टी20 वर्ल्ड कप 2026 पॉइंट्स टेबल, सबसे ज्यादा रन और विकेट, सुपर 8 मैच 45 के बाद, ENG vs PAK

इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचा, भारत-पाकिस्तान की मुश्किल बढ़ी।
मंगलवार, 24 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में सुपर 8 का सिर्फ एक मैच खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में जाने वाली पहली टीम बन गई है। कप्तान हैरी ब्रूक ने 100 रन की ऐतिहासिक शतकीय पारी खेल सुनिश्चित किया कि इंग्लैंड अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की करे।
सुपर 8 के इस मैच में पाकिस्तान टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन बना पाई थी। इन-फॉर्म बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने एक बार फिर अर्धशतक लगाया, लेकिन कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। एक बार के लिए इंग्लैंड भी मुश्किल में थी, लेकिन हैरी ब्रूक ने 100 रन की पारी खेल अकेले ही मैच का रुख इंग्लैंड की ओर मोड़ दिया।
इस हार से पाकिस्तान की सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदों को झटका लगा है। अब अंतिम-4 में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान को ना सिर्फ अगला मैच जीतना होगा बल्कि अन्य मैचों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा।
यहां आइए जान लेते हैं कि पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड मैच के बाद पॉइंट्स टेबल कितनी बदली है। वहीं सबसे ज्यादा रन और विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे ऊपर कौन चल रहा है।
45 मैचों के बाद सुपर 8 में ग्रुप 1 और 2 की अंक तालिका

ग्रुप 1
ग्रुप 1 में वेस्टइंडीज सबसे ऊपर है, जिसके 2 अंक हैं और उसका नेट रन-रेट आसमान को छू रहा है। वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका के भी 2 अंक हैं और वह भी NRR के मामले में बहुत मजबूत स्थिति में है। इस ग्रुप में अब तक भारत और जिम्बाब्वे को कोई जीत नहीं मिली है।
ग्रुप 2
दूसरे ग्रुप से इंग्लैंड सुपर-8 में अब तक अपने दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर गई है। रिक्त 2 स्थानों के लिए न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका में टक्कर है। न्यूजीलैंड का एक अंक हैं और उसके अभी 2 मैच शेष हैं, जबकि पाकिस्तान के 2 मैच खेलने के बाद केवल एक अंक है। श्रीलंका अब तक अपनी जीत का खाता नहीं खोल पाई है।
45 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप पांच बल्लेबाज
सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान बहुत आगे निकल गए हैं। उनके अभी 283 रन हैं, वहीं 219 रन बना चुके शिमरोन हेटमायर दूसरे पायदान पर हैं। श्रीलंका के पथुम निसांका तीसरे नंबर पर हैं, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले हैरी ब्रूक इस लिस्ट में चौथे नंबर पर आ गए हैं। निसांका के हमवतन खिलाड़ी कुसल मेंडिस पांचवें स्थान पर हैं।
- साहिबजादा फरहान (PAK) – 283 रन
- शिमरन हेटमायर (WI) – 219 रन
- पथुम निसांका (SL) – 208 रन
- हैरी ब्रूक (ENG) – 202 रन
- कुसल मेंडिस (SL) – 186 रन
45 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप पांच गेंदबाज
13 विकेट लेने वाले यूएसए के शेडली वैन शाल्कविक अब भी टॉप पर विराजमान हैं, वहीं जिम्बाब्वे के खूंखार गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी 11 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन तीसरे और पाकिस्तान के उस्मान तारिक ने टॉप-5 में एंट्री लेते हुए चौथे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। 10 विकेट ले चुके भारत के वरुण चक्रवर्ती पांचवें नंबर पर हैं।
- शेडली वैन शाल्कविक (USA) – 13 विकेट
- ब्लेसिंग मुजरबानी (ZIM) – 11 विकेट
- मार्को जानसन (SA) – 11 विकेट
- उस्मान तारिक (PAK) – 10 विकेट
- वरुण चक्रवर्ती (IND) – 10 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.