज
कल की तुलना में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की टॉप पांच सूची में ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं। यूएसए के शेडली वैन शाल्कविक 8 विकेट लेकर पहले स्थान पर हैं। लुंगी एनगिडी और रोमारियो शेफर्ड दूसरे और तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। ओमान के खिलाफ 2 विकेट लेकर महीश तीक्षणा ने टॉप-5 में एंट्री मारी है।
- शेडली वैन शाल्कविक (USA) – 8 विकेट
- लुंगी एनगिडी (SA) – 7 विकेट
- रोमारियो शेफर्ड (WI) – 6 विकेट
- महीश तीक्षणा (SL) – 5 विकेट
- माइकल लीस्क (SCO) – 5 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.